अमेरिकी नागरिकता और आप्रवासन सेवा (यूएससीआईएस) ने फॉर्म आई-129 से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव किए हैं। ये नए नियम 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होंगे। इस बदलाव के बाद, अगर कोई आवेदन पुराने फॉर्म (01/20/25 एडिशन) में भेजा जाता है, तो विभाग उसे स्वीकार नहीं करेगा।
फॉर्म आई-129 का इस्तेमाल अमेरिकी कंपनियां विदेशी कर्मचारियों के लिए करती हैं। यह फॉर्म उन लोगों के लिए भरा जाता है जो अमेरिका में अस्थायी रूप से काम करने या ट्रेनिंग लेने आते हैं। इसमें H-1B, H-2A, H-2B, H-3, L-1, O-1, O-2, P-1, P-1S, P-2, P-2S, P-3, P-3S, Q-1 और R-1 जैसे कई गैर-आप्रवासी वीजा शामिल हैं।
नए फॉर्म में क्या बदला है?
फॉर्म आई-129 के नए एडिशन में वित्त वर्ष 2027 के H-1B कैप सीजन के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अब यह नई वेतन-आधारित लॉटरी प्रणाली के तहत काम करेगा। नए फॉर्म में नियोक्ताओं को नौकरी के लिए जरूरी न्यूनतम शिक्षा की विस्तृत जानकारी देनी होगी। इसके साथ ही पढ़ाई का सटीक विषय, न्यूनतम अनुभव की जरूरत और यह भी बताना होगा कि क्या उस पद पर सुपरवाइजर की जिम्मेदारियां शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: Iran Plane Attack: भारत आने वाले ईरानी विमान पर अमेरिका का हमला, तेहरान ने कड़ी निंदा की; मानवीय मिशन बाधित
ये वही जानकारियां हैं जिनका इस्तेमाल अमेरिकी श्रम विभाग वेतन का स्तर (लेवल I से लेवल IV) तय करने के लिए करता है। अब संशोधित फॉर्म आई-129 में वेतन के दो स्तर दिखाई देंगे:
- लेबर कंडीशन एप्लीकेशन (LCA) पर दिया गया वेतन स्तर।
- H-1B रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान चुना गया वेतन स्तर।
यूएससीआईएस अब यह जानकारी सीधे इकट्ठा कर रहा है ताकि वह जांच सके कि सही वेतन स्तर चुना गया है या नहीं।
जरूरी तारीखें और नियम
यूएससीआईएस ने 27 फरवरी 2026 को फॉर्म आई-129 का नया एडिशन (02/27/26) जारी किया है। 1 अप्रैल 2026 से केवल इसी नए एडिशन को स्वीकार किया जाएगा। तब तक पुराने फॉर्म (01/20/25 एडिशन) का इस्तेमाल किया जा सकता है। एडिशन की तारीख फॉर्म और निर्देशों वाले पेज के नीचे दी गई होती है।
USCIS ने स्पष्ट किया है कि-
- 31 मार्च 2026 तक मिलने वाले पुराने फॉर्म (01/20/25 एडिशन) स्वीकार किए जाएंगे।
- 1 अप्रैल 2026 या उसके बाद मिलने वाले पुराने फॉर्म को तुरंत रिजेक्ट कर दिया जाएगा।
कंपनियों को अब नए नियमों के हिसाब से ही आवेदन तैयार करने होंगे ताकि उनके कर्मचारियों के वीजा आवेदन रद्द न हों।
अन्य वीडियो-