वाशिंगटन में व्हाइट हाउस ईस्टर एग रोल में शामिल अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन।
- फोटो : ANI
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को कहा कि 2024 में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी का वह जल्द ही एलान करेंगे। जो बाइडन ने कहा कि वह इसका फैसला कर चुके हैं और जल्द ही इसका एलान कर देंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जो बाइडन ने कहा कि वह अपना मन बना चुके हैं कि क्या करना है और जल्द ही सार्वजनिक रूप से इसका एलान कर देंगे।
अमेरिकी इतिहास के सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति
बता दें कि जो बाइडन पहले संकेत दे चुके हैं कि वह 2024 में राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवारी पेश कर सकते हैं। हालांकि अभी तक उन्होंने कोई औपचारिक एलान नहीं किया है। जो बाइडन अमेरिकी इतिहास के सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति हैं। जो बाइडन अगर दूसरी बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का एलान करते हैं तो वह तब तक 82 साल के हो जाएंगे और जब दूसरा कार्यकाल खत्म होगा तो बाइडन 86 साल के हो जाएंगे। पहले ही बाइडन अपनी बढ़ती उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से सुर्खियों में रह चुके हैं।
ये भी पढ़ें-
Eric Garcetti: दिल्ली पहुंचे अमेरिका के नवनियुक्त राजदूत एरिक गार्सेटी, ऑटो से पहुंचे दूतावास
पूर्व सीआईए चीफ हुए रेस से बाहर
पूर्व सीआईए चीफ और पूर्व विदेश मंत्री माइक पोम्पियो 2024 में राष्ट्रपति पद की रेस से बाहर हो गए हैं। दरअसल माइक पोम्पियो ने खुद ही राष्ट्रपति चुनाव के लिए दावेदारी पेश नहीं करने का फैसला किया है। पहले चर्चाएं थी कि माइक पोम्पियो रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से डोनाल्ड ट्रंप को चुनौती दे सकते हैं और राष्ट्रपति पद के लिए दावेदारी पेश कर सकते हैं। गौरतलब है कि माइक पोम्पियो ट्रंप सरकार में ही विदेश मंत्री रहे थे। माइक पोम्पियो ने ट्विटर पर लिखा कि 'सुसन और मैंने काफी सोच विचार के बाद फैसला किया है कि मैं अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए अपनी दावेदारी पेश नहीं करूंगा।'
पोम्पियो ने कहा कि जितना मैं चाहता था, उससे ज्यादा मुझे दिया है। पोम्पियो ने कहा कि यह मेरा निजी फैसला है।