रॉबर्ट क्रीमो अमेरिकी स्वतंत्रता दिवस परेड का संदिग्ध हमलावर
- फोटो : social media
शिकागो के हाईलैंड पार्क में अमेरिकी स्वतंत्रता दिवस (4 जुलाई) के उपलक्ष्य में आयोजित परेड के दौरान गोलियां बरसाने वाले 22 साल के संदिग्ध हमलावर रॉबर्ट ई क्रीमो तृतीय उर्फ बॉबी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह सफेद रंग की होंडा कार से भागने की फिराक में था। वह गायक (Rapper) है और उसने कई लोकप्रिय गीत गाए हैं।
सोमवार को बॉबी ने हाईलैंड पार्क के समीप एक इमारत की छत से अंधाधुंध गोलियां दागी थीं। इस गोलीबारी में 6 लोगों की मौत हो गई और 57 घायल हो गए थे। अचानक गोलीबारी से परेड मैदान में अफरातफरी मच गई थी। दहशत के मारे लोग भाग खड़े हुए थे।
पुलिस के मुताबिक, परेड स्थल से जान बचाकर निकले कई लोगों ने बताया कि उन्होंने खून से सनी कई लाशें देखी हैं। शिकागो सन-टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, परेड सुबह 10 बजे शुरू हुई थी और इसके मात्र 10 मिनट बाद ही फायरिंग शुरू हो गई थी। अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई ने हाईलैंड पार्क में गोलीबारी को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान रॉबर्ट ई क्रीमो (Robert E Crimo III) उर्फ बॉबी के रूप में की। उससे पूछताछ जारी है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर उसने गोलीबारी क्यों की?
कई घंटों बाद दबोचा गया संदिग्ध हमलावर
संदिग्ध आरोपी रॉबर्ट क्रीमो होंडा कार से भाग रहा था। इस कार पर इलिनॉय प्रांत की नंबर प्लेट लगी थी। संदिग्धों का विवरण रखने वाली एक ऑनलाइन एजेंसी के अनुसार उसका चेहरा पतला और गर्दन पर टैटू हैं। इस पहचान के आधार पर ही उसे दबोचा गया।
अवेक द रैपर मंच से गाए गाने, 2020 में 'इन माई होंडा' से मिली प्रसिद्धि
बॉबी ने 'अवेक द रैपर' मंच से कई गीत गाए हैं। 2016 में उसने 'अवेक द रैपर' नाम से अपना पहला गाना रिलीज किया था। हालांकि, उसे 2011 से ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पहचान मिलने लगी थी। 2020 में उसने 'इन माई होंडा' शीर्षक से एक गाना जारी किया था। यह लोकप्रिय हुआ था।
यूट्यूब, इंस्टाग्राम, ट्विटर ने लगाया बैन
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार क्रीमो पर यूट्यूब, इंस्टाग्राम और ट्विटर ने पाबंदी लगा रखी है। उस पर इन सोशल मीडिया प्लेटफार्म के दिशानिर्देशों के उल्लंघन का आरोप है। उससे संबंधित पेज भी हटा दिए गए हैं। यह भी माना जा रहा है कि क्रीमो 2019 के चुनाव में हारने वाले मेयर प्रत्याशी का बेटा है।