अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और कई लैटिन अमेरिकी देशों के बाद ब्रिटेन समेत स्पेन, फ्रांस और अन्य यूरोपीय संघ से जुड़े देशों ने भी सोमवार को वेनेजुएला के विपक्षी नेता जुआन गोइदो को अंतरिम नेता के रूप में मान्यता दे दी है। इससे पहले वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने यूरोपीय देशों की उस मांग को खारिज कर दिया जिसमें समय से पहले देश में चुनाव कराने की मांग की गई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला में सैन्य दखल करना एक विकल्प है। जबकि ओपेक देशों के सहयोगी रूस ने इस तरह के विनाशकारी कदम का विरोध किया है। अमेरिका मादुरो को हटाने के लिए वैश्विक अभियान का नेतृत्व कर रहा है। ट्रंप ने सीबीएस न्यूज को कहा, ‘मैं यह नहीं कहना चाहता, लेकिन निश्चित रूप से सैन्य दखल एक विकल्प है।’ दूसरी तरफ, कुछ वर्षों से वेनेजुएला के खास सहयोगी रहे रूस के विदेश मंत्री ने कहा कि ‘सभी देशों वेनेजुएला की मदद करनी चाहिए। विश्व को चाहिए कि वह इस देश को संकट से निकाले न कि उसे बर्बाद करने की योजना बनाए।’
वेनेजुएला में सत्ता संघर्ष चरम पर पहुंच गया है। ताजा घटनाक्रम में विपक्ष के नेता जुआन गोइदो चीन को अपने पक्ष में करने के लिए बीजिंग यात्रा पर हैं। इस यात्रा पर अमेरिका ने भी पैनी निगाह बनाई हुई है, क्योंकि चीन और रूस राष्ट्रपति मादुरो के पक्ष में हैं। ऐसे में गोइदो चीन को आश्वस्त करने की कोशिश करेंगे कि यदि वह मादुरो को सत्ता से बाहर करने में सफल रहे तो द्विपक्षीय रिश्तों का सम्मान करेंगे। यदि गोइदो चीन को अपने पक्ष में करने में सफल हो जाते हैं तो इसे उनकी एक बड़ी जीत माना जाएगा।