सार
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ युद्ध कब खत्म होगा, इसका फैसला वह बेंजामिन नेतन्याहू के साथ साझा करेंगे। ट्रंप ने चेताया कि अगर वे न होते, तो ईरान इस्राइल और आसपास के देशों को नष्ट कर देता। अंतिम निर्णय अमेरिका का होगा, लेकिन नेतन्याहू की राय भी शामिल रहेगी।
डोनाल्ड ट्रंप और बेंजमिन नेतन्याहू
- फोटो : ANI
पश्चिम एशिया में पिछले दस दिनों से जारी संघर्ष ने दुनियाभर में चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि ईरान के साथ युद्ध कब खत्म होगा, इसका फैसला वह इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ मिलकर करेंगे। ट्रंप ने यह बात द टाइम्स ऑफ़ इस्राइल से एक छोटे टेलीफोनिक इंटरव्यू में कही। उन्होंने कहा कि अगर वो और नेतन्याहू न होते, तो ईरान इस्राइल को पूरी तरह तबाह कर देता।
ट्रंप ने कहा कि ईरान इस्राइल और आसपास के देशों को नष्ट करने वाला था। हमने मिलकर काम किया और उस देश को रोक दिया। इसके साथ ही जब उनसे पूछा गया कि क्या युद्ध खत्म करने का फैसला सिर्फ उनका होगा या नेतन्याहू की भी राय शामिल होगी, तो ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है यह साझा निर्णय होगा, थोड़ा-बहुत। हम बात कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें:- 'ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करने की छोटी कीमत': तेल की कीमतों में उछाल पर बोले ट्रंप, बताया कब गिरेंगे दाम?
सही समय पर लूंगा फैसला- ट्रंप
इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि इस जंग को खत्म करने का फैसला मैं सही समय पर लूंगा, लेकिन सब कुछ ध्यान में रखा जाएगा। इसका मतलब है कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू अपनी राय रखेंगे, लेकिन अंतिम फैसला अमेरिका के राष्ट्रपति का होगा।
तेल की कीमतों पर भी बोले ट्रंप
इससे पहले ट्रंप ने दुनियाभर में बढ़ते तेल की कीमतों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अगर ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करने के लिए कुछ समय के लिए तेल की कीमतें बढ़ भी जाती हैं, तो यह दुनिया की सुरक्षा और शांति के लिए बहुत छोटी कीमत होगी।
ये भी पढ़ें:- लंबा खिंचेगा अमेरिका-ईरान युद्ध?: हमलों में सातवें अमेरिकी सैनिक की मौत, ट्रंप दे चुके हैं तेहरान को खुली धमकी
तेल की कीमतें कब गिरेंगी?
इसके साथ ही ट्रंप ने यह भी लिखा कि जब ईरान के परमाणु खतरे को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा, तब तेल की कीमतें जल्दी ही गिर जाएंगी। अभी अगर थोड़े समय के लिए तेल की कीमतें बढ़ती हैं, तो यह अमेरिका और दुनिया की सुरक्षा के लिए एक छोटी सी कीमत है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग इससे अलग सोचते हैं, वे मूर्ख हैं।