फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ड्रग्स तस्करी की दुनिया का 'गॉडफादर' है ख्वाकीन अल चैपो गूसमैन

विज्ञापन
El Chapo - फोटो : File Photo
विज्ञापन
न्यूयॉर्क में मेक्सिको के ड्रग तस्कर ख्वाकीन अल चैपो गूसमैन पर मुकदमा बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो रहा है। अति सुरक्षित जेल से एक सुरंग के जरिए फरार होने के पांच महीने बाद जनवरी 2016 में गजमैन को फिर से गिरफ्तार किया गया था।
विज्ञापन


अभियोजकों का कहना है कि अमेरिका में ड्रग्स की सर्वाधिक सप्लाई करने वाले सिनालोआ ड्रग कार्टेल के पीछे गूसमैन का ही दिमाग है। माना जा रहा है कि उनके एक करीबी पूर्व सहयोगी के अलावा कई और लोग उनके खिलाफ अदालत में गवाही देंगे।

कौन हैं अल चैपो?

ख्वाकीन गूसमैन का जन्म 1957 में एक किसान परिवार में हुआ था। वो अफीम और गांजे की खेतों पर काम करते थे और यहीं से उन्होंने ड्रग तस्करी के गुर सीखे। इसके बाद वो 'द गॉडफादर' के नाम से चर्चित और शक्तिशाली ग्वाडालाजारा कार्टेल के प्रमुख मिगेल एंजेल फेलिक्स गैलार्डो के चेले बने और तस्करी की बारीकियां सीखीं।
विज्ञापन


5 फुट 6 इंट लंबे गूसमैन को शॉर्टी भी कहा जाता है। वो 1980 के दशक में उत्तर-पश्चिमी मेक्सिको में प्रभावशाली सिनालोआ कार्टेल के शीर्ष तक पहुंच गए।

ये अमेरिका को ड्रग तस्करी करने वाला सबसे बड़ा समूह बन गया और साल 2009 में फोर्ब्स पत्रिका ने दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 701वें नंबर पर गजमैन को शामिल किया। उस समय उनकी कुल संपत्तियां करीब एक अरब डॉलर की थीं।

साल 1993 में एक प्रतिद्वंदी गैंग ने उन पर हमला किया था, लेकिन वो इसमें बाल-बाल बच गए थे। हालांकि इसी साल उन्हें एक व्यापक अभियान के बाद ग्वाटेमाला से गिरफ्तार किया गया था।

इस दौरान वो अति सुरक्षा वाली जेलों में रहे। साल 2001 में एक सुरक्षागार्ड की मदद से वो जेल से फरार हो गए। गूसमैन को दोबारा पकड़ने के लिए कई देशों में अभियान चलते रहे, लेकिन वो साल 2014 तक फरार रहे। फरवरी 2014 में उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया गया।

वो एक बार फिर जेल से फरार हुए, लेकिन जनवरी 2016 में दोबारा गिरफ्तार कर लिए गए और उन्हें अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया। उन्हें अल रैपिडो, शॉर्टी, एल सेनोर, एल येफे, नाना, आपा, पापा और इंगे के उपनामों से भी जाना जाता है।

सिनालोआ कार्टेल क्या है?

सिनालोआ मेक्सिको का एक उत्तर-पश्चिमी प्रांत है और इसी पर सिनालोआ कार्टेल का नाम पड़ा है। गूसमैन के आदेश पर इस कार्टेल ने कई प्रतिद्वंदी ड्रग तस्करी समूहों का सफाया किया और अमेरिका को ड्रग भेजने वाला सबसे बड़ा नेटवर्क बन गया।

अमरीकी कांग्रेस में जुलाई 2018 में पेश की गई एक रिपोर्ट के मुताबिक ये कार्टेल सालाना तीन अरब डॉलर तक कमाई करता है। अमेरिका में चल रहे मुकदमे के मुताबिक ये इस समय दुनिया में ड्रग तस्करी करने वाला सबसे बड़ा समूह है।

रिपोर्ट के मुताबिक इस गैंग का प्रभाव कम से कम पचास देशों में है। हालांकि हाल के वर्षों में इस कार्टेल को कई प्रतिद्वंदी गैंगों से चुनौती भी मिली है और सवाल उठा है कि क्या अब कार्टेल का प्रभाव कम हो रहा है।

गूसमैन पर क्या आरोप हैं?

अल चैपो गूसमैन पर कुल 17 अपराध दर्ज हैं। उन पर सैकड़ों टन कोकीन अमेरिका में तस्करी करने का आरोप भी है। मुकदमे के मुताबिक गूसमैन और उनके सहयोगियों ने 84 बार अमेरिका में ड्रग्स के बड़े शिपमेंट भेजे। 18 मार्च 2007 को 19,000 किलो कोकीन भेजने का आरोप भी उन पर है।

उन पर हेरोइन, मेथाफेटेमीन, गांजा और अन्य ड्रग्स बनाने और बेचने का भी आरोप है। मुकदमें में कहा गया है कि उन्होंने भाड़े के हत्यारों से सैकड़ों कत्ल, अपहरण और अपने विरोधियों पर हमले करवाए हैं।

अमरीकी अधिकारी ड्रग कारोबार से कमाए 14 अरब डॉलर भी गूसमैन से जब्त करना चाहते हैं हालांकि इन इरादों की कामयाबी पर सवाल हैं। 08 जनवरी 2016 को जब एक व्यापक अभियान के बाद गूसमैन को पकड़ लिया गया तो मेक्सिको के तत्कालीन राष्ट्रपति एनरीके नीटो ने ट्वीट किया, "अभियान पूरा हुआ।"

उत्तर-पश्चिमी मेक्सिको के तटीय शहर लॉस मोचीस के अमीर इलाके से उन्हें गिरफ्तार किया गया था। वो कुछ दिन पहले ही यहां पहुंचे थे। इससे पहले वो देश के अलग अलग हिस्सों में रहे थे।

मेक्सिको के विशेष सैन्यबलों के हमले में गूसमैन के पांच सुरक्षा गार्ड मारे गए थे। लेकिन गूसमैन जब कार से फरार हो रहे थे तब रास्ते में उन्हें दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के कुछ दिन बाद पता चला कि हॉलीवुड अभिनेता सीन पेन ने गिरफ्तारी से पहले जंगल में उनका साक्षात्कार किया था।

ये साक्षात्कार रोलिंग स्टोन में छपा और इसे लेकर काफी आलोचना भी हुई। रिपोर्टों के मुताबिक मेक्सिको का पुलिस बल, सीन पेन का पीछा करते हुए ही गूसमैन तक पहुंचा। हालांकि इन रिपोर्टों की कभी पुष्टि नहीं हो सकी।

वो फरार कैसे हुए?

गूसमैन के मुकदमे की सुनवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। इसकी एक वजह ये भी है कि गूसमैन दो बार अति-सुरक्षित जेल से फरार हो चुके हैं। साल 2001 में वो पुएंटे ग्रांडे जेल से कपड़े ले जाने वाली ट्रॉली में छुपकर निकल गए थे। जेल के गार्डों को रिश्वत देकर वो ऐसा कर पाए थे।

तेरह साल बाद उन्हें साल 2014 में फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद 2015 में वो एक अति सुरक्षित जेल में उनके कमरे से बनाई गई डेढ़ किलोमीटर लंबी सुरंग के जरिए फरार हुए। इस सुरंग में हवा आने के लिए वेंटिलेशन था, लाइटें लगी थीं और इसके दूसरे सिरे को एक निर्माण स्थल में छुपाया गया था।

बाद में मेक्सिको के टीवी चैनलों पर प्रसारित रिपोर्टों में दिखाया गया था कि गूसमैन के कमरे से आनेवाली तेज आवाजों को गार्डों ने अनसुना कर दिया था।

अब मुकदमे में क्या होगा?

अमरीकी अभियोजकों ने दशकों से इकट्ठा किए जा रहे सबूतों को जुटाया है। अपने पक्ष को मजबूत करने के लिए उन्होंने मेक्सिको और कोलंबिया के अधिकारियों की मदद भी ली है।

अभियोजक अमेरिका और मेक्सिको के पुलिस अधिकारियों के अलावा बैलिस्टिक विशेषज्ञों और चश्मदीदों की मदद भी लेंगे। माना जा रहा है कि उनके कई पूर्व सहयोगी उनके खिलाफ गवाही दे सकते हैं। इनमें एक बेहद करीबी सहयोगी भी शामिल है।

अभियोजकों के साथ किए समझौते में जीसस विनसेंट जामबाडा ने स्वीकार किया है कि वो कार्टेल के शीर्ष सदस्य थे और उन्होंने हजारों किलो कोकीन और हेरोइन की अमेरिका में तस्करी की। ये ड्रग्स तेज रफ्तार से चलने वाली नावों, पनडुब्बियों और निजी विमानों के जरिए अमेरिका लाए गए।

उसने स्वीकार किया है कि कार्टेल के पास सैन्य क्षमताओं वाले हथियार हैं और अपने व्यापार को बढ़ाने के लिए वो हिंसा का सहारा लेते हैं। गूसमैन की ओर से भी कई बड़े वकीलों की टीम अदालत में पक्ष रखेगी। इनमें से एक हैं जैफरी लिश्टमैन जिन्होंने साल 2005 में माफिया डॉन जॉन गॉट जूनियर को जेल जाने से बचा लिया था।

जैफरी लिश्टमैन ने बीबीसी से कहा है कि वो अदालत को बताएंगे कि गूसमैन कार्टेल के मुखिया नहीं हैं। हालांकि उन्होंने ये भी माना कि इस मामले में सबूत इतने ज्यादा हैं कि बचाव पक्ष को अपने तर्क तैयार करने में मुश्किलें होंगी।

सरकार का कहना है कि उसके पास हजारों पन्नों के दस्तावेज हैं, रिकॉर्ड किए गए ऑडियो संवाद हैं जिनमें गूसमैन ड्रग तस्करी से जुड़ी बातें कर रहे हैं।

अदालत में पुलिस कार्रवाइयों के दौरान जब्त किए गए हथियार और ड्रग भी पेश किए जाएंगे। सरकारी अभियोजकों का ये भी कहना है कि उनके पास कोलंबिया के ड्रग माफिया से प्राप्त दस्तावेज हैं जिनमें ड्रग्स के लेनदेन की जानकारी भी है।
विज्ञापन

अदालत में सुरक्षा के कैसे इंतेजाम किए गए हैं?

गूसमैन को मैनहैटन मेट्रोपॉलिटन करेक्शन सेंटर में अकेले रखा गया है। ये न्यूयॉर्क की सबसे सुरक्षित जेल है। लेकिन उनका मुकदमा ब्रुकलिन में चल रहा है। जितनी बार भी उन्हें जेल से अदालत ले जाया गया, ब्रुकलिन ब्रिज को बंद करना पड़ा।

पुलिस की कारों, बख्तरबंद गाड़ियों, एंबुलेंस और आपात वाहनों के काफिले में गूसमैन को जमीन के नीचे बने गराज के रास्ते से अदालत पहुंचाया जाता है। हालांकि अमरीकी अधिकारियों ने विशेष योजना बनाई है ताकि ब्रुकलिन ब्रिज को बंद करना न पड़े। उन्हें ब्रुकलिन के ही किसी गुप्त स्थान पर रखा जा रहा है।

अदालत की सुरक्षा के भी बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। खोजी कुत्तों को संदिग्ध विस्फोटकों की तलाश में लगाया गया है। वकीलों और चश्मदीदों को भी सुरक्षा दी जा रही है।

अदालत में गवाही देने वाले चश्मदीदों के नाम जारी नहीं किए गए हैं और उन्हें कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। यही नहीं, ज्यूरी के सदस्यों के नाम और पते भी गुप्त रखे गए हैं। वो कहां रहते हैं और क्या करते हैं, ये जानकारी भी मीडिया, गूसमैन के वकीलों को नहीं दी गई है।

हथियारबंद सैनिकों की सुरक्षा में ज्यूरी सदस्यों को अदालत लाया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें