डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण कर चुके हैं। राष्ट्रपति पद संभालने के बाद उन्होंने कई बड़े बड़े फैसले लिए। मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया एप टिकटॉक को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि टेस्ला के सीईओ एलन मस्क अगर चाहे तो वे टिकटॉक को खरीद सकते हैं। 170 मिलियन अमेरिकी नागरिक इस एप का इस्तेमाल करते हैं। पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल के दौरान टिकटॉक पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। अमेरिका का कहना था कि चीनी मालिक बाइटडांस को टिकटॉक को बेच देना चाहिए या फिर प्रतिबंध का सामना करना होगा। अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए यह फैसला लिया था। हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने के बाद ही उन्होंने टिकटॉक से प्रतिबंध हटा दिया था, जिसके बाद इसकी सेवाएं अमेरिका में फिर से शुरू की गई।
ट्रंप ने 75 दिनों तक बढ़ाया टिकटॉक का संचालन
न्यूज रिपोर्ट के अनुसार, चीनी अधिकारी टिकटॉक के संचालन को एलन मस्क को बेचने के लिए बातचीत कर रहे हैं, लेकिन कंपनी ने इन दावों को खारिज कर दिया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अमेरिका में टिकटॉक की सेवाओं की बहाली बढ़ा दी। उन्होंने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसके जरिए चीन के स्वामित्व वाले शॉर्ट वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म टिकटॉक के संचालन को 75 दिनों तक बढ़ा दिया गया। अमेरिका में मंगलवार दोपहर तक एपल और एंड्रॉइड डिवाइस पर डाउनलोड करने के लिए टिकटॉक उपलब्ध नहीं था।
मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "अगर वे (मस्क) इसे खरीदते हैं तो मैं उनके साथ हूं। उन्होंने आगे कहा, मैं टिकटॉक के मालिक से मिला हूं। मैं यह सोच रहा हूं कि कोई इसे (टिकटॉक) खरीदे।" अभिव्यक्ति के आजादी के पक्षधरों ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा हस्ताक्षरित कानून के तहत टिकटॉक के प्रतिबंध का विरोध किया है।
एलन मस्क ने दी प्रतिक्रिया
बता दें कि एलन मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप को राष्ट्रपति चुनाव जीताने के लिए 250 मिलियन अमेरिकी डॉलर खर्च किए थे। उन्होंने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच असंतुलित कारोबारी माहौल था। मस्क ने आगे कहा, "मैं लंबे समय से टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाने के खिलाफ था, क्योंकि यह बोलने की आजादी के खिलाफ है। वर्तमान स्थिति में जहां टिकटॉक को अमेरिका में संचालित करने की अनुमति नहीं है, वहीं चीन में एक्स को संचालित करने की अनुमति नहीं है।"
संबंधित वीडियो