अमेरिका के कैपिटल भवन (अमेरिकी संसद) में बुधवार को हुए हमले पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए नाराजगी जताई। ट्रंप ने कहा कि 'सभी अमेरिकियों की तरह, मैं भी हिंसा, अराजकता और हाथापाई से नाराज हूं। मैंने इमारत को सुरक्षित करने और घुसपैठियों को बाहर निकालने के लिए तुरंत राष्ट्रीय रक्षक और संघीय कानून प्रवर्तन के अधिकारियों को तैनात किया। अमेरिका हमेशा कानून और व्यवस्था का राष्ट्र होना चाहिए।'
बता दें कि अमेरिका में हिंसा के बीच कांग्रेस ने जो बाइडन की जीत पर मुहर लगा दी है। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन को 306 इलेक्टोरल कॉलेज वोट मिले हैं, जो बहुमत से ज्यादा हैं। राष्ट्रपति बनने के लिए 270 वोटों की जरूरत होती है। कांग्रेस की मंजूरी के बाद जो बाइडन आधिकारिक तौर पर अमेरिका के राष्ट्रपति होंगे।
इस फैसले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि 20 जनवरी को कानून के मुताबिक जो बाइडन को सत्ता का हस्तांतरण किया जाएगा। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि वो चुनावी नतीजों का समर्थन नहीं करते हैं, लेकिन इसके बावजूद सत्ता को जो बाइडन को सही तरीके से सौंपेंगे। डोनाल्ड ट्रंप ने हार नहीं स्वीकार की और उन्होंने चुनाव के नतीजों को कोर्ट में चुनौती देने का एलान किया है।
वहीं, कांग्रेस की मुहर के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी के जो बाइडन को अब 20 जनवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने गुरुवार को घोषणा की कि कांग्रेस ने अमेरिकी चुनाव में जो बाइडन को विजेता दिखाने वाले इलेक्टोरल कॉलेज की टैली को कंफर्म कर दिया है।