इससे पहले, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने पत्रकारों से कहा था कि उनकी प्राथमिकता ‘गोल्डमैन सैक्स’ (निवेश बैंकिंग) के लिए चीन में पहुंच प्राप्त करना नहीं है। उन्होंने कहा, ''हमारी प्राथमिकता चीन के आर्थिक शोषण से निपटना है, जिससे अमेरिकी नौकरियां और अमेरिकी कर्मचारी प्रभावित हो रहे हैं।''
चीन और रूस को दिया कड़ा संदेश
बाइडन ने अपने भाषण में चीन और रूस के लिए आक्रामक रुख अपनाए जाने का संकेत दिया। साथ ही म्यांमार के सैन्य नेताओं से तख्तापलट को खत्म करने का आग्रह किया और यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य अभियान के लिए अमेरिकी समर्थन को समाप्त करने का एलान किया। बाइडन ने कहा कि अमेरिकी नेतृत्व को नई चुनौतियों से रू-ब-रू होना होगा, जिसमें चीन की बढ़ती महत्वाकांक्षा और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने और बाधित करने का रूस का दृढ़ संकल्प शामिल है। हमें अपने मकसद को हासिल करना चाहिए। महामारी से लेकर जलवायु संकट और परमाणु प्रसार तक वैश्विक चुनौतियों का सामना करना होगा।