अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस में चुनाव परिणाम के एक दिन बाद ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को फोन किया। दोनों नेताओं के बीच मंगलवार को लंबी बातचीत हुई। इस चुनाव में जीत के साथ ही पुतिन रूस की सत्ता पर लगातार चौथी बार काबिज हो गए हैं। यानि अगले 6 साल के लिए वे रूस के राष्ट्रपति बन गए हैं। व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने दोनों शीर्ष नेताओं की बातचीत की पुष्टि की। ट्रंप ने फोन पर बात करने के बाद मंगलवार को बताया कि उन्होंने रूसी राष्ट्रपति को चुनाव जीतने के लिए बधाई दी। ट्रंप ने कहा कि वह और पुतिन जल्द ही मुलाकात कर अंतर्रराष्ट्रीय स्तर पर हथियारों की चल रही दैड़ पर चर्चा करेंगे।
ट्रंप ने यह भी कहा कि वह पुतिन से हथियारों की चल रही दौड़ के साथ ही, सीरिया, यूक्रेन और उत्तर कोरिया को लेकर भी बात करेंगे। वाइट हाउस की प्रेस सक्रेटरी सारा सेंडर्स का कहना है कि दोनों देशों के लिए जो साझा मुद्दें हैं उनपर बातचीत होगी। चाहे फिर वह मुद्दा उत्तर कोरिया का हो या ईरान का। सेंडर्स ने आगे कहा कि अभी दोनों नेताओं की मुलाकात के लिए कोई योजना नहीं बनाई गई है। दोनों की मुलाकात की बात तभी सामने आई है जब राष्ट्रपति ट्रंप ने फोन पर आने वाले समय में मिलने की बात कही।
इस बातचीत पर रूसी सरकार का भी बयान सामने आया है। रूसी सरकार का कहना है कि दोनों के बीच फोन पर बात राष्ट्रपति बशर अल असद से मुलाकात के ठीक एक दिन बाद हुई। दोनों ने सैन्य अभियान और राजनीतिक प्रक्रिया शुरू करने पर भी चर्चा की। इससे पहले पुतिन ने काला सागर रिजॉर्ट में असद की मेजबानी की थी। हालांकि व्हाइट हाउस ने इससे पहले संकेत दिया था ट्रंप की
पुतिन से फोन पर बात करने की कोई योजना नहीं है।
किम जोंग ने दी बधाई
उत्तर कोरिया के राष्ट्रपति
किम जोंग उन ने रूस के चुनाव में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जीत पर बधाई दी और रूस को एक शक्तिशाली राष्ट्र बनाने की दिशा में उन्हें सफलता की शुभकामनाएं भी दीं। दुनिया के अन्य नेताओं ने जहां पुतिन को बधाई संदेश देने में सुस्ती बरती, वहीं किम ने तत्काल भेजे बधाई संदेश में कहा कि फिर से चुनाव जीतना आपकी जनता के महान सहयोग और आप में अगाध विश्वास को दर्शाता है। किम के संदेश को केसीएनए समाचार एजेंसी ने जारी किया है।