फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WEF: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बताई नई सरकार की प्राथमिकता, अरब देशों को तेल की कीमतें कम करने की दी नसीहत

Thu, 23 Jan 2025 10:21 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, दावोस

सार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का स्वर्णिम दौर शुरू हो गया है। हमारा देश जल्दी ही पहले से अधिक मजबूत, एकजुट और संपन्न बनेगा। ट्रंप ने कहा कि  मैं सऊदी अरब, ओपेक से तेल की कीमतें कम करने के लिए कहूंगा। अगर तेल की कीमतें कम हुईं तो रूस-यूक्रेन युद्ध तत्काल समाप्त हो जाएगा।
विज्ञापन
डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक को संबोधित किया। रूस और यूक्रेन का युद्ध रुकवाने को लेकर कई बार बड़े दावे कर चुके ट्रंप ने दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच पर भी अपनी बात दोहराई। उन्होंने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा, 'मैं वास्तव में राष्ट्रपति पुतिन से जल्द ही मिलना चाहता हूं। युद्ध समाप्त करना चाहता हूं।' यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध की समाप्ति के प्रयासों को लेकर ट्रंप ने कहा, वे केवल अर्थव्यवस्था या किसी अन्य चीज़ के दृष्टिकोण से शांति चाहते हैं, ऐसा सोचना सही नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'यह उन लाखों लोगों के दृष्टिकोण से है जो बर्बाद हो रहे हैं। सुंदर, युवा लोगों को युद्ध के मैदान में गोली मारी जा रही है... केवल एक ही चीज गोली को रोक सकती है और वह है मानव शरीर। बीते तीन साल में जो कुछ हुआ है मैंने उसकी तस्वीरें देखी हैं। यह एक नरसंहार है। हमें वास्तव में उस युद्ध को रोकना ही होगा, क्योंकि यह भयानक है।'

विज्ञापन

तेल की कीमतें कम हुईं तो रूस-यूक्रेन युद्ध तत्काल समाप्त हो जाएगा
इससे पहले अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने अपनी नई सरकार की प्राथमिकता बताई। उन्होंने कहा कि अमेरिका का स्वर्णिम दौर शुरू हो गया है। हमारा देश जल्दी ही पहले से अधिक मजबूत, एकजुट और संपन्न बनेगा। ट्रंप ने कहा कि मैं सऊदी अरब और ओपेक से तेल की कीमतें कम करने के लिए कहूंगा। अगर तेल की कीमतें कम हुईं तो रूस-यूक्रेन युद्ध तत्काल समाप्त हो जाएगा।

पूरी दुनिया अधिक शांतिपूर्ण और समृद्ध होगी
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए यहां विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनके प्रशासन ने चार दिनों में वह हासिल कर लिया जो अन्य सरकारें चार साल में भी हासिल नहीं कर सकीं। अब हमारा देश जल्द ही पहले से कहीं ज्यादा मजबूत, समृद्ध और एकजुट होगा। इस अविश्वसनीय गति के परिणामस्वरूप पूरी दुनिया अधिक शांतिपूर्ण और समृद्ध होगी। 
विज्ञापन


बाइडन के कार्यकाल पर बरसे, आर्थिक अराजकता के आरोप
राष्ट्रपति ट्रंप ने निवर्तमान बाइडन प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि मेरा प्रशासन उन आपदाओं को ठीक करने के लिए अभूतपूर्व गति से काम कर रहा है जो हमें पूरी तरह से अयोग्य लोगों से विरासत में मिली हैं। हम देश के सामने आने वाले हर संकट को हल करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत पिछले प्रशासन की विफल नीतियों के कारण पैदा हुई आर्थिक अराजकता से निपटने से होती है। पिछले चार वर्षों में हमारी सरकार ने आठ ट्रिलियन डॉलर का बेकार खर्च किया। साथ ही राष्ट्र को बर्बाद करने वाले ऊर्जा प्रतिबंध, अपंग विनियमन और छिपे हुए कर लगाए जो पहले कभी नहीं थे। इसका परिणाम आधुनिक इतिहास में सबसे खराब मुद्रास्फीति संकट और हमारे नागरिकों और पूरी दुनिया के लिए आसमान छूती ब्याज दरें हैं।

2024 में बीते 129 वर्षों में सबसे महत्वपूर्ण चुनावी जीत मिली
उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास पृथ्वी पर किसी भी देश की तुलना में सबसे अधिक मात्रा में तेल और गैस है और हम इसका उपयोग करने जा रहे हैं। इससे न केवल लगभग सभी वस्तुओं और सेवाओं की लागत कम होगी, बल्कि यह अमेरिका को विनिर्माण महाशक्ति और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और क्रिप्टो की विश्व राजधानी बना देगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी लोगों का ऐसा विशाल जनादेश कई वर्षों में नहीं देखा गया था। कुछ राजनीतिक पंडितों और मेरे कुछ तथाकथित दुश्मनों ने भी कहा कि यह 129 वर्षों में सबसे महत्वपूर्ण चुनावी जीत थी। यह बहुत अच्छी बात है।

जीडीपी का पांच फीसदी रक्षा पर खर्च करें नाटो सदस्य देश
नाटो देशों से अपने रक्षा खर्च को जीडीपी के 5 प्रतिशत तक बढ़ाने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका वैश्विक रक्षा खर्च में अधिक और अनुचित भार वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि नाटो की तुलना में अमेरिका ने 200 बिलियन अमेरिकी डॉलर अधिक खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि यह सालों पहले होना चाहिए था कि नाटो सदस्य देश रक्षा खर्च को जीडीपी के 5 प्रतिशत तक बढ़ाएं। फिलहाल यह सीमा केवल 2 फीसदी है, लेकिन इसके बावजूद अधिकांश देशों ने मेरे आने तक भुगतान नहीं किया। उन्होंने कहा, नाटो को 5 प्रतिशत का भुगतान करना ही होगा। हम यूक्रेन युद्ध में नाटो से 200 बिलियन अमेरिकी डॉलर अधिक खर्च कर रहे हैं।

अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ी कर कटौती; देश के बाहर निर्माण पर टैरिफ का भुगतान
ट्रंप ने व्यापार जगत के नेताओं को अमेरिका में अपने उत्पादों का निर्माण करने के लिए आमंत्रित भी किया। उन्होंने कहा, 'मैं हर नए नियम के लिए 10 पुराने नियमों को समाप्त करने का वादा करता हूं। देश के लोगों की मदद के लिए अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ी कर कटौती की जाएगी।' उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यवसाय अमेरिका में अपने उत्पादों का निर्माण नहीं करता है, तो उसे टैरिफ का भुगतान करना होगा। ट्रंप ने कहा, 'मैं अमेरिका को विनिर्माण क्षेत्र में महाशक्ति तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता और क्रिप्टो की विश्व राजधानी बनाऊंगा।'

24 जनवरी तक चलेगी  बैठक
बता दें कि स्विट्जरलैंड के दावोस में 20 से 24 जनवरी तक विश्व आर्थिक मंच के शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया है। वैश्विक चुनौतियों, आर्थिक परिवर्तनों और स्थिरता लक्ष्यों पर विचार-विमर्श करने के लिए यह एक मंच के रूप में कार्य करता है।
विज्ञापन


संबंधित वीडियो-

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें