फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Asia Crisis LIVE: जंग के बीच पीएम मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति से की बातचीत; कतर से 500 भारतीय बचाकर लाए गए

Thu, 12 Mar 2026 11:24 PM IST
Himanshu Singh Chandel वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

Israel-Iran War Live Updates: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहा ईरान भी जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब तेरहवें दिन में प्रवेश कर चुका है। होमुर्ज में जहाजों पर हमले जारी है। पूरा क्षेत्र तनाव की चपेट में है। ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का युद्ध को लेकर सख्त रवैया और खाड़ी देशों में बढ़ता संघर्ष, वैश्विक राजनीति के लिया बड़ा संकट साबित होता दिख रहा है। भारत ने कहा है कि तेजी से बदलती परिस्थितियों पर सरकार की पैनी नजर है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...
 
विज्ञापन
ईरान संकट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:17 PM, 12-Mar-2026

पीएम मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति से की बातचीत

पश्चिए एशिया में संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात की है। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में गंभीर स्थिति पर चर्चा की।ईरानी राष्ट्रपति के साथ बातचीत में पीएम मोदी ने बढ़ते तनाव, नागरिकों की जानमाल की हानि और नागरिक बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की।

10:09 PM, 12-Mar-2026

कतर से 500 भारतीयों को बचाकर लाया गया

कतर में फंसे 500 से अधिक भारतीयों को बुधवार को नई दिल्ली और अन्य गंतव्यों के लिए सुरक्षित निकाला गया। भारतीय दूतावास ने यह जानकारी देते हुए पश्चिम एशियाई देश में फंसे लोगों को किसी भी अज्ञात वस्तु, मलबे या टुकड़े के पास जाने से बचने की चेतावनी दी। सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, कतर में फंसे 500 से अधिक भारतीय 11 मार्च को कतर एयरवेज की उड़ानों से नई दिल्ली और अन्य गंतव्यों के लिए रवाना हुए। दूतावास ने कहा कि भारतीय समुदाय की किसी भी पूछताछ के लिए उसकी चौबीसों घंटे चलने वाली तीन हेल्पलाइन उपलब्ध हैं और साथ ही यह भी कहा कि भारतीय नागरिकों के लिए पासपोर्ट शीघ्र जारी करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वर्तमान स्थिति के कारण, हम पासपोर्ट आवेदन लेने के लिए सप्ताह के सभी दिन खुले हैं। तत्काल पासपोर्ट 1-2 दिनों के भीतर जारी किए जा रहे हैं।

10:09 PM, 12-Mar-2026

ईरान के हमलों से दो तेल टैंकरों में आग, ट्रंप का युद्ध जीतने का दावा खोखला

ईरान की विस्फोटक सामग्री से लदी नौकाओं के हमले से बृहस्पतिवार को इराक के एक बंदरगाह पर दो टैंकर आग की चपेट में आ गए। इन हमलों ने मध्य पूर्व से तेल की आपूर्ति ठप कर दी है। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को भी खोखला साबित कर दिया कि युद्ध जीता जा चुका है। बसरा बंदरगाह पर ली गई तस्वीरों में जहाजों को आग की विशाल लपटों में घिरा हुआ दिखाया गया है, जिससे रात को भी आसमान जगमगा उठा। इराकी अधिकारियों ने इन हमलों के लिए ईरानी नौकाओं को जिम्मेदार ठहराया है। इनमें चालक दल के कम से कम एक सदस्य की मौत हो गई जिसकी पहचान भारतीय बताई गई है। इससे कुछ घंटे पहले ही खाड़ी में तीन अन्य जहाजों पर हमले हुए। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने इनमें से एक हमले की जिम्मेदारी ली है। यह हमला एक थाई मालवाहक पोत पर हुआ था, जिसे गार्ड्स ने अपने आदेशों का उल्लंघन करने वाला बताया था। बृहस्पतिवार को संयुक्त अरब अमीरात के पास एक अन्य मालवाहक पोत पर अज्ञात मिसाइल से हमला होने की सूचना मिली।

वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित
ईरान के लंबी दूरी के हथियारों को नष्ट करने के अमेरिकी और इस्राइली दावों को झूठा ठहराते हुए बृहस्पतिवार को कुवैत, इराक, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और ओमान के आसमान में और अधिक ईरानी ड्रोन देखे गए। लेबनान के ईरान समर्थित हिजबुल्ला ने युद्ध के दौरान इस्राइल पर रॉकेटों का सबसे बड़ा हमला किया, जिसके जवाब में इस्राइल ने भी बेरूत पर नए सिरे से हमले किए।

यूएई में शाखाएं बंद करेगा सिटीबैंक
सिटीबैंक ने घोषणा की है कि वह संयुक्त अरब अमीरात में अपनी शाखाओं को अस्थायी रूप से बंद कर देगा। एक दिन पहले बुधवार को ईरान ने कहा कि वह बैंकों को वैध लक्ष्य मानता है। उसने पश्चिम एशिया के निवासियों को इन बैंकों से एक किलोमीटर दूर रहने के लिए कहा। इसके बाद ही सिटी बैंक ने यह घोषणा की। इसी तरह एचएसबीसी ने कतर में अपनी शाखाएं बंद कर दी हैं।

विज्ञापन
10:07 PM, 12-Mar-2026

अबू द'रार मोहम्मद मारा गया- इस्राइली एयर फोर्स

इस्राइली एयर फोर्स ने दावा किया है कि उसने मंगलवार को किए एक हमले में हिजबुल्ला के मिसाइल यूनिट से जुड़े कमांडर अबू द'रार मोहम्मद को मार गिराया। इस्राइल के अनुसार, वह हिजबुल्ला और ईरान के बीच सैन्य समन्वय की अहम कड़ी था और संगठन की रॉकेट क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। इस्राइली एयर फोर्स (आईएएफ) ने गुरुवार को आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर पोस्ट साझा करते हुए बताया, 'इस सप्ताह की शुरुआत में (मंगलवार को) वायुसेना ने एक हमले में अबू द'रार मोहम्मद को मार गिराया। वह बेरूत में हिजबुल्ला की मिसाइल इकाई में काम करने वाला और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की ओर से कार्य करने वाला एक कमांडर था।'

आईएएफ के अनुसार, मोहम्मद हिजबुल्ला और ईरानी शासन के बीच सैन्य समन्वय में एक केंद्रीय भूमिका निभाता था। वह हिजबुल्ला और ईरानी अधिकारियों के बीच संपर्क और मध्यस्थ के रूप में भी काम करता था। इसके अलावा, वह हिजबुल्ला की रॉकेट क्षमता को मजबूत करने में एक प्रमुख व्यक्ति था और ऑपरेशन नॉर्दर्न एरोज के बाद उसे फिर से मजबूत करने पर काम कर रहा था। आईएएफ ने बताया कि मोहम्मद हिजबुल्ला संगठन के रणनीतिक सैन्य हथियारों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी रखने वाला व्यक्ति था। वह संगठन की रॉकेट इकाई की प्रक्रियाओं का नेतृत्व करता था और ऑपरेशन नॉर्दर्न एरोज तथा ऑपरेशन रोअर ऑफ द लायन के दौरान इस्राइल की ओर मिसाइल हमलों का निर्देशन करता था।

09:50 PM, 12-Mar-2026

बेरूत में इस्राइली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़ी

लेबनान की राजधानी बेरूत और उसके आसपास हुए इस्राइली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। लेबनान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी के मुताबिक, बेरूत के समुद्र तट के पास हुए हमले में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 28 लोग घायल हुए हैं। वहीं बेरूत से लगभग 10 किलोमीटर दक्षिण में स्थित अरामौन कस्बे पर हुए एक अन्य हमले में पांच लोगों की मौत और सात लोग घायल हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आपातकालीन संचालन केंद्र ने इन आंकड़ों की पुष्टि की है।
 

विज्ञापन
09:30 PM, 12-Mar-2026

दक्षिणी लेबनान में इस्राइल के हवाई हमले और गोलाबारी

दक्षिणी लेबनान में इस्राइली सेना ने कई जगहों पर हवाई हमले किए हैं। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार मजदल सेलेम और अदशीत कस्बों पर इस्राइली विमानों ने बमबारी की। इसके अलावा याहमर अल-शकीफ और अरनून शहरों पर तोपों से गोलाबारी भी की गई। इन हमलों के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया है और लोगों में डर का माहौल है।

09:29 PM, 12-Mar-2026

इराक में PMF मुख्यालय पर हवाई हमला

इराक की राजधानी बगदाद के दक्षिण-पश्चिम में स्थित कैंप सक्र पर हवाई हमला किया गया है। यह कैंप पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स (PMF) का मुख्यालय माना जाता है। एक इराकी सुरक्षा सूत्र ने बताया कि हमले के बाद इलाके में सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है और स्थिति की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि इस हमले के पीछे कौन था और इसमें कितनी क्षति हुई है।

09:23 PM, 12-Mar-2026

हिजबुल्ला ने इस्राइली बस्ती पर दागी मिसाइलें

लेबनान के सशस्त्र संगठन हिजबुल्ला ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने इस्राइल की जरईत नाम के बस्ती पर मिसाइल हमला किया है। संगठन ने कहा कि यह हमला उन इस्राइली बस्तियों को दी गई चेतावनी का हिस्सा है जिनके बारे में पहले से चेतावनी दी गई थी। हिजबुल्ला और इस्राइल के बीच पिछले कुछ समय से सीमा पर तनाव लगातार बढ़ रहा है और दोनों पक्षों के बीच हमले और जवाबी हमले जारी हैं।

09:22 PM, 12-Mar-2026

पश्चिम एशिया संकट के बीच नेपाल में रसोई गैस की राशनिंग शुरू

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण नेपाल में रसोई गैस की कमी की आशंका पैदा हो गई है। इस वजह से नेपाल सरकार ने गैस की राशनिंग शुरू करने का फैसला किया है। नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक चंदिका प्रसाद भट्टा ने कहा कि शुक्रवार से उपभोक्ताओं के खाली सिलिंडर केवल आधे ही भरे जाएंगे ताकि गैस का स्टॉक ज्यादा समय तक चल सके। उन्होंने बताया कि सरकार ने कई बार लोगों को भरोसा दिलाया है कि गैस की पर्याप्त आपूर्ति है, लेकिन फिर भी लोग घबराकर बड़ी संख्या में गैस भरवाने पहुंच रहे हैं। देश भर में गैस भरने वाले प्लांट के बाहर खाली सिलिंडर लेकर लोगों की लंबी कतारें लग गई हैं। नेपाल अपनी ईंधन जरूरतों के लिए काफी हद तक भारत पर निर्भर है।

09:02 PM, 12-Mar-2026

अमेरिका ने ईरान की बिजली व्यवस्था पर हमला किया तो पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाएगा- लारिजानी

ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारिजानी ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ईरान के बिजली नेटवर्क पर हमला करता है, तो पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और आधे घंटे के अंदर कई देशों में अंधेरा छा सकता है। लारिजानी ने यह प्रतिक्रिया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद दी, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका एक घंटे के भीतर ईरान की बिजली उत्पादन क्षमता को नष्ट कर सकता है। लारिजानी ने कहा कि अगर ऐसा हुआ तो इस अंधेरे का फायदा उठाकर अमेरिकी सैनिकों को भी निशाना बनाया जा सकता है। वहीं ट्रंप का कहना है कि अभी तक अमेरिका ने ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमला नहीं किया है, लेकिन अगर ईरान वैश्विक तेल आपूर्ति रोकने की कोशिश करता है तो अमेरिका ऐसे ठिकानों को निशाना बना सकता है।
 

 

08:27 PM, 12-Mar-2026

ऐतिहासिक स्थलों पर बमबारी कर रहा इस्राइल- ईरान

ईरान पर अमेरिका-इस्राइल की तरफ से पिछले दो हफ्ते से हमले किए जा रहे हैं। इसी बीच ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने दावा किया है कि इस्राइल ऐतिहासिक स्थलों पर बमबारी कर रहा है। सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा- इस्राइल ईरान के 14वीं शताब्दी तक के ऐतिहासिक स्मारकों पर बमबारी कर रहा है। यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों पर हमले हो चुके हैं। यह स्वाभाविक है कि एक ऐसा शासन जो एक सदी भी नहीं टिकेगा, प्राचीन इतिहास वाले देशों से नफरत करेगा। लेकिन यूनेस्को कहां है? उसकी चुप्पी अस्वीकार्य है।
 

06:59 PM, 12-Mar-2026

जंग के बीच मोजतबा खामेनेई का पहला बयान

अमेरिका-इस्राइल के साथ युद्ध के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने पहला बयान जारी किया है। मोजतबा ने साफ कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की शक्ति का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। ईरान के सर्वोच्च नेता ने यह भी कहा है कि खाड़ी अरब पड़ोसी देशों पर हमले जारी रहेंगे। 

06:40 PM, 12-Mar-2026

हम होर्मुज से टैंकरों को एस्कॉर्ट करने के लिए तैयार नहीं- अमेरिकी ऊर्जा सचिव

ईरान के खिलाफ युद्ध के लिए वॉशिंगटन की पूरी तैयारी न होने का एक और संकेत यह है कि अमेरिकी नौसेना अभी होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों को एस्कॉर्ट करने के लिए तैयार नहीं है। यह जानकारी अमेरिकी ऊर्जा सचिव क्रिस राइट ने दी है। राइट ने कहा कि सेना का तात्कालिक ध्यान ईरान की आक्रामक क्षमताओं के खिलाफ अभियानों पर केंद्रित है।

राइट ने कहा, 'यह अपेक्षाकृत जल्द ही होगा, लेकिन अभी नहीं हो सकता। हम अभी तैयार नहीं हैं। हमारी सभी सैन्य संपत्तियां इस समय ईरान की आक्रामक क्षमताओं और उन विनिर्माण उद्योगों को नष्ट करने पर केंद्रित हैं जो इन क्षमताओं के लिए आवश्यक सामग्री की आपूर्ति करते हैं।' राइट ने कहा कि नौसेना महीने के अंत तक एस्कॉर्ट अभियान शुरू करने के लिए तैयार हो सकती है और उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे पर रक्षा अधिकारियों के साथ चर्चा चल रही है।

06:22 PM, 12-Mar-2026

ईरानी जनता को संबोधित करेंगे मोजतबा

अमेरिका-इस्राइल की तरफ से ईरान पर 28 फरवरी को हमला किया गया, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। इसके करीब एक हफ्ते बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का सर्वोच्च नेता नियुक्त किया गया था। जिसके बाद से अब मोजतबा खामेनेई पहली बार सामने आएंगे। जानकारी के मुताबिक, मोजतबा जंग के बीच देशवासियों को संबोधित करेंगे।

05:58 PM, 12-Mar-2026

लेबनान ने ईरानी दूत को तलब किया

लेबनान ने बेरूत स्थित ईरानी दूतावास के एक प्रतिनिधि को तलब किया है। यह कदम ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड से जुड़े एक कथित ऑपरेशन की खबरें सामने आने के बाद उठाया गया है। लेबनान के सूचना मंत्री पॉल मोर्कोस ने बताया कि तस्नीम समाचार एजेंसी द्वारा इस ऑपरेशन का विवरण प्रकाशित किए जाने के बाद अधिकारियों ने यह कदम उठाया।

04:58 PM, 12-Mar-2026

इस्राइल ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े ठिकाने को निशाना बनाया

इस्राइली सेना ने दावा किया है कि उसने हाल के हमलों में ईरान के परमाणु हथियार विकास कार्यक्रम से जुड़े एक अहम ठिकाने को निशाना बनाया है। एक्स पर जारी बयान में इस्राइली सेना ने बताया कि उसके लड़ाकू विमानों ने तेहरान से करीब 30 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित पारचिन सैन्य परिसर के तालेगान ठिकाने पर हमला किया, जिसका इस्तेमाल ईरान परमाणु हथियार विकसित करने की महत्वपूर्ण क्षमताओं को आगे बढ़ाने के लिए कर रहा था। इस ठिकाने पर अक्टूबर 2024 में भी इस्राइल हमला कर चुका है और इस्राइली सेना का दावा है कि ईरान ने हाल ही में इसे फिर से बहाल करना शुरू किया था। उधर ईरान बार-बार कह चुका है कि उसका परमाणु हथियार बनाने का कोई इरादा नहीं है।

04:56 PM, 12-Mar-2026

ईरान ने इलाम के ऊपर इस्राइली हर्मेस ड्रोन मार गिराया

ईरान की सेना ने देश के पश्चिमी प्रांत इलाम के ऊपर इस्राइल के एक हर्मेस ड्रोन को मार गिराया है। तस्नीम समाचार एजेंसी ने ईरानी सेना के हवाले से यह जानकारी दी है।

04:18 PM, 12-Mar-2026

हिजबुल्लाह न रोका तो लेबनान पर कब्जा करेंगे: इस्राइली रक्षा मंत्री

इस्राइल के रक्षा मंत्री काट्ज ने लेबनान सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि वह हिजबुल्लाह को उत्तरी इस्राइल पर हमले करने से रोके, अन्यथा इस्राइली सेना लेबनानी क्षेत्र में घुसकर यह काम खुद करेगी। टाइम्स ऑफ इस्राइल के अनुसार काट्ज ने कहा कि कल हिजबुल्लाह ने इस्राइल पर भारी गोलाबारी की। उन्होंने आगे कहा कि मैंने लेबनान के राष्ट्रपति को चेतावनी दी है कि अगर लेबनान सरकार अपने क्षेत्र पर नियंत्रण नहीं रख सकती और हिजबुल्लाह को इस्राइल पर हमले करने से नहीं रोक सकती, तो हम उस क्षेत्र पर कब्जा करके यह काम खुद करेंगे।

03:51 PM, 12-Mar-2026

ईरानी द्वीपों पर हमले का प्रयास भारी पड़ेगा: गालिबाफ

ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर गालिबाफ ने चेतावनी दी है कि ईरान के द्वीपों पर किसी भी आक्रमण का प्रयास बेलगाम जवाबी कार्रवाई को जन्म देगा। गालिबाफ ने एक्स पर लिखा कि ईरानी द्वीपों की धरती पर किसी भी आक्रामकता से सारी सीमाएं टूट जाएंगी। उन्होंने आगे लिखा कि हम सारी बंदिशें छोड़ देंगे और फारस की खाड़ी को हमलावरों के खून से भर देंगे।

03:13 PM, 12-Mar-2026

MEA प्रवक्ता रणधीर जायसवाल का बयान

विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री के बीच हाल के दिनों में तीन बातचीत हुई हैं। जायसवाल ने कहा कि सबसे हाल की बातचीत में दोनों नेताओं ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा और भारत की ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसके आगे अभी किसी निष्कर्ष या विवरण पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी।

03:00 PM, 12-Mar-2026

तीन और मालवाहक जहाजों पर हमला, युद्ध के बाद अब तक 16 हमले

यूके समुद्री व्यापार संचालन (यूकेएमटीओ) सेंटर के अनुसार, रात में इस इलाके में तीन और कार्गो जहाजों पर हमला हुआ। खाड़ी क्षेत्र में तीन और मालवाहक जहाजों पर हमला हुआ। यूकेएमटीओ के अपडेट के अनुसार, 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध के बाद  स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और ओमान की खाड़ी में अब तक  16 हमले हुए हैं। साथ ही, संघर्ष के दौरान चार मामलों में संदिग्ध गतिविधियों की भी रिपोर्ट मिली है।

02:55 PM, 12-Mar-2026

दुबई में ड्रोन हादसा और शहर में जोरदार धमाकों की खबर

दुबई अधिकारियों ने अल बदा क्षेत्र में एक मामूली ड्रोन हादसा की सूचना दी है। यह क्षेत्र बुर्ज खलीफा से लगभग 4 किलोमीटर या 15 मिनट की दूरी पर है। वहीं, समाचार एजेंसी एएफपी ने दुबई के डाउनटाउन में जोरदार धमाकों की भी जानकारी दी है, हालांकि उन्होंने धमाकों के सटीक स्थान का उल्लेख नहीं किया।

02:08 PM, 12-Mar-2026

कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन हमला

कुवैत के राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ने नागरिक उड्डयन अधिकारियों के हवाले से बताया है कि कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई ड्रोन से हमला किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार इस हमले में केवल भौतिक नुकसान हुआ है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

02:05 PM, 12-Mar-2026

दक्षिणी लेबनान के कई कस्बों पर इस्राइली हवाई हमले

अल जजीरा के अनुसार, दक्षिणी लेबनान के रशाफ और यातर कस्बों तथा कंतारा कस्बे के बाहरी इलाकों पर इस्राइल ने हवाई हमले किए हैं।

01:26 PM, 12-Mar-2026

इस्राइल में 24 घंटे में 179 और घायल, कुल संख्या 2,745 पहुंची

इस्राइल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों में 179 और लोग घायल हुए हैं, जिनमें से अधिकतर की हालत सामान्य बताई जा रही है। मंत्रालय के अनुसार युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक इस्राइल में घायलों की कुल संख्या 2,745 हो गई है।

01:24 PM, 12-Mar-2026

दक्षिणी लेबनान के नबातिह में इस्राइली हवाई हमला

दक्षिणी लेबनान के नबातिह जिले में कआकाइत अल-जिसर इलाके पर इस्राइल ने हवाई हमला किया है। अल जजीरा की जमीनी टीम ने इस हमले की जानकारी दी है।

01:00 PM, 12-Mar-2026

अराक में औद्योगिक इलाके पर हमले में सात घायल

ईरान के अराक प्रांत में एक औद्योगिक क्षेत्र पर हुए हमले में सात लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। मेहर समाचार एजेंसी के अनुसार अधिकारियों ने बताया है कि इस हमले में छह "उत्पादन इकाइयां" क्षतिग्रस्त हुई हैं। गौरतलब है कि अराक एक प्रमुख औद्योगिक शहर है और यहां एक परमाणु परिसर भी है, जिसे इससे पहले इस्राइली हमलों में निशाना बनाया जा चुका है।

11:22 AM, 12-Mar-2026

अमेरिकी तेल टैंकर पर हमला: भारतीय नागरिक की मौत

भारत दूतावास इराक ने ट्वीट किया कि 11 मार्च, 2026 को अमेरिकी स्वामित्व वाले क्रूड ऑयल टैंकर सैफसी विष्णु, जो मार्शल आइलैंड्स के झंडे तले सवार था, पर बसरा, इराक के पास हमला हुआ। इस हमले में एक भारतीय चालक की दुखद मृत्यु हो गई। अन्य 15 भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिए गए हैं। दूतावास ने बताया कि बगदाद स्थित भारतीय दूतावास इराकी अधिकारियों और बचाए गए भारतीय नाविकों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
 

10:32 AM, 12-Mar-2026

होर्मुज से भारतीय तेल टैंकरों के लिए रास्ता खोला

सूत्रों के अनुसार, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और ईरानी समकक्ष अब्दुल्ला अब्बास अराघची के बीच हुई बातचीत के बाद ईरान ने होर्मुज जलसंधि से दो भारतीय तेल टैंकरों (पुष्पक और परिमल) के गुजरने की अनुमति दी है।
 

10:21 AM, 12-Mar-2026

कुवैत में ड्रोन हमले में दो घायल

कुवैत की रक्षा मंत्रालय ने बताया कि आज सुबह दक्षिणी इलाके में एक दुश्मन ड्रोन ने आवासीय भवन को निशाना बनाया। मंत्रालय के एक्स पोस्ट के अनुसार, इस हमले में कम से कम दो लोग घायल हुए और उन्हें आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। इसके अलावा हमले से भवन और संपत्ति को भी सामग्रीगत नुकसान हुआ है।

10:17 AM, 12-Mar-2026
युद्ध खत्म करने के लिए रखीं शर्तें? - फोटो : Amar Ujala Graphics

क्या थमने वाला है ईरान और US-इस्राइल का संघर्ष?

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अमेरिका और इस्राइल के साथ जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए तीन अहम शर्तें रखीं हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "रूस और पाकिस्तान के नेताओं से बातचीत में मैंने क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए ईरान की प्रतिबद्धता दोबारा पक्की की। पढ़ें खबर...

09:39 AM, 12-Mar-2026

ईरान के राष्ट्रपति का शांति और युद्ध समाप्ति पर दिया बयान

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा है कि उन्होंने रूस और पाकिस्तान के नेताओं से बातचीत में क्षेत्र में शांति बनाए रखने की ईरान की प्रतिबद्धता दोबारा जताई है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान संघर्ष को समाप्त करने का एकमात्र तरीका ईरान के वैध अधिकारों को मान्यता देना, हानियों के लिए मुआवजा देना और भविष्य में किसी भी आक्रमण को रोकने के लिए ठोस अंतरराष्ट्रीय गारंटी प्राप्त करना है। उनके अनुसार यह युद्ध जायनिस्ट शासन और अमेरिका की शुरूआत का परिणाम है और तभी इसे रोका जा सकता है जब इन शर्तों को स्वीकार किया जाए। 

09:35 AM, 12-Mar-2026

यूएई के पास कंटेनर जहाज पर मिसाइल हमले से लगी आग

यूनाइटेड किंगडम की मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस एजेंसी ने बताया कि यूएई के जेबल अली से लगभग 35 समुद्री मील उत्तर में एक कंटेनर जहाज पर हमला हुआ। एजेंसी के अनुसार जहाज के कप्तान ने रिपोर्ट दी है कि जहाज को अज्ञात प्रक्षेप्य ने निशाना बनाया, जिससे जहाज पर छोटी आग लगी। अंधेरे के कारण पूरी क्षति का आकलन अभी संभव नहीं है। सभी चालक दल सुरक्षित हैं।

09:02 AM, 12-Mar-2026

खाड़ी में ईरान के हमलों की निंदा में यूएन सुरक्षा परिषद का प्रस्ताव पारित

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने खाड़ी देशों और जॉर्डन पर ईरान के हमलों की निंदा करने वाला प्रस्ताव पारित किया और तेहरान से तुरंत शत्रुता रोकने की मांग की। इस प्रस्ताव पर बुधवार को सुरक्षा परिषद के 15 में से 13 सदस्यों ने सहमति जताई। यह प्रस्ताव खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) द्वारा प्रस्तुत किया गया था और 135 अन्य सदस्य राज्यों ने सह-प्रायोजक के रूप में इसका समर्थन किया। जबकि चीन और रूस ने मतदान से बचाव किया, लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को रोकने के लिए अपने वीटो अधिकार का प्रयोग नहीं किया।

08:47 AM, 12-Mar-2026

कुवैत ने दुश्मन ड्रोन को रोकने का दावा किया

कुवैत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सौद अल-ओतैबी ने बताया कि देश की वायु सुरक्षा बलों ने आज सुबह कई दुश्मन ड्रोन को इंटरसेप्ट किया। अल-ओतैबी ने कहा कि ये ड्रोन आज सुबह के समय कुवैत के उत्तरी क्षेत्र में देश की हवाई सीमा का उल्लंघन कर रहे थे। उन्होंने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सभी ड्रोन को समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया और किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी अफवाह पर ध्यान न देने का आग्रह किया।

08:21 AM, 12-Mar-2026

इस्राइल के बमबारी हमले में बेरुत में मृतकों की संख्या बढ़ी, 31 घायल

लेबनान के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुष्टि की है कि इस्राइल की ओर से रामलेट अल-बैदा क्षेत्र पर किए गए हवाई हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है, जबकि 31 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मंत्रालय के अनुसार, घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी हैं और प्रभावित इलाकों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

07:57 AM, 12-Mar-2026

स्विट्जरलैंड ने तेहरान में दूतावास अस्थायी रूप से बंद किया

पश्चिम एशिया में हाल के सैन्य संघर्ष और बढ़ते सुरक्षा खतरों को देखते हुए स्विट्जरलैंड सरकार ने तेहरान (ईरान) में अपना दूतावास अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। यह कदम ईरान में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर उठाया गया है, ताकि वहां तैनात कूटनीतिक कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। 

स्विट्जरलैंड के फेडरल डिपार्टमेंट ऑफ फॉरेन अफेयर्स (एफडएफए) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि तेहरान में जारी मध्य पूर्व युद्ध और सुरक्षा जोखिमों के चलते दूतावास को अस्थायी रूप से बंद किया जा रहा है और वहां मौजूद सभी अधिकारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। दूतावास के प्रमुख राजदूत ओलिवियर बेंजर्टर और पांच अन्य स्टाफ सदस्य 11 मार्च को सड़क मार्ग से ईरान से बाहर आ गए हैं और फिलहाल सुरक्षित स्थान पर हैं। इससे पहले इस माह के शुरुआती दिनों में चार अन्य कर्मचारी भी ईरान छोड़ चुके थे। उन सभी को सुरक्षा के मद्देनजर निकाल लिया गया है।

07:32 AM, 12-Mar-2026

ईरान से दागी गई मिसाइलों पर इस्राइल की प्रतिक्रिया

इस्राइली सेना ने बताया है कि वह ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों के जवाब में कार्रवाई कर रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक पोस्ट में इस्राइली सेना ने कहा कि कुछ समय पहले ईरान से इस्राइल की सीमा की ओर मिसाइलें दागी गई थीं। सेना के अनुसार, इस्राइल की रक्षा प्रणाली इन खतरों को रोकने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है और मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने की कोशिश की जा रही है। इसी बीच इस्राइल के होम फ्रंट कमांड ने नागरिकों को निर्देश दिया है कि वे तुरंत सुरक्षित शेल्टर में चले जाएं और जब तक आधिकारिक तौर पर बाहर निकलने की अनुमति न दी जाए, तब तक वहीं रहें।

07:17 AM, 12-Mar-2026

ट्रंप बोले- ईरान युद्ध में अमेरिका मजबूत स्थिति में, जलडमरूमध्य पर नजर

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहे युद्ध में अमेरिका मजबूत स्थिति में है। मैरीलैंड में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमता काफी कमजोर हो चुकी है। उनके अनुसार ईरान के पास अब प्रभावी नौसेना, वायुसेना या वायु रक्षा प्रणाली नहीं बची है। ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिकी बल ईरान के ऊपर पूरी तरह नियंत्रण की स्थिति में हैं और अब जलडमरूमध्य की स्थिति पर भी बारीकी से नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका चाहे तो तेहरान समेत कई इलाकों के बिजली ढांचे को एक घंटे में नष्ट कर सकता है, लेकिन ऐसा करना अंतिम विकल्प होगा। उनका कहना था कि लक्ष्य युद्ध को जल्द खत्म करना है।

06:58 AM, 12-Mar-2026

बेरूत तट पर घातक हमला, वाहन को निशाना बनाकर एयरस्ट्राइक; छह लोगों की मौत

लेबनान की राजधानी बेरूत के समुद्र तट इलाके रामलेट अल-बैदा में हुए एक हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक यह हमला एक वाहन को निशाना बनाकर किया गया, जिसे संभावित हत्या की कार्रवाई माना जा रहा है। हमले के बाद इलाके में सेना ने सुरक्षा घेरा बना दिया है। बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में भी कई जोरदार हवाई हमले हुए हैं, जबकि इस्राइल की ओर हिजबुल्लाह की रॉकेट फायरिंग जारी है।

04:26 AM, 12-Mar-2026

अमेरिकी ठिकानों पर हमले जारी रहेंगे- ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा है कि मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले जारी रहेंगे। संगठन के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फघारी ने कहा कि हाल के हमलों में बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरानी बलों की लगातार निगरानी है और दुश्मनों को वहां से गुजरने का अधिकार नहीं है। उनके अनुसार ईरान अपनी स्वतंत्रता की रक्षा कर रहा है और मिसाइल तथा ड्रोन हमले आगे भी जारी रहेंगे।

04:26 AM, 12-Mar-2026

संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव पर ईरान का विरोध, कहा- यह हमारे खिलाफ अन्याय

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पारित प्रस्ताव पर ईरान ने कड़ा विरोध जताया है। ईरान के प्रतिनिधि अमीर सईद इरावानी ने कहा कि यह फैसला उनके देश के साथ स्पष्ट अन्याय है। उन्होंने कहा कि ईरान इस संघर्ष का मुख्य पीड़ित है और परिषद ने जमीनी सच्चाई को नजरअंदाज किया है। इरावानी ने दावा किया कि अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बाद हजारों लोग मारे गए हैं और बड़ी संख्या में नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचा है।

04:26 AM, 12-Mar-2026

तेल कीमतें घटाने को 400 मिलियन बैरल जारी करने पर ट्रंप ने जताई खुशी

मौजूदा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के उस फैसले का स्वागत किया है जिसमें रणनीतिक भंडार से 400 मिलियन बैरल तेल जारी करने पर सहमति बनी है। ट्रंप ने कहा कि इससे वैश्विक तेल कीमतों पर दबाव कम होगा। केंटकी में एक रैली के दौरान ट्रंप ने कहा कि तेल भंडार जारी करने से अमेरिका और दुनिया के लिए पैदा हुए खतरे को खत्म करने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि ऊर्जा सुरक्षा के लिए पारंपरिक ईंधन जरूरी हैं और केवल नवीकरणीय ऊर्जा पर निर्भर नहीं रहा जा सकता।

04:25 AM, 12-Mar-2026

कुवैत ने कई बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही किया नष्ट

कुवैत सरकार ने कहा है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने देश की ओर आ रही कई बैलिस्टिक मिसाइलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट किया। सरकार के बयान के अनुसार ये मिसाइलें देश के दक्षिणी हिस्से की ओर बढ़ रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि सभी मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया और किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं। खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण कुवैत सहित कई देशों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

04:25 AM, 12-Mar-2026

खाड़ी में जहाजों की सुरक्षा पर जी7 देशों की हुई बैठक

जी7 देशों के नेताओं ने खाड़ी क्षेत्र में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए नए उपायों पर विचार करने का फैसला किया है। अमेरिका, कनाडा, जापान, इटली, ब्रिटेन, जर्मनी और फ्रांस के नेताओं ने इस मुद्दे पर चर्चा की। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की पहल पर हुई बैठक के बाद कहा गया कि जहाजों को सैन्य सुरक्षा देकर उन्हें सुरक्षित मार्ग प्रदान करने का विकल्प जांचा जाएगा। इसके लिए एक कार्य समूह भी बनाया गया है। यह समूह शिपिंग कंपनियों और बीमा कंपनियों से भी बातचीत करेगा।

04:25 AM, 12-Mar-2026

यूएई ने रोकी ईरान की नई मिसाइल और ड्रोन हमले की लहर

संयुक्त अरब अमीरात ने कहा है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान की ओर से दागी गई नई मिसाइल और ड्रोन हमलों को सफलतापूर्वक रोक दिया है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार छह बैलिस्टिक मिसाइल, सात क्रूज मिसाइल और 39 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया गया। सरकार का कहना है कि संघर्ष की शुरुआत से अब तक यूएई ने कुल 268 बैलिस्टिक मिसाइल, 15 क्रूज मिसाइल और 1514 ड्रोन को निष्क्रिय किया है। इन हमलों में विभिन्न देशों के छह लोगों की मौत हुई है और 131 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं।

03:41 AM, 12-Mar-2026

West Asia Crisis LIVE: जंग के बीच पीएम मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति से की बातचीत; कतर से 500 भारतीय बचाकर लाए गए

इराकी समुद्री क्षेत्र में दो विदेशी तेल टैंकरों पर अज्ञात हमले की खबर सामने आई है। इन टैंकरों में इराक का फ्यूल ऑयल ले जाया जा रहा था। हमले के बाद दोनों जहाजों में आग लग गई और स्थिति गंभीर हो गई। एक इराकी बंदरगाह अधिकारी ने बताया कि हमले के बाद बचाव अभियान चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार दोनों टैंकरों से कुल 25 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। हालांकि जहाजों में लगी आग अभी पूरी तरह बुझाई नहीं जा सकी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किसने किया। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच इस घटना ने समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें