अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन में मिसाइल हमलों के लिए सोमवार को रूस की निंदा की। इस हमले में कम से कम 11 नागरिक मारे गये हैं। रूस ने सोमवार को यूक्रेन के अनेक शहरों पर मिसाइल से हमले शुरू कर दिए। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इन हमलों को यूक्रेन की मास्को के बलों को हटाने की कोशिशों में किया गया जवाब बताया।
बाइडन ने कहा कि हम फिर से रूस से इस अकारण आक्रामकता को तुरंत समाप्त करने और यूक्रेन से अपने सैनिकों को हटाने का आह्वान करते हैं। इस बीच, पेंटागन ने घोषणा की कि रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन 12 और 13 अक्तूबर को नाटो मुख्यालय में नाटो रक्षा मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लेने के लिए ब्रुसेल्स की यात्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि जून, 2022 में नाटो मैड्रिड शिखर सम्मेलन के बाद यह पहला रक्षा मंत्रिस्तरीय बैठक होगा, जिसमें फिनलैंड और स्वीडन आमंत्रितों के रूप में शामिल होंगे। इस बैठक में मंत्री मैड्रिड शिखर सम्मेलन में अनुमोदित निर्णयों के कार्यान्वयन पर चर्चा करेंगे और भविष्य के नियोजन प्रयासों के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
विदेश मंत्री ब्लिंकेन बोले- अमेरिका यूक्रेन के साथ खड़ा है
रूसी मिसाइल हमले के बाद यूक्रेन के समर्थन में सामने आते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि रूसी बमों ने कीव में बच्चों के खेल के मैदानों और सार्वजनिक पार्कों पर हमला किया, कीव के शहर की सड़कों पर मिसाइलों के ताबड़तोड़ हमले किए गए और पूरे यूक्रेन उन जगहों को तबाह कर दिया गया जिनका कोई सैन्य मकसद नहीं था। ब्लिंकेन ने कहा कि मैं यूक्रेन के लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने आज अपनों को खो दिया है। अमेरिका आपके साथ खड़ा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दुनिया भर के हर दूसरे देश की तरह यूक्रेन को भी अपना भविष्य चुनने और अपनी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सीमाओं के अंदर शांति से रहने का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि ये हमले न तो यूक्रेन की भावना को तोड़ सकते हैं और न ही यूक्रेन को समर्थन देने के अमेरिका के संकल्प को। ब्लिंकेन ने कहा कि अमेरिका महत्वपूर्ण आर्थिक, मानवीय और सुरक्षा सहायता प्रदान करना जारी रखेगा ताकि यूक्रेन अपनी रक्षा कर सके और अपने लोगों की देखभाल कर सके।