अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन फिर लड़खड़ाए
- फोटो : Social Media
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन एक बार फिर सीढ़ियां चढ़ते समय लड़खड़ाकर गिर गए। बताया जा रहा है कि बाइडन पोलैंड की राजधानी वारसॉ में एयर फोर्स वन पर सवार होने के लिए सीढ़ियां चढ़ते समय लड़खड़ाकर गिर गए। हालांकि, चंद सेकेंड में उन्होंने खुद को संभाल भी लिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। बता दें कि यह पहली बार नहीं है कि राष्ट्रपति बाइडन लड़खड़ाकर गिरे हों, इससे पहले भी वह कई बार सीढ़ी चढ़ते और उतरते समय लड़खड़ा चुके हैं।
यहां देखें VIDEO...
यूक्रेन और पोलैंड यात्रा पूरी कर अमेरिका लौट रहे थे राष्ट्रपति
यह घटना अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा यूक्रेन और पोलैंड की अपनी यात्रा पूरी करने के तुरंत बाद हुई और उनके वाशिंगटन, डीसी लौटने की योजना थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइडन तेजी से सीढ़ी पर चढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान वह गिर जाते हैं लेकिन कुछ ही देर में खुद को संभाल लेते हैं। संभलने के बाद तेजी से विमान में घुस जाते हैं।
व्हाइट हाउस ने इस घटना पर तुरंत नहीं दी कोई प्रतिक्रिया
व्हाइट हाउस ने इस घटना पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। करीब दो साल पहले भी जो बाइडन इसी तरह ज्वाइंट बेस एंड्रयूज की सीढ़ियों पर गिरे थे और इस घटना का भी वीडियो वायरल हो गया था। जिसके बाद व्हाइट हाउस ने उनके गिरने के लिए हवा को जिम्मेदार ठहराया था।
अचानक यूक्रेन पहुंचे थे अमेरिकी राष्ट्रपति
इस हफ्ते, जो बाइडन ने एक आश्चर्यजनक यात्रा में यूक्रेन की यात्रा की और रूसी आक्रमण के बीच देश के लिए अपने समर्थन की पुष्टि करते हुए यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात की। इसके बाद जो बाइडन ने पोलैंड का दौरा किया और अपने पोलिश समकक्ष आंद्रेज डूडा से मुलाकात की।