अमेरिका में इस साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेट्स की ओर से अब तक प्रबल दावेदार नजर आ रहे सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने अपने अभियान को रोक दिया है। बर्नी के इस कदम के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से पूर्व उपराष्ट्रपति जो बिडेन का रास्ता साफ हो गया है।
वहीं, जो बिडेन ने भी ट्वीट करते हुए कहा, मैं बर्नी को अच्छे से जानता हूं। वह न केवल एक अच्छे इंसान और अच्छे नेता हैं बल्कि हमारे देश में बदलाव की आवाज उठाने वाली सबसे मजबूत आवाजों में से एक हैं। बिडेन ने आगे कहा, 'आपने न केवल एक राजनीतिक अभियान चलाया है बल्कि आपने एक आंदोलन खड़ा किया है। यह ऐसा आंदोलन है जो आज भी उतना ही शक्तिशाली है जितना कि कल था। यह हमारे देश और हमारे भविष्य के लिए अच्छा है। '
उन्होंने बर्नी के समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, 'मैं जानता हूं कि मुझे आपके वोट कमाने हैं। मुझे पता है कि इसमें समय लग सकता है। लेकिन, मैं आपको बता देना चाहता हूं कि मैं आपको देखता हूं, आपको सुनता हूं और में इस स्थिति का महत्व समझता हूं। मैं आशा करता हूं आप हमें समर्थन देंगे। आपका स्वागत है, आपकी जरूरत है।'
भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद तुलसी गबार्ड (38) पहले ही डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की दौड़ से खुद को बाहर कर चुकी हैं। तुलसी ने जो बिडेन को पूरा समर्थन देने की घोषणा की थी।
बता दें कि अमेरिका में इस साल नवंबर में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होना है। इसमें डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से जो बिडेन वर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने होंगे। अमेरिका में चल रहे प्राइमरी चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी के बिडेन और सैंडर्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा था।