अमेरिका के रक्षा विभाग के एक अधिकारी ने फॉक्स न्यूज को जानकारी दी है कि अमेरिकी सेना ने ईरान पर हाल ही में हुए हमलों में बी-2 स्टेल्थ बॉम्बर्स का इस्तेमाल किया है। यह पुष्टि उन रिपोर्टों के बाद आई है जिनमें फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के आधार पर इन विमानों की मौजूदगी का दावा किया गया था।
अधिकारी ने क्या कहा?
अधिकारी के अनुसार, चार बी-2 बॉम्बर्स ने अमेरिका से सीधे उड़ान भरी और ईरान तक का सफर तय किया। इन विमानों ने ईरान की जमीन के नीचे बनी बैलिस्टिक मिसाइल साइट्स को निशाना बनाया। इन हमलों के चलते भीषण तबाही की आशंका जताई जा रही है। हमले के दौरान इन बॉम्बर्स ने दर्जनों 2,000 पाउंड के भारी बम गिराए। B-2 बॉम्बर्स अपनी खास तकनीक के कारण रडार की पकड़ में नहीं आते। ये विमान बिना रुके लंबी दूरी तय करके दुश्मन के इलाके में घुसकर सटीक हमला करने में सक्षम हैं।
ये भी पढ़ें: Israel-Iran War: ईरान ही नहीं, पश्चिम एशिया के इन देशों में भी बरपा मौत का कहर; किन देशों में कितनी मौतें?
अमेरिकी सेना के तीन सैनिकों की मौत
वहीं इस सबके बीच, अमेरिकी सेना ने बताया है कि ईरान के खिलाफ चल रहे इस सैन्य अभियान में उनके तीन सैनिक मारे गए हैं। इसके अलावा पांच सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कुछ अन्य सैनिकों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के बाद वापस ड्यूटी पर भेज दिया गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक बयान में कहा कि अभी बड़े स्तर पर सैन्य अभियान और जवाबी कार्रवाई जारी है।
सेना ने अभी शहीद सैनिकों के नाम उजागर नहीं किए हैं। उनका कहना है कि प्रोटोकॉल के तहत पहले उनके परिवारों को जानकारी दी जाएगी, उसके बाद ही पहचान सार्वजनिक की जाएगी। क्षेत्र में हालात लगातार बदल रहे हैं और अमेरिकी सेना अपनी कार्रवाई को और तेज कर रही है।
अन्य वीडियो-