अमेरिका में शटडाउन के 23 दिन बीत चुके हैं। संकट को लेकर देश की सरकार क्या सोच रही है? आने वाले दिनों में एच1-बी वीजा को लेकर विदेश मंत्रालय की नीति क्या होगी? राष्ट्रपति ट्रंप एशिया दौरे पर क्या कुछ करने वाले हैं? रूस की तेल कंपनियों पर प्रतिबंध लगाने के पीछे अमेरिकी सरकार की क्या रणनीति है? इन तमाम सवालों पर व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कैलिफोर्निया में भारतीय मूल के चालक पर लगे तीन लोगों की हत्या के आरोप मामले में हो रही कार्रवाई को लेकर भी जानकारी दी।
अमेरिका में दूसरा सबसे लंबा शटडाउन, कैसे निपटेगी ट्रंप सरकार?
देश में शटडाउन से उपजे संकट से जुड़े एक सवाल के जवाब में लेविट ने कहा, अमेरिका में डेमोक्रेट सरकार के शटडाउन का आज 23वां दिन है, जिससे लाखों अमेरिकी नागरिक गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। व्हाइट हाउस के अनुसार, सीनेट में डेमोक्रेट्स ने बीते कुछ दिनों में 12 बार सरकार के विरोध में मतदान कर गतिरोध खत्म करने से इनकार कर दिया। परिणामस्वरूप 5 लाख से अधिक संघीय कर्मचारी वेतन के बिना काम कर रहे हैं, और हजारों छोटे व्यवसायों के ऋण स्वीकृत नहीं हो पा रहे हैं, जिससे करीब 4 अरब डॉलर की पूंजी अटकी हुई है। हवाई अड्डों पर स्थिति बिगड़ रही है — 13,000 एयर ट्रैफिक कंट्रोलर बिना वेतन के ड्यूटी करने को मजबूर हैं। कुछ लोगों को गुजारा करने के लिए ऊबर टैक्सी चलाने जैसे विकल्पों समेत दूसरी नौकरियां तलाशने का रास्ता चुनना पड़ा है। विमान संचालक पायलटों ने इसे 'खतरनाक राजनीतिक खेल' बताते हुए सरकार से इसे जल्द समाप्त करने की अपील की है।
डेमोक्रेट्स खेमे पर गंभीर आरोप, 4 करोड़ से अधिक अमेरिकियों के सामने भोजन का संकट
लेविट ने कहा, थैंक्सगिविंग डे से पहले शटडाउन के कारण उड़ानों में देरी, टिकटों का रद्द होना और लोगों की योजनाओं में अड़चन पैदा होने जैसी आशंकाएं भी सामने आ रही हैं। निम्न-आय वाले परिवारों को भोजन सहायता प्रदान करने वाले SNAP कार्यक्रम का फंड भी कई राज्यों में खत्म होने लगा है। यदि शटडाउन जारी रहा, तो 1 नवंबर तक 4 करोड़ से अधिक अमेरिकियों को भोजन सहायता नहीं मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि इस 'अनावश्यक पीड़ा' के लिए पूरी तरह डेमोक्रेट्स खेमा जिम्मेदार है। ट्रंप नीत सरकार का आरोप है कि अवैध डेमोक्रेट्स अवैध प्रवासियों को सरकारी स्वास्थ्य लाभ दिलाने की नीयत से शटडाउन खत्म न होने देने की जिद पर अड़े हैं। अमेरिका में थैंक्सगिविंग डे की शुरुआत 1621 में हुई थी। इस राष्ट्रीय अवकाश के मौके पर परिवार और दोस्त आपस में मिलकर खुशी का इजहार कर आभार प्रकट करते हैं। इस दिन लोग ईश्वर के प्रति कृतज्ञता भी व्यक्त करते हैं। आमतौर पर ये दिन हर साल नवंबर के चौथे गुरुवार को मनाया जाता है। ये पूरे वर्ष का सबसे व्यस्त यात्रा काल होता है।
मलयेशिया समेत अन्य एशियाई देशों की यात्रा पर ट्रंप की योजना
राष्ट्रपति ट्रंप की आगामी एशिया यात्रा से जुड़े सवाल पर सचिव लेविट ने बताया कि ट्रंप 24 अक्तूबर की रात 11 बजे (अमेरिकी समयानुसार) मलयेशिया के लिए उड़ान भरेंगे। स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह ट्रंप का विमान लैंड करेगा इसके बाद वे दोपहर में मलयेशिया के प्रधानमंत्री के साथ एक द्विपक्षीय बैठक में भी भाग लेंगे। इसी दिन शाम में आसियान देशों के नेताओं के साथ रात्रिभोज में शामिल होंगे। इसके बाद सोमवार सुबह (मलयेशियाई समय) राष्ट्रपति ट्रंप जापान की राजधानी टोक्यो के लिए उड़ान भरेंगे। मंगलवार सुबह (जापानी समय) राष्ट्रपति ट्रंप जापान के नए प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
ट्रंप का जापान और दक्षिण कोरिया का दौरा, चीन के राष्ट्रपति से भी मिलेंगे
जापान में सभी कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद बुधवार सुबह ट्रंप टोक्यो से बुसान (दक्षिण कोरिया) के लिए उड़ान भरेंगे। कोरिया पहुंचने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप अपने समकक्ष के साथ एक द्विपक्षीय बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद वे APEC CEO के लंच में मुख्य भाषण देंगे। इसके बाद अमेरिका-APEC नेताओं के साथ रात्रिभोज करेंगे। गुरुवार सुबह (स्थानीय समयानुसार) राष्ट्रपति ट्रंप वाशिंगटन, डीसी के लिए रवाना हो जाएंगे। इससे पहले वे कोरिया में ही चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भी एक द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
सरकार की दो टूक- एच-1बी वीजा प्रणाली पर कोर्ट में लड़ाई जारी रहेगी
अमेरिका की एच-1बी वीजा नीति को लेकर व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा, प्रशासन इन मुकदमों को अदालत में लड़ेगा। राष्ट्रपति की मुख्य प्राथमिकता हमेशा अमेरिकी कामगारों को प्राथमिकता देना और देश की वीजा प्रणाली को मजबूत करना रही है। बहुत लंबे समय से एच-1बी वीजा प्रणाली में धोखाधड़ी हो रही है। इससे अमेरिकी नागरिकों के वेतन में गिरावट आई है। इसलिए राष्ट्रपति इस वीजा प्रणाली को और बेहतर बनाना चाहते हैं। यही वजह है कि उन्होंने ये नई नीतियां लागू की हैं। ये कदम कानूनी होने के साथ-साथ जरूरी भी हैं। सरकार अदालत में यह लड़ाई लड़ती रहेगी।
ट्रंप ने रूस के खिलाफ बास्केटबॉल जैसी रणनीति अपनाई
दो रूसी तेल कंपनियों पर अमेरिकी प्रतिबंधों के पीछे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की क्या रणनीति है? इस सवाल पर कैरोलिन लेविट ने कहा, अगर आप प्रतिबंधों से जुड़े आदेश को पढ़ें और उन पर गौर करें, तो वे काफी कड़े हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने आज सुबह चीन से कुछ अंतरराष्ट्रीय खबरें देखीं कि वे रूस से तेल खरीद कम कर रहे हैं। हम जानते हैं कि राष्ट्रपति के अनुरोध पर भारत ने भी ऐसा ही किया है। राष्ट्रपति ने यूरोपीय देशों, यानी हमारे सहयोगी देशों पर भी रूसी तेल की खरीद बंद करने का दबाव बनाया है। यह निश्चित रूप से एक ऐसा दबाव है, जो विरोधी खेमे पर असर दिखा रहा (full-court press) है। हमें उम्मीद है कि इन प्रतिबंधों से नुकसान होगा। बुधवार को वित्त मंत्री ने भी ऐसी ही बात कही थी।
शांति समझौते के लिए रूस और यूक्रेन दोनों को गंभीर होना चाहिए
लेविट ने आने वाले दिनों में अमेरिका और रूस के रिश्तों के भविष्य से जुड़े एक सवाल पर कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप हमेशा से कहते रहे हैं कि जब भी उन्हें उचित और जरूरी लगेगा, वे रूस पर प्रतिबंध लगाने से पीछे नहीं हटेंगे। बुधवार ऐसा ही दिन था। अमेरिकी राष्ट्रपति लंबे समय से अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन और रूस-यूक्रेन युद्ध के दोनों पक्षों के प्रति अपनी निराशा भी व्यक्त करते रहे हैं। उन्होंने हमेशा कहा है कि एक अच्छे शांति समझौते के लिए दोनों पक्षों को गंभीर होना चाहिए। उन्हें लगता है कि हाल ही में रूस की ओर से शांति की दिशा में आगे बढ़ने में पर्याप्त रुचि या कार्रवाई नहीं देखी गई है। इसलिए दुर्भाग्य से दोनों नेताओं (ट्रंप-पुतिन) के बीच बैठक नहीं होगी। हालांकि, दोनों का मिलना पूरी तरह से असंभव नहीं है।'
पुतिन और ट्रंप की मुलाकात पर अमेरिकी प्रशासन की उम्मीदें बरकरार
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ-साथ पूरा अमेरिकी प्रशासन उम्मीद करता है कि एक दिन ऐसा फिर से हो सकता है। लेकिन, हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उस बैठक का कोई ठोस सकारात्मक परिणाम निकले और राष्ट्रपति के समय का सदुपयोग हो।'
भारतीय मूल के चालक पर नशे में ड्राइव करने और तीन लोगों की हत्या का आरोप
कैलिफोर्निया में हुई सड़क दुर्घटना को लेकर पूछे गए एक सवाल पर कैरोलिन लेविट ने कहा, 'मैं पुष्टि कर सकती हूं कि कैलिफोर्निया से ही संबंधित व्यक्ति को लाइसेंस मिला था। परिवहन विभाग इस पर पहले ही गौर कर चुका है। परिवहन विभाग सचिव डफी ने इस पर कई बार बात की है। ऐसे लाइसेंस धारकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। गलत तरीके से ऐसे लोगों को जारी किए जा रहे लाइसेंस का संज्ञान भी लिया जा रहा है। ऐसे लोग जो स्पष्ट रूप से इन पदों पर बने रहने योग्य नहीं, उन्हें चिह्नित किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय मूल के जशनप्रीत सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। जशनप्रीत पर कैलिफोर्निया के सैन बर्नाडिनो काउंटी में तीन व्यक्तियों की जान लेने और कई अन्य को घायल करने का आरोप लगा है।
पहली बार 2022 में दक्षिणी सीमा के जरिए अमेरिका में दाखिल हुआ युवक
उन्होंने बताया कि कैलिफोर्निया के वर्तमान मामले में, 22 अक्तूबर को देश के आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) विभाग ने इमिग्रेशन डिटेनर दर्ज कर लिया है। कैलिफोर्निया के स्थानीय अधिकारियों ने जब चालक को नशे में धुत्त होकर गाड़ी चलाते हुए पकड़ा, डिटेनर उसी समय दर्ज किया गया। चालक को तीन लोगों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। प्रशासन के मुताबिक आरोपी पहली बार 2022 में दक्षिणी सीमा के जरिए अमेरिका में दाखिल हुआ था। लेविट के मुताबिक पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने इस चालक को रिहा कर दिया था। ICE ने इस व्यक्ति के लिए अब एक अलग डिटेनर दर्ज किया है। व्हाइट हाउस के मुताबिक आपराधिक प्रवृत्ति वाले इन अवैध विदेशियों को वाणिज्यिक वाहन लाइसेंस जारी किए जाने का एक पैटर्न सामने आ रहा है। परिवहन विभाग इन मामलों पर पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है।