US: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन को आगाह किया कि डिएगो गार्सिया द्वीप की 100 साल की लीज लेने से इस अहम द्वीप पर उनका नियंत्रण खतरे में पड़ सकता है। ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान समझौता नहीं करता है तो अमेरिका को सुरक्षा कारणों से डिएगो गार्सिया और फेयरफोर्ड एयरफील्ड का इस्तेमाल करना पड़ सकता है। पढ़ें रिपोर्ट-
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री को कीर स्टार्मर को आगाह किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा, देशों के मामलों में लंबे समय तक पट्टा (लीज) कोई अच्छा विकल्प नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से डिएगो गार्सिया द्वीप का जिक्र किया। यह द्वीप हिंद महासागर में रणनीतिक रूप से स्थित है।
विज्ञापन
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री स्टार्मर 100 साल की लीज में प्रवेश करके इस अहम द्वीप पर नियंत्रण खो सकते हैं। ट्रंप ने लिखा कि कुछ संस्थाओं के दावे पहले कभी ज्ञात नहीं थे। उनके अनुसार, ये दावे काल्पनिक हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान समझौता नहीं करता है, तो अमेरिका को डिएगो गार्सिया और फेयरफोर्ड एयरफील्ड का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।
ट्रंप का कहना है कि यह कदम संभावित खतरनाक हमलों से ब्रिटेन और अन्य मित्र देशों की सुरक्षा के लिए जरूरी हो सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ब्रिटेन को अपने इस अहम द्वीप पर नियंत्रण नहीं खोना चाहिए। अमेरिका हमेशा ब्रिटेन के लिए लड़ने के लिए तैयार है। लेकिन ब्रिटेन को मजबूत बने रहना होगा।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप कूटनीति को हमेशा प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि ईरान के लिए समझौता करना ही समझदारी होगी। राष्ट्रपति कई लोगों और राष्ट्रीय सुरक्षा टीम से इस पर चर्चा कर रहे हैं।
लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप गुरुवार को शांति बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस बैठक में 20 सदस्य देशों की ओर से गाजा के लिए पांच अरब डॉलर के अनुदान की घोषणा की जाएगी।
प्रेस सचिव ने मीडिया से बताया कि शांति बोर्ड की बैठक में इस्राइल और हमास के बीच चल रहे युद्ध के बीच गाजा में सुरक्षा बनाए रखने पर चर्चा होगी।
उन्होंने कहा, कल ट्रंप, डोनाल्ड जे. ट्रंप इंस्टीट्यूट ऑफ पीस में तीन बजे शांति बोर्ड की बैठक की मेजबानी करेंगे। इसमें गाजा को पांच अरब डॉलर देने की औपचारिक घोषणा की जाएगी। सदस्य देशों ने गाजा में मानवीय और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए इसका वादा किया था। इसके अलावा, हजारों कर्मियों को अंतरराष्ट्रीय बल और स्थानीय पुलिस में तैनात करने की प्रतिबद्धता भी जताई गई है, ताकि गाजा में सुरक्षा और शांति बनी रहे।
कैरोलिन लिविट ने कहा कि राष्ट्रपति बैठक की शुरुआत अपने वक्तव्य से करेंगे और वह औपचारिक रूप से बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में (गाजा में) सुरक्षा बनाए रखने के उपायों और सुरक्षा के माध्यम से समृद्धि हासिल करने पर चर्चा होगी। जब शांति बोर्ड के वित्तीय फैसले के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि इसके निर्णय शांति बोर्ड की ओर से लिए जाएंगे, जिसमें अध्यक्ष राष्ट्रपति हैं। सभी सदस्य देश फंडिंग पर वोट करेंगे और इसके बाद बोर्ड के तहत तकनीकी स्तर पर कार्य होगा।