फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Asia LIVE: ईरान-US वार्ता में नई हलचल, पाकिस्तान के जरिए संदेश आदान-प्रदान का दावा; गाजा में संघर्ष जारी

Wed, 15 Apr 2026 11:04 PM IST
Nirmal Kant वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
इस्राइली और अमेरिकी हमलों के बाद पश्चिम एशिया क्षेत्र में तनाव - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक/पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:03 PM, 15-Apr-2026

इस्राइली सेना ने दक्षिण लेबनान के बड़े हिस्से को खाली करने का आदेश दिया

अमेरिका में लेबनान के साथ ऐतिहासिक शांति वार्ता के अगले दिन बुधवार को इस्राइली सेना ने लेबनान के दक्षिणी शहर टायर पर रातभर बमबारी की। इस दौरान एक रिहायशी इमारत पर गिरे बम ने एक युवती की जान ले ली और कई घायल हो गए। इस्राइली सेना ने हिजबुल्ला के खिलाफ हमले तेज करते हुए दक्षिणी लेबनान के निवासियों को इलाका खाली करने का आदेश दिया।

इस्राइली सेना ने कहा कि उसने पिछले 24 घंटों में दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के 200 से अधिक बुनियादी ढांचा स्थलों पर हमला किया है। वहीं, इस्राइल सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि हिजबुल्ला की तरफ से बुधवार को इस्राइल पर 40 रॉकेट दागे गए। यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि इस्राइली सेना ने टायर शहर में किसको निशाना बनाया था। लेकिन हमले के बाद पूरे शहर से उठता धुआं, टूटी-फूटी इमारतों, मलबे के ढेरों और बिखरी सड़कों में साफ दिखाई दे रहे थे। इस्राइली हमले में लेबनान में अब तक 2,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, हजारों घायल हैं और 10 लाख से अधिक विस्थापित भी हुए हैं।

हिजबुल्ला ने वार्ता का विरोध किया
इस्राइल और लेबनान के बीच मंगलवार को वाशिंगटन में हुई ऐतिहासिक वार्ता का हिजबुल्ला विरोध कर रहा है। उसका मानना है कि यह इ्स्राइलियों को रियायत देना है, जबकि वह लेबनान में बमबारी जारी रखे हुए है। आतंकी समूह ने इस्राइल के साथ वार्ता को एक राष्ट्रीय पाप बताया और कहा कि इससे लेबनान में विभाजन और बढ़ जाएगा। दोनों देशों के बीच बातचीत में शामिल अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसे ऐतिहासिक अवसर बताया और यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी निर्णायक समझौता एक बैठक में नहीं होगा। बातचीत में हिजबुल्ला का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं था।

09:28 PM, 15-Apr-2026

होर्मुज नाकेबंदी के बीच जहाजों की आवाजाही थमी

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका द्वारा लागू नाकेबंदी के बाद पिछले 48 घंटों में कोई भी जहाज ईरानी बंदरगाहों तक नहीं पहुंच पाया है। सेंटकॉम के अनुसार, नौ जहाजों ने अमेरिकी निर्देशों का पालन करते हुए अपना रास्ता बदल लिया।

हालांकि, यह दावा ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी की पहले आई रिपोर्ट से अलग है, जिसमें कहा गया था कि एक प्रतिबंधित ईरानी सुपरटैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर इमाम खुमैनी बंदरगाह की ओर बढ़ गया। रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि लगभग 20 लाख बैरल कच्चा तेल ले जाने की क्षमता वाले इस टैंकर ने अपना माल उतारा या नहीं।

09:27 PM, 15-Apr-2026

तेहरान में पाकिस्तान-ईरान के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात

ईरान की राजधानी तेहरान में विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह प्रतिनिधिमंडल अमेरिका की ओर से एक नया संदेश लेकर आया है और दोनों देशों के बीच संभावित दूसरे दौर की वार्ता पर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में क्षेत्रीय हालात और कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

विज्ञापन
08:13 PM, 15-Apr-2026

गाजा में अभी भी जारी संघर्ष, तनाव बढ़ा

गाजा में हालात अब भी गंभीर बने हुए हैं। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में इस्राइली सेना की कार्रवाई में 8 फलस्तीनियों की मौत हुई है और 29 लोग घायल हुए हैं।

मंत्रालय ने यह भी दावा किया है कि अक्टूबर 2023 से जारी संघर्ष में अब तक 72,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग घायल हुए हैं। संघर्ष विराम के बाद भी हिंसा जारी रहने से हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।

08:11 PM, 15-Apr-2026

ईरान-अमेरिका वार्ता: पाकिस्तान के जरिए संदेश आदान-प्रदान का दावा

ईरान और अमेरिका के बीच चल रही बातचीत के दूसरे दौर की तारीख अभी तक तय नहीं हो सकी है। मौजूदा जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर इस समय ईरान में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह दौरा अमेरिका की ओर से ईरान तक संदेश पहुंचाने और वार्ता को आगे बढ़ाने के प्रयासों से जुड़ा है।

सूत्रों के अनुसार, बातचीत को दोबारा शुरू करने के लिए समय पर सहमति बनाने के साथ-साथ संघर्षविराम से जुड़े कुछ अहम मुद्दों पर भी चर्चा जरूरी है। ईरान की ओर से कहा गया है कि लेबनान में घोषित संघर्ष विराम का पूरी तरह पालन नहीं हुआ है। इसी बीच, अमेरिकी पक्ष की ओर से संकेत दिए गए हैं कि संघर्ष विराम को बढ़ाने पर अभी कोई औपचारिक सहमति नहीं बनी है, हालांकि दोनों देशों के बीच संवाद जारी है।

विज्ञापन
07:18 PM, 15-Apr-2026

ईरान की चेतावनी: अमेरिकी नाकेबंदी जारी रही तो खाड़ी व्यापार पूरी तरह रोकने की धमकी

ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार देश के संयुक्त सैन्य कमांडर ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई नाकेबंदी को नहीं हटाता, तो ईरान फारस की खाड़ी, ओमान सागर और लाल सागर में आयात-निर्यात पूरी तरह रोक सकता है।

कमांडर अली अब्दोल्लाही ने कहा कि ईरान अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता और हितों की रक्षा के लिए कड़ा कदम उठाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिकी नाकेबंदी संघर्ष विराम के उल्लंघन की शुरुआत है। ईरान का दावा है कि इस्राइल और अमेरिका द्वारा एक महीने पहले किए गए हमलों के बाद उसने होर्मुज जलडमरूमध्य पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर लिया था। वहीं, अमेरिका ने सोमवार से ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने वाले जहाजों पर नाकेबंदी शुरू करने की घोषणा की है, हालांकि उसने कहा है कि वह अन्य देशों के जहाजों की नौवहन स्वतंत्रता में बाधा नहीं डालेगा।

06:49 PM, 15-Apr-2026

गुजरात के कांडला बंदरगाह पहुंचा भारतीय झंडे वाला LPG टैंकर

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय ध्वज वाला जहाज जग विक्रम करीब 20,400 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर गुजरात के कांडला स्थित दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी पर पहुंच गया है।

पोर्ट अथॉरिटी के अनुसार यह जहाज दीनदयाल बंदरगाह प्राधिकरण कांडला में मंगलवार रात ऑयल जेटी-1 पर सुरक्षित रूप से लंगर डाल चुका है। अधिकारियों ने बताया कि यह टैंकर 11 अप्रैल को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर आगे बढ़ा था। यह हाल के दिनों में क्षेत्र में घोषित दो सप्ताह के संघर्षविराम के बाद इस मार्ग से गुजरने वाला पहला भारतीय जहाज है। सरकारी अधिकारियों के अनुसार, यह जहाज मार्च की शुरुआत के बाद फारस की खाड़ी से बाहर निकलने वाला नौवां भारतीय जहाज है। हालांकि अभी भी करीब 15 भारतीय ध्वज वाले जहाज क्षेत्र में मौजूद हैं और आगे के मार्ग के लिए इंतजार कर रहे हैं।

03:24 PM, 15-Apr-2026

ईरान के समृद्ध यूरेनियम मुद्दे पर रूस फिर आगे आया

रूस ने एक बार फिर संकेत दिया है कि वह ईरान के समृद्ध यूरेनियम से जुड़े विवाद को सुलझाने में सहयोग देने के लिए तैयार है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बुधवार को बीजिंग में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि मॉस्को इस समस्या के समाधान में विभिन्न तरीकों से योगदान दे सकता है। उन्होंने बताया कि इसमें उच्च स्तर पर संवर्धित यूरेनियम को ईंधन-ग्रेड यूरेनियम में बदलना या उसका एक हिस्सा रूस में सुरक्षित रखना जैसे विकल्प शामिल हो सकते हैं।

लावरोव ने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी कदम ईरान की सहमति से और उसके अधिकारों का सम्मान करते हुए ही उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे अन्य देशों को शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए यूरेनियम संवर्धन का अधिकार है, वैसे ही ईरान को भी यह अधिकार प्राप्त है। 

02:53 PM, 15-Apr-2026

ईरानी राष्ट्रपति बोले- किसी दबाव में नहीं करेंगे बातचीत

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा है कि उनका देश युद्ध नहीं, बल्कि बातचीत (डायलॉग) चाहता है। उन्होंने साफ कहा कि अमेरिका अगर दबाव बनाकर अपनी शर्तें थोपने की कोशिश करेगा, तो यह सफल नहीं होगा। ईरानी समाचार एजेंसी के अनुसार, राष्ट्रपति ने सवाल उठाया कि आम नागरिकों, बच्चों, स्कूलों और अस्पतालों को निशाना बनाना किस तरह अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवता के सिद्धांतों के तहत सही ठहराया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान शांति और बातचीत के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहता है, लेकिन किसी भी तरह का दबाव या झुकने के लिए मजबूर करना स्वीकार नहीं करेगा।

10:27 AM, 15-Apr-2026

ईरान की नीति में होर्मुज को लेकर कोई बदलवा नहीं

ईरान में स्थित विश्लेषक अबास असलानी ने कहा है कि ईरान की नीति में होर्मुज को लेकर कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि ईरान ने अपनी स्थिति पहले जैसी ही बनाए रखी है और उसने जो नए नियम बनाए हैं, वे अमेरिका द्वारा लगाए गए नौसैनिक दबाव से पहले ही तैयार किए गए थे। असलानी के अनुसार, ईरान का मानना है कि युद्ध जैसी स्थिति में इन नए प्रोटोकॉल को लागू करना जरूरी है और यह उसके हित में है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका लगातार दबाव डाल रहा है ताकि ईरान अपनी नीतियों में बदलाव करे, लेकिन अब तक ईरान की ओर से ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि वह अपनी स्थिति बदलने वाला है।

08:46 AM, 15-Apr-2026

अमेरिका के बिना होर्मुज मिशन की योजना बना रहा है यूरोप

यूरोपीय देश अमेरिका और ईरान के बीच एक महीने से ज्यादा समय तक चले संघर्ष के बाद होर्मुज स्ट्रेट को लेकर एक योजना तैयार कर रहे हैं। यूरोपीय देश यह योजना होर्मुज स्ट्रेट से बिना अमेरिका के सीधे दखल के शिपिंग को सुरक्षित करने के लिए बना रहे हैं। ईरान-अमेरिका संघर्ष के दौरान ट्रांस-अटलांटिक संबंधों को नया रूप दिया है।  बता दें, ट्रांस-अटलांटिक अमेरिका, कनाडा और यूरोपीय संघ के बीच एक रणनीतिक, सुरक्षा, राजनीतिक और आर्थिक साझेदारी है, जो द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से विश्व व्यवस्था की आधारशिला माना जाता रहा है।

द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन और फ्रांस की अगुवाई में एक प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत लड़ाई समाप्त होने के बाद समुद्री मार्गों पर भरोसा बहाल करने के लिए एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय गठबंधन बनाया जाएगा। अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि इस पहल में समुद्र में बिछी माइंस को हटाने के अभियान (माइन-क्लियरिंग ऑपरेशन) और नौसेना की तैनाती जैसे कदम शामिल होंगे। हालांकि, अमेरिका, इजरायल और ईरान जैसे सीधे तौर पर संघर्ष में शामिल देशों को इस गठबंधन से बाहर रखा जाएगा।

08:44 AM, 15-Apr-2026

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास दो पाकिस्तानी तेल टैंकरों ने अचानक बदला रास्ता

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की ओर बढ़ रहे पाकिस्तानी झंडे वाले दो तेल टैंकरों ने अचानक 180 डिग्री घूमकर अपना रास्ता बदल लिया। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ये दोनों टैंकर पहले पूर्व दिशा में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन रविवार को उन्होंने दिशा बदलकर पश्चिम की तरफ वापस मुड़ गए।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही पूरी तरह ईरान की सेना के नियंत्रण में है, और वहां से गुजरने के लिए जहाजों को ईरान से अनुमति और जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, जो पर्शियन गल्फ को गल्फ ऑफ ओमान और अरब सागर से जोड़ता है, दुनिया के सबसे अहम तेल रास्तों में से एक है। यहां से दुनिया का लगभग पांचवां हिस्सा तेल सप्लाई होता है।

03:46 AM, 15-Apr-2026

होर्मुज गतिरोध और अल नीनो से वैश्विक खाद्य संकट की आशंका 

संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) ने दुनिया को संभावित बड़े खाद्य संकट के प्रति आगाह किया है। उसने कहा, होर्मुज गतिरोध व जलवायु प्रभाव अल नीनो तथा बायोफ्यूल की ओर बढ़ता रुझान ऐसे हालात पैदा कर सकते हैं, जिसे परफेक्ट स्टॉर्म कहा जा रहा है।

एफएओ ने चेताया, यह संकट कोविड-19 के बाद पैदा हालात से भी गंभीर होकर वैश्विक खाद्य आपूर्ति तथा कीमतों पर व्यापक असर डाल सकता है। होर्मुज से विश्व स्तर पर 20-45% अहम कृषि चीजें,  उर्वरक गुजरते हैं। यदि यहां जारी गतिरोध जल्द खत्म नहीं हुआ तो उर्वरक और ऊर्जा की आपूर्ति बाधित हो सकती है, जिसका सीधा असर खेती और खाद्य उत्पादन पर पड़ेगा। एफएओ के मुख्य अर्थशास्त्री मैक्सिमो टोरेरो ने कहा, दुनिया इनपुट संकट की ओर है। यानी खेती संसाधन या तो महंगे हो रहे हैं अथवा उपलब्धता घट रही है।

फसल उत्पादन और कीमतों पर आने वाला असर....एफएओ के अनुसार मार्च 2026 में खाद्य मूल्य सूचकांक अपेक्षाकृत स्थिर रहा क्योंकि अनाज समेत अधिकांश खाद्य वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता थी। लेकिन अप्रैल में हालात बिगड़ने लगे हैं और मई में यह और स्पष्ट होगा, क्योंकि किसान अपनी बुवाई का फैसला उपलब्ध उर्वरकों और लागत के आधार पर करेंगे। यदि उन्हें पर्याप्त संसाधन नहीं मिले तो 2026 और 2027 में फसल उत्पादन घट सकता है, जिससे खाद्य वस्तुओं की कीमतें और खुदरा महंगाई बढ़ने की आशंका है।

01:43 AM, 15-Apr-2026

ईरान और तुर्किये के विदेश मंत्रियों ने फोन पर की बात

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने तुर्किये के विदेश मंत्री हाकान फिदान से फोन पर बात की। इस बातचीत में दोनों नेताओं ने क्षेत्र की स्थिति और अमेरिका-ईरान वार्ता के ताजा घटनाक्रम पर चर्चा की। यह फोन कॉल ऐसे समय हुई, जब पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हाल की वार्ता हुई थी। दोनों पक्षों ने इन वार्ताओं और आगे की कूटनीतिक कोशिशों को लेकर विचार साझा किए।

01:16 AM, 15-Apr-2026

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री से फोन पर की बात

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मंगलवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार को फोन किया और अमेरिका व ईरान को बातचीत की मेज पर लाने के लिए पाकिस्तान की सराहना की। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि इशाक डार ने शांति और स्थिरता के लिए संवाद और कूटनीति को अपनी प्राथमिकता बताया। मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान क्षेत्र में शांति सुनिश्चित करने के लिए वार्ता के पक्ष में लगातार काम करता रहेगा। 
 

01:12 AM, 15-Apr-2026

नाकाबंदी के बावजूद ईरानी जहाज ने पार किया होर्मुज जलडमरूमध्य

अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसने ईरान के बंदरगाहों की नाकाबंदी लागू करना शुरू कर दिया है। हालांकि, इसी दौरान कम से कम एक जहाज ऐसा भी देखा गया जो ईरान से जुड़ा माना जा रहा है और उसने होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया।

अमेरिकी सेना की मध्य कमान (सेंटकॉम) ने बताया कि पहले 24 घंटों में कोई भी जहाज अमेरिकी नाकाबंदी को पार नहीं कर पाया। उसने कहा कि छह व्यापारिक जहाजों को अमेरिकी बलों के निर्देश पर वापस लौटकर ओमान की खाड़ी में ईरानी बंदरगाह की ओर जाना पड़ा। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार कुछ टैंकर नाकाबंदी शुरू होने के बाद लौट गए थे। लेकिन 'रिच स्टार्री' नाम का टैंकर बाद में फिर से अपना रास्ता बदलकर जलडमरूमध्य से गुजर गया।

01:09 AM, 15-Apr-2026

अमेरिका ने काताइब हिजबुल्ला कमांडर पर घोषित किया 10 मिलियन डॉलर का इनाम

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के रिवार्ड्स फॉर जस्टिस कार्यक्रम ने अहमद अल-हामिदावी पर 10 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित किया है। हामिदावी ईरान समर्थित मिलिशिया काताइब हिजबुल्ला का कमांडर है। विदेश मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में उसकी तस्वीर जारी की। पोस्ट में कहा गया कि यह समूह इराक में अमेरिकी राजनयिक ठिकानों पर हमलों के लिए जिम्मेदार है। इसके साथ इस पर अमेरिकी नागरिकों के अपहरण और निर्दोष इराकी नागरिकों की हत्या के आरोप भी हैं।

पिछले महीने इसी समूह पर आरोप लगा कि उसने बगदाद में एक अमेरिकी पत्रकार शेली किटलसन का अपहरण किया था। हालांकि, कुछ दिनों बाद उसे इस शर्त पर छोड़ दिया गया कि वह देश छोड़ दे। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसके बदले इराक सरकार कुछ मिलिशिया सदस्यों को रिहा करने पर सहमत हुई थी। अधिकारियों ने यह भी साफ किया कि काताइब हिजबुल्ला लेबनान के हिजबुल्ला से अलग संगठन है। दोनों के नेता और संरचना अलग-अलग हैं। हालांकि विचारधारा और गठबंधन मिलते-जुलते हैं। 

01:03 AM, 15-Apr-2026

अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन से अस्थिरता और अविश्वास बढ़ रहा: गुटेरेस

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मंगलवार को चेतावनी दी कि अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन से अस्थिरता और अविश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए अमेरिका-ईरान वार्ता फिर से शुरू करने की अपील की। साथ ही उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता का सम्मान करने पर जोर दिया।

गुटेरेस ने कहा कि वह इस सप्ताह नीदरलैंड के हेग जाएंगे। वह अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) की 80वीं वर्षगांठ में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आज की दुनिया में जब ताकत की प्रतिस्पर्धा और विभाजन बढ़ रहा है, तब अंतरराष्ट्रीय कानून और भी जरूरी हो गया है। 

12:57 AM, 15-Apr-2026

अमेरिका-ईरान वार्ता फिर शुरू होने की बहुत अधिक संभावना: संयुक्त राष्ट्र महासचिव

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि अमेरिका-ईरान वार्ता फिर से शुरू होने की 'बहुत अधिक संभावना' है। उन्होंने मंगलवार को पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद यह संकेत दिया।

गुटेरेस ने पाकिस्तान की पश्चिम एशिया में शांति लाने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि वह इस कोशिश की बहुत प्रशंसा करते हैं।

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के पत्रकारों से कहा कि यह जरूरी है कि ये बातचीत जारी रहे। गुटेरेस ने कहा कि एक ही बैठक में अमेरिका-ईरान जैसे जटिल मुद्दों का समाधान  होना संभव नहीं है। यह 'अवास्तविक' होगा कि इतने बड़े और लंबे विवाद एक ही दौर में खत्म हो जाएं। उन्होंने आगे कहा कि बातचीत चलती रहनी चाहिए और साथ ही युद्ध विराम भी कायम रहना चाहिए, ताकि शांति प्रक्रिया आगे बढ़ सके। उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून का 'खुले तौर पर उल्लंघन' हो रहा है, खासकर पश्चिम एशिया में।

12:47 AM, 15-Apr-2026

अमेरिकी सेना के तीन सैनिक गंभीर रूप से घायल: सेंटकॉम

अमेरिकी सेना की मध्य कमान (सेंटकॉम) के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने बताया कि उनकी तीन सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक कुल 348 सैनिक घायल हुए थे, जिनमें से छह की हालत गंभीर बताई गई थी। सेंटकॉम के अनुसार, पिछले अपडेट के बाद से आंकड़ों में बदलाव हुआ है। लेकिन सेना ने घायलों की स्थिति में सुधार को लेकर कोई और जानकारी नहीं दी है।  

प्रवक्ता हॉकिन्स ने यह भी बताया कि अब तक घायल हुए कुल सैनिकों में से 354 सैनिक फिर से ड्यूटी पर लौट चुके हैं। इस संघर्ष की शुरुआत के बाद से अब तक 13 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है। 

12:38 AM, 15-Apr-2026

West Asia LIVE: ईरान-US वार्ता में नई हलचल, पाकिस्तान के जरिए संदेश आदान-प्रदान का दावा; गाजा में संघर्ष जारी

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच बड़ा कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। इस्राइल और लेबनान के बीच दशकों बाद पहली बार सीधी वार्ता हुई। यह बातचीत दक्षिण लेबनान में इस्राइल और हिजबुल्ला के बीच जारी संघर्ष के बीच हुई। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी इस बातचीत में शामिल हुए। उन्होंने वॉशिंगटन में इस्राइली और लेबनानी राजदूतों के साथ चर्चा की। हिजबुल्ला ने स्पष्ट कहा है कि वह किसी भी समझौते का पालन नहीं करेगा। हिजबुल्ला के राजनीतिक परिषद के एक वरिष्ठ सदस्य ने एसोसिएटेड प्रेस को यह जानकारी दी। 

उधर, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और गहरा गया है। अमेरिकी सेना ने दावा किया कि उसने ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी लागू करना शुरू कर दिया है। ईरान ने भी चेतावनी दी है कि वह पूरे क्षेत्र में जवाबी हमले कर सकता है। एक दिन पहले ही पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरानी जहाज नाकाबंदी के पास आए तो उन्हें 'तेज और विनाशकारी' जवाब दिया जाएगा।

इसी बीच, ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान वार्ता का दूसरा दौर अगले दो दिनों में हो सकता है। पहला दौर बिना किसी समझौते के खत्म हुआ था। मुख्य विवाद ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर है। इस बीच अस्थायी युद्ध विराम 22 अप्रैल को खत्म होने वाला है। आगे क्या होगा यह स्पष्ट नहीं है। अमेरिकी सेना के अनुसार, ईरान से संघर्ष में अब तक 399 सैनिक घायल हुए हैं।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें