अमेरिका के जेएफके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय मूल के सिख टैक्सी ड्राइवर की पगड़ी उछालने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद हसनैन के रूप में हुई है। इस व्यक्ति ने तीन जनवरी को को जेएफके इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक सिख टैक्सी ड्राइवर पर हमला किया और उसकी पकड़ी को उछाला। इतना ही नहीं वहां पर 'पगड़ी वालों अपने देश वापस चले जाओ' के नारे भी लगाए।
न्यूयॉर्क पोर्ट अथॉरिटी और न्यू जर्सी पुलिस ने हसनैन की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस ने बताया कि हसनैन पर थर्ड डिग्री में हमला करने और सेकेंड डिग्री में गंभीर रूप से उत्पीड़न करने के आरोप में कार्यवाई की जा रही है, उसे शनिवार को अदालत में पेश किया गया।
उधर, टैक्सी ड्राइवर ने इस कार्रवाई पर कहा कि वह अपने समुदाय, सिख गठबंधन और अधिकारियों का आभार प्रकट करता है, जिन्होंने इस कठिन समय में उसकी मदद की। आगे कहा कि जो कुछ उसने अनुभव किया है, वह किसी और को न अनुभव करना पड़े।
क्या है पूरा मामला
पूरे मामले का वीडयो भी सामने आया है। वीडियो में तीन जनवरी को जेएफके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टैक्सी चालक पर शारीरिक हमला किया और उसे पीटा भी गया। वीडियो में एक हमलावर सिख टैक्सी चालक को अपशब्द कहता है और उसे घूंसे मारता है। वह उसकी पगड़ी भी उतार देता है।
अमेरिका ने की थी कड़ी निंदा
सिख टैक्सी चालक पर हमले का मामला सामने आने के बाद अमेरिकी विदेश विभाग ने इसकी कड़ी निंदा की थी। अमेरिकी विदेश विभाग के दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो इसे व्यथित करने वाला हमला करार दिया था। कहा था कि वह ऐसी नफरत-आधारित हिंसा की निंदा करता है। दोषी को पकड़ना हमारी जिम्मेदारी है। हमारी विविधता हमें मजबूत बनाती है, ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं होंगी।
पहले भी हो चुके हैं हमले
अमेरिका में यह पहला मौका नहीं है, जब ऐसा हमला हुआ। इससे पहले एक भारतीय मूल के सिख उबर कार ड्राइवर के साथ 2019 में वॉशिंगटन में मारपीट और नस्लीय दुर्व्यवहार किया गया था। इससे पहले 2017 में न्यूयॉर्क में एक 25 वर्षीय सिख कैब ड्राइवर के साथ मारपीट की गई थी। नशे में धुत यात्रियों ने उसकी पगड़ी उतार दी थी।