अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटना हुई है। वर्जीनिया के वॉलमार्ट स्टोर में गोलीबारी की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि गोलीबारी में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। पुलिस ने बताया कि वर्जीनिया वॉलमार्ट में मंगलवार रात हुई गोलीबारी में कई लोगों की मौत हो गई है। कई अन्य घायल भी हुए हैं।
रिपोर्ट्स की मानें तो गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि घटना की गंभीरता और हालात को देखते हुए यह आंकड़ा अभी बढ़ भी सकता है। लोगों को इलाके से दूर रहने को कहा गया है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई है।
पुलिस का मानना है कि एक शूटर था। वह भी मारा गया है। चेसापिक पुलिस प्रवक्ता एमपीओ लियो कोसिंस्की ने इसकी जानकारी दी है। कई रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया जा रहा है कि गोलीबारी स्टोर के मैनेजर ने ही की। उसने पहले स्टाफ पर गोलियां बरसाईं और फिर खुद को भी गोली मार ली। हालांकि, इसकी पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।
इससे पहले फिलाडेल्फिया के केंसिंग्टन और एलेघेनी इलाके स्थित एक बार में कुछ बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस दौरान 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पिछले महीने 13 अक्तूबर को दक्षिणी अमेरिकी राज्य उत्तरी कैरोलिना से भी ऐसी ही खबर सामने आई थीं। यहां के एक रिहायशी इलाके में गोलीबारी हुई थी, जिसमें एक ऑफ-ड्यूटी पुलिसकर्मी सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी। इससे पहले फ्लोरिडा के टाम्पा शहर में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और छह घायल हो गए।