इस्राइली वायु सेना ने ईरान की सीमा में एयरपोर्ट पर खड़े एक लड़ाकू हेलीकॉप्टर को निशाना बनाकर तबाह कर दिया। इसके साथ ही इस्राइली सेना ने ईरान पर अपनी वायु श्रेष्ठता साबित की है क्योंकि इस्राइली जहाज बिना किसी परेशानी के ईरान के वायु क्षेत्र में ऑपरेट कर रहे हैं।
इस्राइली सेना ने कहा है कि उनकी वायुसेना ने बुधवार को सन्नाज एयरपोर्ट पर ईरान के एक लड़ाकू हेलीकॉप्टर को निशाना बनाकर तबाह कर दिया। इस्राइली सेना ने कहा कि इससे पता चलता है कि ईरान का एयर डिफेंस और वायु सेना की क्षमताएं तबाह हो चुकी हैं। इस्राइली सेना ने ये भी कहा कि पश्चिमी ईरान में हवाई श्रेष्ठता का और विस्तार किया जाएगा।
विज्ञापन
इस्राइली सेना ने साझा किया वीडियो
इस्राइली सेना ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में बताया कि पूरी सटीकता से रियल टाइम खुफिया जानकारी के आधार पर हमला किया गया। आईडीएफ ने बताया कि वायु सेना ने हमदान प्रांत के सन्नाज एयरपोर्ट पर एमआई-17 हेलीकॉप्टर को निशाना बनाया। आईडीएफ लगातार इस्लामिक गार्ड कॉर्प्स की वायु सेना की क्षमताओं पर हमले कर रही है और पश्चिमी ईरान में अपनी हवाई श्रेष्ठता का लगातार विस्तार कर रही है।
पश्चिम एशिया की लड़ाई में अब ऊर्जा ठिकानों को बनाया जा रहा निशाना
इससे पहले बुधवार रात को इस्राइल ने ईरान के दक्षिण पार्स गैस क्षेत्र पर हमला किया। जिसके बाद ईरान द्वारा कतर के दक्षिण पार्स गैस क्षेत्र को निशाना बनाया गया। इन हमलों के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति को भी ऊर्जा ठिकानों को निशाना न बनाने की अपील करनी पड़ गई और उन्होंने कहा कि उन्हें इस्राइल के हमले की जानकारी नहीं थी।
कतर, अजरबैजान, बहरीन, मिस्त्र, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, पाकिस्तान, सऊदी अरब, सीरिया, तुर्किये और संयुक्त अरब अमीरात ने बुधवार को रियाद में बैठक के बाद एक संयुक्त बयान जारी किया। इस बयान में ईरान को तुरंत हमले रोकने के लिए कहा गया है।
इस्राइल के एक ड्रोन अटैक में ईरान में दो लोगों की मौत हुई है। ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने रिपोर्ट में बताया कि अमेरिका-इस्राइल ड्रोन ने ईरान के उत्तर पश्चिमी शहर मालेकान में एक ठिकाने को निशाना बनाया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए हैं।