अमेरिका की ड्रग्स तस्करों पर कड़ी कार्रवाई जारी है। अब अमेरिका ने कथित तौर पर प्रशांत महासागर में आठवीं बार ड्रग ले जा रही नाव पर हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आठवां हमला, दो लोगों की मौत
अमेरिकी सेना ने पूर्वी प्रशांत महासागर के जलक्षेत्र में एक कथित ड्रग ले जा रही नाव पर आठवां हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। यह हमला दक्षिण अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी पर ट्रंप प्रशासन की कार्रवाई के दायरे को बढ़ाता है।
इससे पहले के सात अमेरिकी हमले कैरेबियन सागर में हुए थे, जबकि मंगलवार रात का हमला पहली बार प्रशांत क्षेत्र में किया गया। हेगसेथ ने बताया कि इस हमले के बाद अब तक मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है।
मरने वालों की संख्या कम से कम 34
मंगलवार रात का यह हमला कैरिबियन सागर में जहाजों को निशाना बनाकर किए गए पिछले सात अमेरिकी हमलों से अलग था। हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर कहा कि इस नवीनतम हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जिससे पिछले महीने शुरू हुए हमलों में मरने वालों की संख्या कम से कम 34 हो गई।
यह हमला न केवल नए क्षेत्र में की गई कार्रवाई है, बल्कि यह उस इलाके में हुआ है जहाँ से दुनिया का अधिकांश कोकीन समुद्री मार्ग से तस्करी कर बाहर भेजा जाता है। इसी के साथ रक्षा मंत्री ने इस अभियान को “आतंक के खिलाफ युद्ध” से जोड़ा, जैसा कि 11 सितंबर 2001 के हमलों के बाद अमेरिका ने किया था। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा, "जिस तरह अल-कायदा ने हमारी मातृभूमि पर युद्ध छेड़ा था, उसी तरह ये कार्टेल हमारी सीमा और हमारे लोगों पर युद्ध छेड़ रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "न कोई शरण मिलेगी, न कोई माफी, सिर्फ न्याय मिलेगा।"
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन हमलों को उचित ठहराते हुए कहा है कि अमेरिका “ड्रग कार्टेल्स के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष” में शामिल है। उनके अनुसार ये संगठन “गैरकानूनी लड़ाके हैं, और उन पर वही कानूनी अधिकार लागू होते हैं, जो बुश प्रशासन ने आतंकवादियों के खिलाफ इस्तेमाल किए थे।
हमले का वीडियो भी किया जारी
हेगसेथ ने एक वीडियो भी साझा किया जिसमें एक छोटी नाव दिखाई देती है, जो भूरे रंग के पैकेजों से आधी भरी हुई है। कुछ ही सेकंड बाद नाव में विस्फोट होता है और वह लपटों में घिर जाती है।
अमेरिकी सेना ने बीते कुछ महीनों में कैरेबियन सागर और वेनेजुएला के तट पर अपनी सैन्य उपस्थिति काफी बढ़ा दी है। इससे यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि ट्रंप प्रशासन, वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने की तैयारी कर सकता है। मादुरो पर अमेरिका में मादक पदार्थों के आतंकवाद के आरोप हैं।