पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि वे उप राष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ एक और प्रेसिडेंशियल डिबेट में भाग नहीं लेंगे। ट्रंप का कहना है कि उन्होंने मंगलवार की रात हुई डिबेट जीत ली है, भले ही सर्वेक्षण इसके विपरीत नतीजे दिखा रहे हैं। ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी और हेरिस डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, "जब एक पेशेवर मुक्केबाज हारता है, तो वह हमेशा कहता है कि मैं फिर से मैच चाहता हूं। सर्वेक्षण यह स्पष्ट दिखाते हैं कि मैंने कमला हैरिस के खिलाफ डिबेट जीती और उन्होंने तुरंत दूसरी डिबेट की मांग की।"
पूर्व राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि डिबेट में आप्रवासन और महंगाई जैसे मुद्दों पर पहले ही विस्तार से चर्चा की जा चुकी है। उन्होंने बाइडन प्रशासन पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने देश को तबाह कर दिया है और इस बारे में पहले ही डिबेट में बात हो चुकी है।
तीसरी कोई डिबेट नहीं होगी: डोनाल्ड ट्रंप
ट्रंप ने आरोप लगाया कि हैरिस ने फॉक्स न्यूज की डिबेट में भाग नहीं लिया और एनबीसी व सीबीएस की डिबेट से भी इनकार किया। उन्होंने कहा, "पिछले चार वर्षों में क्या किया, कमला को उस पर बात करनी चाहिए। कोई तीसरी डिबेट नहीं होगी।"
पांच नवंबर को होंगे राष्ट्रपति चुनाव
हैरिस और ट्रंप इस साल की शुरुआत में अपनी-अपनी पार्टियों से आधिकारिक तौर पर राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार नामांकित हुए। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव पांच नवंबर को होना है। ट्रंप और हैरिस की पहली डिबेट इस हफ्ते मंगलवार को हुई, जो हैरिस के डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनने के बाद उनकी पहली डिबेट थी। यह डिबेट एबीसी न्यूज द्वारा आयोजित की गई थी।