अमेरिका में अलबामा के हंट्सविले के पास हाईवे 53 के नजदीक एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान टेनेसी नेशनल गार्ड से संबंधित एक ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गई। सीएनएन ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सीएनएन के अनुसार, औपचारिक रूप से यूएच-60 के रूप में जाना जाने वाला हेलीकॉप्टर दोपहर लगभग तीन बजे (स्थानीय समय) अलबामा के हंट्सविले में हाईवे 53 और बुरवेल रोड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। संघीय और स्थानीय अधिकारी दुर्घटना की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कोई अन्य सेवा सदस्य या नागरिक घायल नहीं हुए हैं।
सहायक जनरल ब्रिगेडियर जनरल वार्नर रॉस ने एक बयान में कहा कि हम दो टेनेसी नेशनल गार्ड्समैन की मौत से बहुत दुखी हैं और इस दिल दहला देने वाली त्रासदी के दौरान हमारी प्रार्थना उनके परिवारों के साथ है। उन्होंने कहा कि हम टेनेसी के लोगों से इस अकल्पनीय दुःख के समय में उनके परिवारों का समर्थन करने में हमारे साथ शामिल होने की अपील करते हैं।
हंट्सविले इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज, इंक के साथ डॉन वेबस्टर ने सीएनएन को बताया कि जब दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तो हेलीकॉप्टर पूरी तरह से आग की लपटों में घिर चुका था। उन्हें हेलीकॉप्टर के अंदर दो लोगों के शव मिले।
इस बीच, अलबामा कानून प्रवर्तन एजेंसी ने कहा कि उसके हाईवे पेट्रोल डिवीजन के सैनिकों और मैडिसन काउंटी शेरिफ कार्यालय के डेप्युटी ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया है। मैडिसन काउंटी शेरिफ कार्यालय के एक प्रवक्ता ब्रेंट पैटरसन ने बुधवार को सीएनएन को दुर्घटना की पुष्टि की और कहा कि हादसे में कोई जीवित नहीं बचा है।
वेबस्टर ने कहा, कई एजेंसियों के पास क्षेत्र में हेलीकॉप्टर हैं, इसलिए अधिकारियों को यह निर्धारित करने में कुछ समय लगा कि हेलीकॉप्टर का मालिक कौन है। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर पर कोई निशान नहीं था क्योंकि वह पूरी तरह से जल चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया था।
अलबामा के कांग्रेस सदस्य डेले डब्ल्यू स्ट्रॉन्ग ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले नेशनल गार्ड के सदस्यों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए एक ट्वीट किया।स्ट्रॉन्ग ने ट्वीट में कहा, मैडिसन काउंटी में आज हुई घातक हेलीकॉप्टर दुर्घटना से मैं बहुत दुखी हूं। इस दुखद घटना में जान गंवाने वालों और उनके परिवारों के लिए मेरा दिल दुखी है।