वॉशिंगटन में हुई गोलीबारी में सात लोग घायल हो गए। घटना के समय आसपास 100 से अधिक लोग मौजूद थे। अमेरिकी की स्थानीय पुलिस के मुताबिक दो गुटों में हुए विवाद के बाद बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर गोलियां चला दीं।
वॉशिंगटन के टैकोमा में एक पार्क में हुई गोलीबारी में सात लोग घायल हो गए। जिस समय फायरिंग हुई उस समय पार्क में 100 से अधिक लोग मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, हिंसा दो समूहों के बीच विवाद के बाद हुई। पुलिस ने बताया कि टैकोमा के पास लेकवुड शहर के हैरी टॉड पार्क में बुधवार शाम गोलीबारी की घटना में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
विज्ञापन
जनता से सहयोग की अपील
कितने लोगों ने गोली चलाई? क्या पीड़ितों को निशाना बनाकर हमला किया गया? इन सवालों के जवाब नहीं मिले हैं। लेकवुड पुलिस ने जनता से अपील की है कि इस घटना से जुड़ी छोटी से छोटी सूचना साझा कर जांच में सहयोग करें, ताकि दोषियों की पहचान कर उन्हें दंडित किया जा सके।
घायलों में 16 वर्षीय लड़की और 38 साल का पुरुष भी शामिल
लेकवुड पुलिस के सार्जेंट चार्ल्स पोर्शे ने बताया कि गोलीबारी में घायल लोगों में 16 वर्षीय लड़की भी शामिल है। अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद डॉक्टरों ने बताया कि पीड़िता की हालत स्थिर है। घायलों में 38 वर्षीय पुरुष भी शामिल है। पुरुष की हालत गंभीर बताई जा रही है। दो अन्य घायलों की स्थिति थोड़ी गंभीर हैं। बाकी लोगों की हालत स्थिर है।
शाम करीब आठ बजे की वारदात
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब 8 बजे (स्थानीय समय) पार्क में गोली चलने की सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद उन्हें 'अराजक और तनावपूर्ण' हालात का सामना करना पड़ा। पांच घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि दो अन्य खुद ही अस्पताल में उपचार कराने गए।
कई ऐसे भी घायल जिनका कोई लेना-देनी ही नहीं
पुलिस अधिकारी पोर्शे के मुताबिक स्थानीय लोग परिवारों के साथ पार्क और झील का आनंद ले रहे थे। इसी समय गोलीबारी जैसी घटना विचलित करने वाली है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि घटना में कौन-कौन शामिल था और कितने लोगों ने गोलियां चलाईं। उन्होंने कहा, दो गुटों की झड़प में कुछ ऐसे लोग भी घायल हुए, जिनका इस मामले से कोई संबंध नहीं।
बढ़ रही है हिंसक वारदात
बता दें कि अमेरिका में पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर गोलीबारी की घटनाए बढ़ रही हैं। कुछ ही दिन पहले फिलाडेल्फिया के एक पार्क में गोलीबारी हुई थी। इसमें दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि नौ लोग घायल हुए थे।