अमेरिका ने शनिवार (स्थानीय समयानुसार) रात ईरान के तीन परमाणु ठिकानों- फोर्डो, नतांज और इस्फहान पर सटीक हमले किए। इन हमलों के बाद, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (स्थानीय समयानुसार) को ईरान में सत्ता परिवर्तन का संकेत दिया। साथ ही उन्होंने ईरान को पुनर्जीवित करने की वर्तमान नेतृत्व की क्षमता पर सवाल उठाया।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, 'सत्ता परिवर्तन शब्द का उपयोग करना राजनीतिक रूप से सही नहीं है, लेकिन अगर वर्तमान ईरानी शासन ईरान को फिर से महान बनाने में असमर्थ है, तो सत्ता परिवर्तन क्यों नहीं होगा?? MIGA (Make Iran Great Again)!'
ट्रंप ने अमेरिकी सेना की जमकर तारीफ की
ट्रुथ सोशल पर एक अलग पोस्ट में, ट्रंप ने अमेरिकी सेना के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, 'ईरान में परमाणु ठिकानों को काफी नुकसान पहुंचा है। हमले कठोर और सटीक थे। हमारी सेना ने शानदार कौशल दिखाया। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'हमारे महान बी-2 बमवर्षक विमान के पायलट अब सुरक्षित मिसौरी में लौट आए हैं। उन्हें बेहतरीन काम के लिए धन्यवाद।'
ये भी पढ़ें: US-Iran Conflict: ईरान पर अमेरिकी हमले के बाद हाई अलर्ट पर खाड़ी देश; सऊदी-UAE, कतर और कुवैत ने शुरू की तैयारी
ऑपरेशन मिडनाइट हैमर के एक दिन बाद की ट्रंप ने टिप्पणी
राष्ट्रपति ट्रंप की यह टिप्पणी अमेरिका के ऑपरेशन मिडनाइट हैमर शुरू करने के एक दिन बाद आई है। इस ऑपरेशन के तहत अमेरिका ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें फोर्डो, नतांज और इस्फहान शामिल हैं। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने रविवार (स्थानीय समयानुसार) को ईरान में शुरू किए गए ऑपरेशन की सफलता की पुष्टि की।
हेगसेथ ने कहा- राष्ट्रपति ट्रंप के आदेश पर किए गए हमले
ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ एयर फोर्स के अध्यक्ष जनरल डैन कैन के साथ रक्षा मंत्री हेगसेथ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान के फोर्डो, इस्फहान और नतांज में सफलतापूर्वक सटीक हमले किए हैं। उन्होंने कहा कि ये हमले राष्ट्रपति ट्रंप के आदेश पर किए गए। उन्होंने बताया कि हमलों का मकसद ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह खत्म या बहुत कमजोर करना था।
ये भी पढ़ें: Operation Midnight Hammer: ट्रंप ने चंद मिनट पहले लिया ईरानी ठिकानों पर बम गिराने का फैसला; US के हमले पर वेंस
ईरानी सैनिक और आम लोगों को नहीं बनाया गया निशाना: हेगसेथ
हेगसेथ ने आगे कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और कमांडर-इन-चीफ का आदेश साफ था- ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं को नष्ट करना। हेगसेथ ने कहा कि हमने ईरानी परमाणु कार्यक्रम को तबाह कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि इन हमलों में न तो ईरानी सैनिकों और न ही आम लोगों को निशाना बनाया गया। हालांकि, उन्होंने यह साफ किया कि ये ऑपरेशन ईरान में सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं था, बल्कि ईरान की परमाणु गतिविधियों को रोकने के लिए किया गया था।
संबंधित वीडियो