विदेश सचिव हर्षवर्धन शृंगला ने मंगलवार को मालदीव के मंत्रियों व विपक्ष के नेताओं के साथ कई बैठकें कीं और द्विपक्षीय समझौतों के तहत 1.3 अरब डॉलर की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति समीक्षा की।
शृंगला मालदीव के दो दिवसीय दौरे पर हैं और इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करना है। दौरे के पहले दिन सोमवार को दोनों देशों में दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए थे, जिनमें से एक में ग्रेटर माले कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट के लिए 10 करोड़ डॉलर का अनुदान शामिल है।
रिपोर्ट के मुताबिक, शृंगला ने राष्ट्रीय योजना, आवास और बुनियादी ढांचा मंत्री मोहम्मद असलम, आर्थिक विकास मंत्री फैयाज इस्माइल और वित्त मंत्री इब्राहिम आमेर के साथ संयुक्त बैठक की। सोमवार को शृंगला ने मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सालेह और वहां की संसद पीपुल्स मजलिस के स्पीकर मोहम्मद नाशीद के साथ मुलाकात की थी।
मालदीव में भारत के उच्चायोग ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। बता दें कि मालदीव में भारत की मदद से ग्रेटर माले कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट के अलावा बंदरगाहों व सड़कों का पुनर्निर्माण, हवाईअड्डों का विस्तार, क्रिकेट स्टेडियम व कैंसर अस्पताल का निर्माण और मतस्य पालन के विकास संबंधी कई परियोजनाएं चल रही हैं।