अमेरिका के न्यू जर्सी में विमान हादसा होने की खबर है। दक्षिणी न्यू जर्सी के एयरपोर्ट पर छोटा स्काईडाइविंग विमान रनसे से फिसल गया। विमान एक जंगली इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कम से कम 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक सेसना 208बी मॉडल के विमान में 15 लोग सवार थे।
अमेरिका के न्यू जर्सी में हुए विमान हादसे के संबंध में संघीय विमानन प्रशासन के प्रवक्ता ने बताया कि एक छोटा स्काईडाइविंग विमान उड़ान भरने के दौरान रनवे के अंत में फिसल गया। क्रॉस कीज हवाई अड्डे पर हुए इस हादसे के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि विमान जंगली क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा फिलाडेल्फिया से लगभग 33.8 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में हुआ।
विज्ञापन
दुर्घटनाग्रस्त विमान का हवाई फुटेज भी सामने आया है। विमान के पास मलबे के कई टुकड़े देखे जा सकते हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए दमकल गाड़ियां और अन्य आपातकालीन वाहनों को भी मौके पर भेजा गया। हताहतों को न्यू जर्सी में कूपर यूनिवर्सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक आठ लोगों को कम गंभीर चोटें लगी हैं। इनका आपातकालीन विभाग में इलाज किया जा रहा है।
अस्पताल की प्रवक्ता वेंडी ए. मारानो ने बताया कि चार अन्य मरीजों की चोट 'कम गंभीर' है। डॉक्टर सभी लोगों का मूल्यांकन कर रहे हैं। हालांकि, मारानो ने घायलों को हुई इंजरी की प्रकृति के संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि अस्पताल के ट्रॉमा विभाग में डॉक्टर हादसे में पीड़ित सभी लोगों का इलाज कर रहे हैं।