भारत की एक दवा कंपनी द्वारा बनाए गए सर्दी-खांसी के सिरप पीने से पश्चिमी अफ्रीकी देश गांबिया में 66 बच्चों की मौत की खबर है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने यह दावा करने के साथ ही इन सिरप का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी जारी की है। इधर, दिल्ली में केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। इस बीच ऑल इंडिया आर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट ने कहा है कि संबंधित कंपनी के सिरप सिर्फ निर्यात होते है, देश में इनकी आपूर्ति नहीं की जाती।
कंपनी अपने उत्पाद सिर्फ निर्यात करती है
हरियाणा की दवा कंपनी मेडन फार्मा में बने इन खांसी सिरप को लेकर ऑल इंडिया आर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट ने कहा है कि यह कंपनी अपने उत्पाद सिर्फ निर्यात करती है। फिर भी इस बारे में ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) कोई दिशा निर्देश देगा तो उसका पालन किया जाएगा।