अमेरिका के साथ वार्ता में वहीदी की क्या भूमिका?
वॉशिंगटन स्थित इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर का कहना है कि वहीदी और उनके करीबी लोगों ने न सिर्फ युद्ध से जुड़ी सैन्य रणनीति बल्कि अमेरिका के साथ वार्ता की नीति पर भी नियंत्रण मजबूत कर लिया है। ईरान अब भी अमेरिका की उस मांग को मानने से इनकार कर रहा है, जिसमें उससे उच्च स्तर के समृद्ध यूरेनियम भंडार को छोड़ने के लिए कहा गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, वहीदी की सोच बेहद टकराव वाली मानी जाती है। न्यूयॉर्क स्थित थिंक टैंक द सूफान ग्रुप के वरिष्ठ फेलो केनेथ कैट्जमैन ने कहा कि वहीदी अंतहीन प्रतिरोध की विचारधारा से आते हैं और उनका मानना है कि अमेरिका को हर मोर्चे पर चुनौती दी जानी चाहिए। जनवरी में वहीदी ने दावा किया था कि ईरान की सैन्य ताकत अब इतनी मजबूत हो चुकी है कि किसी भी दुश्मन के सैन्य हमले के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
अप्रैल में पाकिस्तान की मध्यस्थता में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरानी प्रतिनिधिमंडल के बीच बातचीत हुई थी। ईरान की ओर से संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची शामिल हुए थे, लेकिन यह वार्ता किसी समझौते के बिना खत्म हो गई। इसके बाद ईरान के कट्टरपंथी गुटों ने आरोप लगाया कि बातचीत में बहुत ज्यादा रियायतें दी जा रही हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इसके बाद वहीदी अमेरिका के साथ बातचीत में सबसे अहम संपर्क सूत्र बनकर उभरे। वहीं ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन को लेकर माना जा रहा है कि रिवोल्यूशनरी गार्ड के बढ़ते प्रभाव के कारण उनकी भूमिका सीमित हो गई है।
कौन है वहीदी?
1958 में ईरान के शिराज शहर में जन्मे अहमद वहीदी का असली नाम अहमद शाहचेराघी था। 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद वह रिवोल्यूशनरी गार्ड में शामिल हुए और ईरान-इराक युद्ध में हिस्सा लिया। बाद में उन्होंने गार्ड की खुफिया इकाई में काम किया और विदेशों में सैन्य अभियानों की जिम्मेदारी संभाली।
वहीदी ने बाद में कुद्स फोर्स की कमान भी संभाली, जिसने पश्चिम एशिया में ईरान समर्थित कई उग्रवादी संगठनों और सहयोगी सरकारों का नेटवर्क तैयार किया। 2010 में अमेरिका ने उन पर ईरान के परमाणु कार्यक्रम और कथित रूप से सामूहिक विनाश के हथियार विकसित करने में भूमिका के आरोप में प्रतिबंध लगाए थे।
हाल के वर्षों में वहीदी 2022 में महसा अमीनी की मौत के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों पर हिंसक कार्रवाई को लेकर भी चर्चा में रहे। उस समय गृह मंत्री रहते हुए उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई की निगरानी की थी। बाद में एक ईरानी अखबार में प्रकाशित दस्तावेज में दावा किया गया कि उनके मंत्रालय ने बिना हिजाब वाली महिलाओं की निगरानी और तस्वीरें लेने के निर्देश दिए थे। हालांकि वहीदी ने इन आरोपों से इनकार किया था।