अमेरिका में शपथग्रहण से पहले बड़ी खबर आई है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में बम की धमकी मिलने के बाद पूरी इमारत को खाली कराया गया है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में मौजूद लोगों को वहां से हटाया गया है।
अमेरिका में नए राष्ट्रपति जो बाइडन के शपथ ग्रहण से ठीक पहले सुप्रीम कोर्ट में बम धमाके की धमकी से सनसनी फैल गई। आनन-फानन में सुरक्षा में जुटे अफसरों ने सुप्रीम कोर्ट की इमारत में तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, तलाशी में सुरक्षाबलों को अभी तक कुछ नहीं मिला है।
हालांकि कोर्ट के प्रवक्ता काथलीन अरबेर्ग ने कहा कि कोर्ट को बम धमाके की धमकी दी गई थी, इमरात और मैदान को जांचा गया है। इमारत को खाली नहीं कराया जा रहा है। कोर्ट अमेरिकी संसद के पास ही है, जहां बाइडन राष्ट्रपति और कमला हैरिस उपराष्ट्रपति पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह के लिए कई पूर्व राष्ट्रपति सहित बड़ी संख्या में मेहमान पहुंचे हैं।
बता दें कि 6 जनवरी की हिंसा के बाद अमेरिकी राजधानी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। यूएस कैपिटल में 25 हजार से अधिक सैनिकों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व है। कैपिटल हिल के आसपास रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए हैं और हर आने-जाने वाले की जांच पड़ताल की जा रही है।
US Supreme Court is being evacuated due to a bomb threat, reports CNN
— ANI (@ANI) January 20, 2021