तुर्की जाने वाली एक फ्लाइट में चार घंटे तक हुआ हंगामा हर यात्री के लिए किसी बुरे सपने के समान था। दरअसल, पेशे से नर्स एक महिला यात्री ने वोडका पीने के बाद हवाई सफर के दौरान हंगामा खड़ा कर दिया था। हालांकि लोगों की जान जोखिम में डाल देने वाली इस घटना के बावजूद आरोपी महिला किसी तरह से जेल जाने से बच गई।
थॉमस कुक एयरलाइंस की फ्लाइट में बैठी 29 साल की कैथरीन हेयस ने अपनी सीट पर बैठे-बैठे ही वोदका की एक पूरी बोतल खत्म कर दी थी। इसके बाद ही हेयस ने उड़ान चालक दल के सदस्यों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।बता दें कि यह उड़ान मैनचेस्टर हवाई अड्डे से एंटाल्या के लिए जा रही थी।
बाद में इस मामले में कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान बताया गया कि कैसे नशे के उन्माद में पेशे से पशु चिकित्सा नर्स कैथरीन अपने आसपास के यात्रियों और चालक दल के सदस्यों पर चिल्ला रही थी। इस अप्रिय घटना के दौरान बच्चे डर गए और यहां तक कि एक यात्री ने कहा कि हंगामा करने वाली उक्त महिला के कारण यह उड़ान उसके लिए सबसे खराब अनुभव रही।
सुनवाई के दौरान विगन की रहने वाली हेयस से मिनशुल स्ट्रीट क्राउन कोर्ट में जज ने कहा कि तुम्हें जेल नहीं भेजा रहा है, परंतु अपने किए पर 'शर्मिंदा' होना चाहिए। कोर्ट को यह भी बताया गया कि बीते साल 18 मई को आरोपी महिला अपनी दो अन्य महिला मित्रों के साथ उड़ान में सवार हुई थी।
अभियोजक पीटर हॉल ने अदालत को बताया कि पहले पहल आरोपी महिला दोस्ताना व्यवहार प्रदर्शित कर रही थी, परंतु बाद में केबिन क्रू सदस्यों ने देखा कि वह नशे में थी। हॉल ने कहा कि उड़ान के दौरान, केबिन क्रू ने आरोपी महिला और उसके दोस्त को एक बड़ा बैग लेकर एक साथ शौचालय जाते हुए देखा था। ऐसे में उन्हें एक समय में एक-एक करके शौचालय का उपयोग करने की सलाह भी दी गई थी।
इसके बाद उड़ान के दौरान यह पता चला कि वह और उसकी दोनों मित्र नशे में थे। क्रू के सदस्यों को उनकी सीट के नीचे वोदका की खाली बोतल भी मिली। इन महिलाओं से कहा गया कि वह उड़ान के दौरान ज्यादा शराब न पिएं, लेकिन हेयस यह सुनकर 'उन्मादी' हो गईं।
अभियोजक ने अदालत को बताया कि आरोपी ने हिंसक व्यवहार प्रदर्शित किया और वह चिल्ला रही थी। केबिन में माहौल अराजक हो गया था। इस दौरान विमान में विशेष रूप से बच्चे परेशान थे और उनमें से एक रो रहा था।
एक यात्री ने कहा की यह बेहद बुरा अनुभव था। चूंकि यात्रा पूरी होने में केवल 40 मिनट शेष थे, उड़ान तुर्की जा रही थी और स्थानीय पुलिस ने विमान के उतरने के बाद हेयस से बात की। बचाव पक्ष की वकील रेचेल शेंटन ने कहा कि उनकी मुवक्किल- जो पहले से किसी अपराध में दोषी करार नहीं ठहराई गई है, वह बुरे चरित्र वाली नहीं है। वह अपने किए पर शर्मिंदा भी है।
शेंटन ने कहा कि उनकी मुवक्किल काम करती है और उसका बहुत ही प्यारा परिवार है, सहकर्मी हैं और अच्छे दोस्त भी हैं। अपराध की गंभीरता के बावजूद मैं कहना चाहूंगी कि वह नशे की आदि नहीं है। वह कभी-कभी ही यात्रा करती है।
शेंटन ने कहा कि घटना के दौरान कोई हिंसात्मक कृत्य नहीं हुआ। यहां तक कि मेरी मुवक्किल को गिरफ्तार भी नहीं किया गया। उसे अपना सामान एकत्र करने और अपनी छुट्टी पर जाने की अनुमति भी दी गई।
उसे उसके पिता ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने उनसे संपर्क किया है और वह उससे बात करना चाहते हैं। मेरी मुवक्किल ने तीन साल की कड़ी मेहनत के बाद पशु चिकित्सा नर्स की अर्हता प्राप्त की है और वह उम्मीद करती है कि वह इस भूमिका को भविष्य में भी निभाती रहेगी।
शेंटन ने न्यायाधीश जॉन एडवर्ड्स से कहा कि वह उनकी मुवक्किल को हिरासत में ना भेजें। इस पर जज ने सहमति व्यक्त करते हुए हेयस का हिरासत में तो नहीं भेजा, परंतु उससे कहा कि आप हर यात्री के लिए बुरे सपने की तरह हैं।
जज ने कहा कि आपने जो व्यवहार किया वह सिर्फ सभी के लिए बेहद परेशान करने वाला ही नहीं है, बल्कि इससे खतरा भी पैदा हो सकता था। जैसा कि आपने कहा कि आप अपने आपे से बाहर थीं। आपको शर्म आनी चाहिए और मुझे लगता है कि आप शर्मिंदा हैं भी।
जज ने विगन की रहने वाली हेयस को नशे की हालत में विमान में सवार होने के अपराध में दोषी ठहराया। उसे 12 महीने तक सामुदायिक सेवा करने और 80 घंटे तक बिना किसी वेतन के काम करने की सजा सुनाई गई। इसके साथ ही उसे 250 पाउंड अदालत में जुर्माने के तौर पर जमा कराने के लिए भी कहा गया।