पश्चिम एशियाई देश इस्राइल और अमेरिका के बीच बेहद करीबी रिश्ते रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद इस्राइल और हमास के बीच 15 महीने से जारी हिंसा फिलहाल रूक गई है। दोनों पक्षों के युद्धविराम के बीच कई बंधकों की रिहाई भी हुई है। अब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने हिंसाग्रस्त क्षेत्र गाजा पर अधिकार की बात को लेकर चर्चा में हैं। ट्रंप बीते एक हफ्ते में कई बार दोहरा चुके हैं कि गाजा पर अमेरिका का हक है। उन्होंने कहा है कि इस भूखंड की वर्तमान स्थिति ऐसी है, जहां कोई भी दोबारा बसना नहीं चाहेगा। उन्होंने एक बार फिर दोहराया है कि यहां रहने वाले लगभग 22 लाख फलस्तीनी लोगों को जॉर्डन और मिस्र जैसे पड़ोसी देशों में विस्थापित किया जा सकता है। हालांकि, ट्रंप के इस बयान की आलोचना भी हो रही है।
ट्रंप के बयान के बीच जॉर्डन के राजा का रूख
पश्चिम एशिया में जॉर्डन और अमेरिका को सबसे करीबी सहयोगी माना जाता है। हालांकि, मिस्र के दौरे पर आए जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय ने ट्रंप के 'गाजा पर अमेरिकी अधिकार' वाले बयान का विरोध भी किया। उन्होंने कहा, मिस्र एक योजना पर काम कर रहा है कि किस प्रकार पश्चिमी एशियाई देश ट्रंप के इस चौंकाने वाले प्रस्ताव पर उनके साथ 'काम करने को सहमत' हो सकते हैं।
गंभीर मानवीय संकट का समाधान सभी के लिए प्राथमिकता हो
जॉर्डन के राजा ने ट्रंप से मुलाकात के बाद कहा, 'मैंने गाजा और पश्चिमी एशिया में फलस्तीनियों के विस्थापन के खिलाफ जॉर्डन की दृढ़ स्थिति साफ कर दी है। यही अरब देशों का भी मानना है।' उन्होंने कहा, फलस्तीनियों को विस्थापित किए बिना गाजा में पुनर्निर्माण और गंभीर मानवीय संकट का समाधान सभी के लिए प्राथमिकता होनी चाहिए। अब्दुल्ला ने कहा, 'हम सऊदी अरब में इस बात पर चर्चा करेंगे कि अमेरिका के साथ मिलकर गाजा संकट का समाधान कैसे किया जा सकता है। मुझे लगता है कि हमें तब तक इंतजार करना चाहिए जब तक मिस्र राष्ट्रपति ट्रंप से मिलकर अपनी योजना सार्वजनिक नहीं करता।'
'गाजा में निजी संपत्ति विकसित करने का कोई इरादा नहीं'
यह भी दिलचस्प है कि ट्रंप ने 'गाजा पर अमेरिकी हक' वाला बयान जॉर्डन के राजा के साथ मुलाकात के ठीक बाद दोहराया। ट्रंप ने जॉर्डन के राजा से मुलाकात के बाद ओवल ऑफिस में संवाददाताओं से कहा कि गाजा हमारे कब्जे में होगा। हमें इसे खरीदने की जरूरत नहीं है। हम इसे अपने पास रखेंगे, अमेरिका इसे संभाल कर रखेगा। एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा, 'गाजा में निजी तौर पर संपत्ति विकसित करने का उनका कोई इरादा नहीं है।' अमेरिका में राष्ट्रपति बनने से पहले रियल एस्टेट कारोबारी के तौर पर धनकुबेर बनने वाले ट्रंप ने कहा, उनका रियल एस्टेट करियर शानदार रहा है।
गाजा पट्टी के लोग 'भयानक जीवन जी रहे हैं, पुनर्विकास जरूरी
ट्रंप ने कहा, 'गाजा में पुनर्विकसित भूमि मध्य पूर्व के लोगों के लिए ही होगी। लोगों के लिए ढेर सारी नौकरियां पैदा होंगी। गाजा में रहने वाले फिलिस्तीनी लोग वहां से निकलकर खुश होंगे।' उन्होंने कहा कि बीते 15 महीने के हिंसक संघर्ष के बाद वर्तमान में गाजा पट्टी के लोग 'भयानक जीवन जी रहे हैं। वे ऐसी इमारतों के नीचे रह रहे हैं जिनमें अधिकांश गिर चुकी हैं और आगे भी गिरती रहेंगी। हर दिन लोग मारे जा रहे हैं।' बकौल ट्रंप दुनिया में कहीं भी ऐसी स्थिति नहीं है जहां गाजा पट्टी से अधिक खराब हालात हों।
गाजा को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की योजना
राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि गाजा में रहने वाले फलस्तीनियों को उनकी योजना तहत 'वापस गाजा में बसने' का अधिकार नहीं होगा। इस पर ट्रंप प्रशासन के कुछ अधिकारियों ने कहा था कि वह फलस्तीनियों को केवल अस्थायी रूप से कहीं और बसाने की बात कर रहे हैं।
संबंधित वीडियो-