Trump-Musk Feud: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच उपजे विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। जेडी वेंस ने कहा, ट्रंप ने एपस्टीन के साथ कोई गलत काम नहीं किया। ये आरोप किसी काम के नहीं हैं।
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि अरबपति कारोबारी एलन मस्क राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमला करके एक बहुत बड़ी गलती कर रहे हैं। हालांकि जेडी वेंस ने मस्क के तीखे सोशल मीडिया पोस्ट्स को हल्के में लेने की भी कोशिश की और उन्हें भावुक इंसान बताया जो शायद थोड़े नाराज और निराश हो गए। जेडी वेंस ने शुक्रवार को एक इंटरव्यू में कहा, 'मुझे उम्मीद है कि एलन मस्क दोबारा हमारे साथ जुड़ेंगे। शायद अब यह मुश्किल है क्योंकि उन्होंने बहुत उग्र रुख अपना लिया है।' उनका यह बयान उस समय आया जब हाल ही में मस्क और ट्रंप के बीच गहरी तकरार हो गई है। कई रिपब्लिकन नेता दोनों को आपसी मतभेद भुलाकर सुलह करने की सलाह दे रहे हैं।
मस्क ने क्या कहा?
एलन मस्क ने राष्ट्रपति ट्रंप पर कर चोरी, सरकार से गलत फायदा उठाने और जेफ्री एपस्टीन जैसे अपराधी से संबंध छिपाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मस्क ने ट्रंप की अहम टैक्स कटौती और खर्च वाले बिल की आलोचना करते हुए इसे 'घिनौना और देश को कर्ज में डुबोने वाला बिल' कहा। उन्होंने तो यह तक कह दिया कि ट्रंप को महाभियोग लगाकर हटाना चाहिए और उनकी जगह जेडी वेंस को राष्ट्रपति बनाना चाहिए। हालांकि बाद में मस्क ने अपने ये पोस्ट डिलीट कर दिए।
विज्ञापन
ट्रंप का मस्क को जवाब
राष्ट्रपति ट्रंप ने मस्क को पागल बताया और कहा कि उनकी कंपनियों को मिलने वाले सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स खत्म किए जा रहे हैं। इसके बाद से दोनों के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई।
वेंस ने मस्क की आलोचना की लेकिन तारीफ भी की
जेडी वेंस ने मस्क के कुछ आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया। खासकर जब मस्क ने कहा कि ट्रंप सरकार ने जेफ्री एपस्टीन केस से जुड़े सारे रिकॉर्ड इसलिए जारी नहीं किए क्योंकि उसमें ट्रंप का नाम हो सकता है। जेडी वेंस ने कहा, ट्रंप ने एपस्टीन के साथ कोई गलत काम नहीं किया। ये आरोप किसी काम के नहीं हैं। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि मस्क एक शानदार उद्यमी हैं और उन्होंने सरकार के खर्च को कम करने के लिए जो कदम उठाए, वे काफी अच्छे रहे।
बिल पर असहमति, लेकिन सरकार की नीति का बचाव
मस्क ने जिस बिल का विरोध किया है, वह ट्रंप की सरकार के 2017 के टैक्स कट्स को आगे बढ़ाने से जुड़ा है। हालांकि कांग्रेसनल बजट ऑफिस की रिपोर्ट के अनुसार, यह बिल आने वाले 10 सालों में अमेरिका का घाटा 2.4 ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ा सकता है और लगभग 1 करोड़ 9 लाख लोग स्वास्थ्य बीमा से वंचित हो सकते हैं। जेडी वेंस ने कहा, 'यह एक अच्छा बिल है, परफेक्ट नहीं है। लेकिन ये कहना कि सांसदों को इसे पढ़ने का वक्त नहीं मिला, बेबुनियाद है।'