War: सीरिया के पलमायरा पर इस्राइली हमला, 36 की मौत; संघर्ष विराम पर हिजबुल्ला ने इस्राइल के पाले में डाली गेंद
Thu, 21 Nov 2024 12:38 AM IST
शिव शुक्ला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, दमिश्क/यूएन/बेरूत
सार
हिजबुल्ला प्रमुख नईम कासिम ने कहा कि उनके समूह ने इस्राइल के साथ चल रहे युद्ध को समाप्त करने के बारे में समीक्षा की है, लेकिन अब यह इस्राइल पर निर्भर करेगा कि वह युद्ध विराम चाहता है कि नहीं। बुधवार को प्रसारित एक टेलीविजन भाषण में कासिम ने कहा कि वह अमेरिका की ओर से तैयार किए गए युद्धविराम प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं।
सीरिया के ऐतिहासिक शहर पलमायरा पर बुधवार को हुए इस्राइली हमले में 36 लोग को मौत हो गई और 50 से अधिक घायल हो गए। समाचार एजेंसी सना ने कहा कि हमले से आसपास के क्षेत्र को काफी नुकसान पहुंचा है। पलमायरा ऐतिहासिक रोमन मंदिर परिसर के लिए जाना जाता है। समाचार एजेंसी के अनुसार इस्राइल अक्सर सीरिया में ईरान से जुड़े समूहों और सैन्य स्थलों को निशाना बनाता है, लेकिन वह कभी इसे स्वीकार नहीं करता है। दूसरी तरफ, इस्राइली सेना ने इस बारे में टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया है।
विज्ञापन
गाजा में तत्काल युद्ध विराम की मांग के प्रस्ताव पर अमेरिका का वीटो
अमेरिका ने बुधवार को गाजा मे चल रहे युद्ध को तुरंत रोकने की मांग वाले संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव पर वीटो कर दिया है। अमेरिका ने कहा कि प्रस्ताव में अक्तूबर 2023 में इस्राइल में हमास ने जिन नागरिकों को बंधक बनाए थे उन्हें तत्काल रिहा किए जाने के बारे में कुछ नहीं कहा गया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने 15 सदस्यीय परिषद के 10 निर्वाचित सदस्यों की ओर से प्रायोजित प्रस्ताव के पक्ष में 14-1 से मतदान पड़ा, लेकिन अमेरिकी वीटो के कारण इसे अपनाया नहीं जा सका।
हमने युद्धविराम प्रस्ताव की समीक्षा की, अब यह इस्राइल के हाथों में : हिजबुल्ला प्रमुख
हिजबुल्ला प्रमुख नईम कासिम ने कहा कि उनके समूह ने इस्राइल के साथ चल रहे युद्ध को समाप्त करने के बारे में समीक्षा की है, लेकिन अब यह इस्राइल पर निर्भर करेगा कि वह युद्ध विराम चाहता है कि नहीं। बुधवार को प्रसारित एक टेलीविजन भाषण में कासिम ने कहा कि वह अमेरिका की ओर से तैयार किए गए युद्धविराम प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं। हमने अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। कासिम ने कहा कि लेबनान में अमेरिकी राजदूत अमोस होचस्टीन लेबनानी अधिकारियों के साथ युद्धविराम समझौते को अंतिम रूप देने के लिए इस्राइल जाएंगे। इस बैठक में दोनों पक्ष के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। अंतिम फैसला बैठक के बाद होगा।