अमेरिका में 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से लेकर कई दिग्गज रेस में हैं। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या राष्ट्रपति जो बाइडन दोबारा इस चुनाव में खड़े होंगे?
चीन पर जमकर बरसे थे बाइडन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने बुधवार को स्टेट ऑफ द यूनियन एड्रेस के दौरान कोरोना, अर्थव्यवस्था पर बात की। उन्होंने यूक्रेन मसले को लेकर रूस पर निशाना साधा और चीन पर भी जमकर बरसे। उन्होंने डेमोक्रेट और रिपब्लिकन को लेकर भी बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि हमें अक्सर कहा जाता है कि डेमोक्रेट और रिपब्लिकन एक साथ काम नहीं कर सकते, लेकिन पिछले दो वर्षों में हमने निंदकों और आलोचकों को गलत साबित कर दिया है। चीन पर बाइडन ने कहा, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'मेरे राष्ट्रपति बनने से पहले कहानी ये थी कि चीन तेजी से अपनी ताकत बढ़ा रहा था और अमेरिका दुनिया में गिर रहा था। अब ये और नहीं। मैंने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ साफ कह दिया है कि हम प्रतिस्पर्धा चाहते हैं, संघर्ष नहीं।
अमेरिका के सबसे बुजुर्ग राष्ट्रपति
बता दें, राष्ट्रपति जो बाइडन अमेरिका के इतिहास के सबसे बुजुर्ग राष्ट्रपतियों में से एक हैं। अभी तक उन्होंने आधिकारिक तौर पर फिर से चुनाव के फैसले की घोषणा नहीं की है, हालांकि जल्द ही उनके द्वारा प्रचार अभियान शुरू करने की संभावना जताई जा रही है।