रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
- फोटो : Social media
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ रूस की दो कोरोना वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावशाली है और तीसरी जल्द आने वाली है। पुतिन ने चेताया कि वैक्सीन के मुद्दे को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
मंगलवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की वर्चुअल बैठक को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा कि रूस आवश्यकता वाले देशों को दवाइयां और सामान देने के विचार का समर्थन करता है। रूस में हमने दो वैक्सीन को रजिस्टर कराया है। ट्रायल से यह साबित हुआ है कि इन वैक्सीन का कोई साइड इफेक्ट नहीं है और यह काफी प्रभावशाली हैं। जल्द ही हम तीसरी वैक्सीन का ट्रायल शुरू करेंगे।
हालांकि रूसी वैक्सीन पर विशेषज्ञों की आपत्ति उठाने पर पुतिन ने कहा कि हम सहयोग के लिए तैयार हैं, लेकिन इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। हमें तथ्यों को लोगों के सामने रखना चाहिए क्योंकि इस समय उन्हें वैक्सीन की आवश्यकता है। हम दुनिया के किसी भी देश के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं। रूस ऐसे समय में एससीओ बैठक की अध्यक्षता कर रहा है, जब दुनिया कोरोना महामारी का सामना कर रही है।
हमें संगठन के एजेंडे में समायोजन करना होगा, जिससे स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एससीओ सदस्य देशों के बीच बेहतर संपर्क हो सके। आज हम महामारी का मुकाबला करने के लिए व्यापक योजना को अपनाने जा रहे हैं। रूस पांच लाख कोरोना टेस्ट किट व अन्य उपकरण सदस्य देशों को दान देगा। रूस ने मेडिकल टीमों कजाखस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान भेजी हैं।
इमरान ने फिर अलापा कश्मीर राग
वहीं पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने एससीओ बैठक में फिर से कश्मीर राग अलापा। इमरान ने कश्मीर का नाम लिए बिना कहा, वह विवादित क्षेत्र की स्थिति में बदलाव करने की किसी देश की अवैध व एकतरफा कार्रवाई का विरोध करते हैं। यह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन है। क्षेत्रीय शांति व स्थिरता बनाए रखने और विवादित मुद्दों को सुलझाने के लिए संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों का लागू करना आवश्यक है।