रिपब्लिकन पार्टी के भीतर ही उम्मीदवारी का विरोध बढ़ने के चलते कट्टरपंथी रिपब्लिकन सांसद जिम जॉर्डन शुक्रवार को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का स्पीकर बनने से चूक गए, इसलिए अभी भी प्रतिनिधि स्पीकर का पद खाली है। इसलिए यूक्रेन और इस्राइल को सहायता के लिए राष्ट्रपति जो बाइडेन के अनुरोध पर कोई विचार नहीं हो सका।
अमेरिकी संसद के निचले सदन के अध्यक्ष पद पर दावा करने के लिए 214 वोटों की जरूरत थी। लेकिन रिपब्लिकन पार्टी के ही 25 सांसदों के जॉर्डन के खिलाफ मतदान करने के बाद उन्हें सिर्फ 194 वोट मिले। इसके पहले बुधवार को दूसरे दौर की वोटिंग में उनके विरोध में 22 रिपब्लिकन सांसदों ने मतदान किया था।
गौरतलब है कि रिपब्लिकन उम्मीदवार जिम जॉर्डन का पूर्व स्पीकर केविन मैक्कार्थी ने समर्थन किया। मैक्कार्थी ने कहा कि हम दोनों के बीच अंतर सिर्फ इतना है कि हमारे पास नियम हैं और हम बैठ कर बात कर सकते थे।
ट्रंप और जॉर्डन के घनिष्ठ संबंध
रिपब्लिकन ने प्रतिनिधिसभा के अध्यक्ष पद के लिए फायरब्रांड नेता जिम जॉर्डन को नामित किया था। साथ ही पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जिम जॉर्डन को नामित करने के फैसले का स्वागत किया था। जॉर्डन और ट्रंप के बीच काफी मजबूत रिश्ते बताए जाते हैं। कैपिटल हिल हमले के दौरान जॉर्डन कांग्रेस में उनके मुख्य रक्षक के रूप में थे।
हाल ही में कैविन मैक्कार्थी को पद से हटाया
इसी महीने की शुरुआत रिपब्लिकन सांसद केविन मैक्कार्थी को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था। अमेरिकी संसद कांग्रेस के निचले सदन यानी प्रतिनिधि सभा ने मैक्कार्थी को स्पीकर पद से हटाने के पक्ष में मतदान किया था। अमेरिका के इतिहास में पहली बार इस तरह का मतदान हुआ था। मैक्कार्थी वोटिंग के जरिये पद से हटाए जाने वाले पहले स्पीकर बन गए थे।
अपमानजनक पोस्ट के लिए डोनाल्ड ट्रंप पर 5000 डॉलर का जुर्माना
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर संघीय न्यायाधीश ने आंशिक प्रतिबंध (गैग) का पालन नहीं करने के चलते 5,000 डॉलर का जुर्माना लगा दिया। ट्रंप ने अपनी पोस्ट में सीनेट के बहुमत नेता चक शूमर की प्रेमिका के रूप में उनका मजाक उड़ाया और निजी पहचान संबंधी जानकारी शामिल की गई। पोस्ट को न्यायिक आदेश मिलने के बाद भी 2024 के उम्मीदवार की अभियान वेबसाइट से नहीं हटाया था।