अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने सोमवार को आरोप लगाया कि चीन अपने राष्ट्रीय सुरक्षा उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए बेल्ट एंड रोड इनीशियेटिव (बीआरआई) के माध्यम से सरकारी शक्ति का इस्तेमाल कर रहा है।
उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन ‘लुटेरी’ चीनी अर्थव्यवस्था के बारे में देशों को सूचित करने के वैश्विक प्रयासों का नेतृत्व कर रहा है।
ट्रंप प्रशासन राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अरबों-खरबों डॉलर लागत वाली बीआरआई परियोजना का मुखर आलोचक है और उसकी राय है कि चीन की ‘लुटेरी’ अर्थव्यवस्था छोटे देशों को बड़े कर्ज में डाल रही है और उनकी संप्रभुता पर खतरा पैदा हो रहा है।
पोम्पियो ने फिनलैंड में अपने साथ यात्रा कर रहे संवाददाताओं से कहा, ‘‘बेल्ट एंड रोड परियोजना के लिए चीन के प्रयास राष्ट्रीय सुरक्षा के उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए सरकारी ताकत का इस्तेमाल करने से जुड़े हैं।’’
उन्होंने कहा कि अमेरिका कहता रहा है कि चीन की सफलता और विफलता में उसका बड़ा आर्थिक हित है। उन्होंने कहा कि बीआरआई में पारदर्शिता जरूरी है।