कोरोना वायरस के खिलाफ पूरी दुनिया लड़ रही है। इस बीच अमेरिका ने कोविड-19 के उपचार के लिए ब्राजील को मलेरिया की दवा की 20 लाख से ज्यादा खुराक भेजी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे कोरोना वायरस से बचाव और उसके इलाज में कारगर बताया है।
हालांकि, विज्ञान ने अब तक इस दवा के इन परिणामों को प्रमाणित नहीं किया है। अब तक किसी बड़े वैज्ञानिक अध्ययन में हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन दवा को कोविड-19 से बचाव या उसके इलाज के लिए सुरक्षित एवं प्रभावी नहीं पाया गया है। कुछ छोटे अध्ययनों में तो इस दवा के बुरे नतीजे ही देखने को मिले हैं।
लैटिन अमेरिका में कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित ब्राजील में वायरस के संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ब्राजील सरकार के साथ रविवार को जारी किए गए संयुक्त बयान में व्हाइट हाउस ने कहा कि अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों के लिए रोग निरोधक और वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों के इलाज के लिए हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन की खुराक ब्राजील को भेजी गई है।