राष्ट्रपति जो बाइडन अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी और वहां की राष्ट्रीय सुलह उच्च परिषद (हाई काउंसिल फॉर नेशनल रिकंसिलिएशन) के अध्यक्ष डॉ. अब्दुल्ला से शुक्रवार को व्हाइट हाउस में मुलाकात करेंगे। यह 11 सितंबर तक अफगानिस्तान से अमेरिका और नाटो के शेष बलों की वापसी से पहले गनी और बाइडन की आमने-सामने की पहली वार्ता होगी।
शुक्रवार को बैठक के दौरान राष्ट्रीय सुलह परिषद के डॉ. अब्दुल्ला भी होंगे शामिल
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा, राष्ट्रपति गनी और डॉ. अब्दुल्ला की यात्रा (अफगानिस्तान में नाटो) सैनिकों की संख्या कम किए जाने के बीच अमेरिका और अफगानिस्तान के बीच स्थायी साझेदारी को रेखांकित करेगी। उन्होंने कहा, बाइडन 25 जून को व्हाइट हाउस में अशरफ गनी और डॉ. अब्दुल्ला अब्दुल्ला का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
साकी ने कहा कि अमेरिका, अफगान महिलाओं, लड़कियों व अल्पसंख्यकों सहित अफगान नागरिकों का समर्थन करने के लिए राजनयिक, आर्थिक और मानवीय सहायता प्रदान करने को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अमेरिका अफगानिस्तान सरकार के साथ संवाद बनाए रखेगा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि देश फिर से उन आतंकवादी समूहों के लिए पनाहगाह न बन जाए, जो अमेरिका के लिए खतरा पैदा करते हैं।