अमेरिका में पांच नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव होना है। ऐसे में इस आखिरी हफ्ते में डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन उम्मीदवार यानी कमला हैरिस तथा डोनाल्ड ट्रंप चुनावी तैयारी में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। जैसे-जैसे इस साल के राष्ट्रपति पद के चुनाव पास आ रहे वैसे-वैसे प्रचार-प्रसार जमकर किया जा रहा है। इस बीच, उपराष्ट्रपति हैरिस का समर्थन कर रहे मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन ने ट्रंप के समर्थकों की तुलना कूड़े से कर दी। इससे एक और नया विवाद खड़ा हो गया।
'प्यूर्टो रिको की तुलना कचरे के द्वीप से की'
दरअसल, कुछ दिन पहले डोनाल्ड ट्रंप की एक रैली में एक कॉमेडियन ने प्यूर्टो रिको की तुलना कचरे के द्वीप से की थी। इसी पर बाइडन ने प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व राष्ट्रपति के समर्थकों की तुलना कचरे से की। राष्ट्रपति ने मंगलवार को लातिन मतदाताओं के एक अभियान को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'मैं जो एकमात्र कचरा वहां देख रहा हूं, वह उनके समर्थक हैं। लातिन अमेरिकी लोगों को शैतानी बताना अनुचित है। यह हमारे द्वारा किए गए हर काम और हमारे द्वारा किए गए हर काम के बिल्कुल उलट है।'
बाइडन का पलटवार
उन्होंने कहा, 'ट्रंप की रैली में एक शख्स ने व्यूर्टो रिको को कूड़े का तैरता हुआ द्वीप कहा था। खैर मैं आपको बता दूं कि मैं प्यूर्टो रिकान को नहीं जानता, जिसे मैं जानता हूं या एक प्यूर्टो रिको, जहां से मैं आता हूं, मेरे गृह राज्य डेलावेयर में अच्छे, सभ्य, सम्माननीय लोग हैं।'
ट्रंप और समर्थकों ने की निंदा
बाइडन की टिप्पणी पर रिपब्लिकन सीनेटर मार्को रुबियो ने पेन्सिलवेनिया के एलेनटाउन में हजारों ट्रंप समर्थकों के सामने यह मुद्दा उठाया। पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप ने भी इसकी निंदा की और इसे भयानक करार दिया। उन्होंने मौजूदा राष्ट्रपति की तुलना हिलेरी क्लिंटन की टिप्पणियों से की, जिसमें उन्होंने 2016 में ट्रंप के कुछ समर्थकों को घृणित कहा था। ट्रंप ने कहा, 'आपको हिलेरी को याद रखना होगा। उन्होंने समर्थकों को घृणित कहा था। मुझे लगता है कि 'कचरा' इससे भी बदतर है।'
राष्ट्रपति ने दी सफाई
इसके बाद बाइडन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी बात को समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा, 'आज मैंने मैडिसन स्क्वायर गार्डन रैली में ट्रंप के समर्थक द्वारा प्यूर्टो रिको के बारे में की गई घटिया बयानबाजी को कचरा बताया था। यह एकमात्र ऐसा शब्द है, जिसे मैं इसे बताने के लिए इस्तेमाल करने का सोच सकता हूं। लातिन अमेरिकी लोगों को शैतानी बताना अनुचित है। मैं बस इतना ही कहना चाहता था। उस रैली में की गई टिप्पणियां यह नहीं दर्शातीं कि हम एक देश के रूप में कौन हैं।'
क्या बोले जेडी वेंस?
ट्रंप के रनिंग मेट तथा ओहायो सीनेटर जेडी वेंस ने इसे घटिया बताया। उन्होंने कहा कि यह बहुत घटिया है। कमला हैरिस और उनके बॉस जो बाइडन देश के आधे हिस्से पर हमला कर रहे हैं। इसके लिए कोई बहाना नहीं है। मुझे उम्मीद है कि अमेरिकी इसे खारिज कर देंगे।'
ट्रंप के प्रचार अभियान की राष्ट्रीय प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि ट्रंप को लातिन, अश्वेत मतदाताओं, यूनियन कार्यकर्ताओं, कानून प्रवर्तन अधिकारियों, सीमा गश्ती एजेंटों और सभी धर्मों के अमेरिकियों का समर्थन हासिल है। उन्होंने कहा कि कमला हैरिस, टिम वॉल्ज और बाइडन ने इन महान अमेरिकियों को फासीवादी, नाजी और अब कचरा बताया है।