अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कुल आय में बीते तीन साल के दौरान पहली बार इजाफा हुआ है। बीते साल ट्रंप की आय में पांच फीसदी की बढ़त हुई है। इसके साथ ही उनकी कुल आय तीन अरब डॉलर यानी 21 हजार करोड़ रुपये हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप की आय में यह बढ़त दो ऑफिस बिल्डिंग की कीमतें बढ़ने से आई है। इन बिल्डिंगों की कीमत 33 फीसदी बढ़ी है।
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप के दोस्त स्टीवन रोथ के वोरनेडो रिएलिटी ट्रस्ट की दो संपत्तियों में ट्रंप के 30 फीसदी शेयर हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले एक साल में दोनों संपत्तियों में ट्रंप की हिस्सेदारी की कीमत बढ़कर 5355 करोड़ रुपये हो गई है। यह एक साल पहले की तुलना में 33 फीसदी ज्यादा है।
ट्रंप की कुल आय में करीब एक चौथाई भागीदारी इन इमारतों की कीमत से है। हालांकि, एक समय पर ट्रंप इन इमारतों से जुड़े सौदे को रोकना चाहते थे। बीते एक साल में ट्रंप से गोल्फ कोर्स और रिसॉर्ट्स की कीमत 19 फीसदी घटी है और 3675 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, ट्रंप के कर्ज की रकम में पिछले साल के मुकाबले कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। यह रकम 55 करोड़ डॉलर है।