अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन और अशरफ गानी की मुलाकात
- फोटो : सोशल मीडिया
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने व्हाइट हाउस में अपने अफगान समकक्ष मोहम्मद अशरफ गनी और उच्च परिषद के अध्यक्ष अब्दुल्ला से मुलाकात की। इस दौरान बाइडेन ने कहा कि "हमारे सैनिक भले ही वहां से लौट रहे हैं, लेकिन अफगानिस्तान के लिए आर्थिक और राजनीतिक समर्थन और सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने कहा- "अफगानों को अपना भविष्य तय करना होगा इसके लिए मूर्खतापूर्ण हिंसा को रोकना होगा।" बता दें कि अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी और सीईओ अब्दुल्ला अमेरिकी दौरे पर हैं। यात्रा पर आए नेताओं ने रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन, सीआईए के निदेशक विलियम बर्न्स और शीर्ष कांग्रेस नेतृत्व समेत बाइडेन प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ मुलाकात की ।
अफगानिस्तान को अमेरिका हर संभव मदद करने को तैयार
अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी के बीच बाइडेन ने कहा कि दोनों नेता इस वक्त मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, फिर भी वे दोनों देशों के बीच एकता बनाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। अफगानिस्तान के लोग अपना भविष्य निर्धारित करने जा रहे हैं कि वे क्या चाहते हैं, लेकिन इससे अमेरिकी मदद में कोई कमी नहीं होगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि बेवजह की हिंसा को रोकना होगा। इसके लिए हम आपके साथ रहेंगे और हर जरूरतों को पूरी करने में हर संभव मदद करेंगे।
राष्ट्रपति गनी ने अमेरिकी सहयोग का किया स्वागत
राष्ट्रपति अशरफ गनी ने कहा कि बाइडेन के नेतृत्व में अफगान द्विपक्षीय संबंधों के नए युग में प्रवेश कर रहा है, जहां ना सिर्फ सैन्य साझेदारी होगी, बल्कि परस्पर हितों के लिए एक दूसरे व्यापक सहयोग करेंगे। हम अमेरिकी मदद के लिए आभार व्यक्त करते हैं। गनी ने कहा, ‘हम अत्यंत प्रसन्न एवं संतुष्ट हैं कि यह साझेदारी हो रही है और दोनों के बीच प्राथमिकताएं तय हो रही है। इससे पहले पेंटागन में रक्षा मंत्री ऑस्टिन ने कहा कि अमेरिका रक्षा मंत्रालय अफगानिस्तान में सुरक्षा एवं स्थिरता के लिए बहुत अधिक प्रयास किए हैं।