Donald Trump: मलयेशिया में आसियान शिखर सम्मेलन से इतर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालिया तनाव के बारे में बात की।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि वह पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संघर्ष को "बहुत जल्द" सुलझा लेंगे और उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर की तारीफ की है।
विज्ञापन
मलयेशिया में आसियान शिखर सम्मेलन से इतर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालिया तनाव के बारे में बात की। ट्रंप ने मलयेशिया में आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान कहा, मैंने सुना है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान में तनाव बढ़ गया है। लेकिन मैं इसे जल्द ही सुलझा लूंगा। उन्होंने कहा, पाकिस्तान के नेता महान लोग हैं।
रूस से तेल की खरीद में पूरी कटौती करेगा भारत, चीन भी लाएगा कमी : ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत रूस से तेल की खरीद पूरी तरह बंद कर रहा है, जबकि चीन भी इसमें काफी कमी करेगा। ट्रंप ने शनिवार को एयर फोर्स वन में मलयेशिया जाते समय पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।
विज्ञापन
उन्होंने कहा, भारत रूस से तेल खरीद पूरी तरह घटा रहा है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ रूसी तेल के मुद्दे पर चर्चा करेंगे, तो ट्रंप ने जवाब दिया, शायद मैं इस पर बात करूं। आपने देखा होगा, चीन भी रूसी तेल की खरीद में काफी कमी कर रहा है।
ट्रंप अगले सप्ताह एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) शिखर सम्मेलन के दौरान दक्षिण कोरिया में शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे। बता दें कि अमेरिकी प्रशासन हाल के दिनों में लगातार दावा कर रहा है कि भारत ने रूस से तेल आयात में बड़ी कटौती करने का आश्वासन दिया है। हालांकि, भारत का कहना है कि उसकी ऊर्जा नीति राष्ट्रीय हितों द्वारा संचालित है और उसका उद्देश्य उपभोक्ताओं के लिए सस्ती व सुरक्षित ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करना है।