अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव हो चुका है और डोनाल्ड ट्रंप दूसरी बात राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं। इस चुनाव के कुछ ही दिन बाद अमेरिकी विदेश विभाग के उप-प्रवक्ता वेदांत पटेल ने भारत और अमेरिका के संबंधों पर प्रतिक्रिया दी। गुरुवार को अमेरिकी विदेश विभाग की ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि आने वाला प्रशासन (ट्रंप सरकार) क्या करेगा, यह भारत के साथ उनके संबंधों पर निर्भर है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन और सचिव एंटनी ब्लिंकन भारत को एक महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में देखते हैं। उन्होंने ट्रंप प्रशासन में अमेरिका और भारत के बीच गहरे संबंधों के अलावा आव्रजन से जुड़े मुद्दे को लेकर भी बात की।
भारत के साथ संबंधों पर निर्भर: वेदांत पटेल
अमेरिकी विदेश विभाग की ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए बाइडन प्रशासन के वेदांत पटेल ने कहा, "आने वाला प्रशासन क्या करेगा या क्या नहीं, यह भारत के साथ उनके संबंधों पर निर्भर करता है। मैं इसे लेकर कुछ नहीं कहूंगा। राष्ट्रपति जो बाइडन और सचिव ब्लिंकन भारत को एक महत्वपूरण भागीदार के रूप में देखते रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "ऐसे कई क्षेत्र हैं, जिनमें पिछले चार वर्षों के दौरान हमने अपने सहयोग को गहरा किया है। जब हिंद-प्रशांत और वैश्विक क्षेत्रीय स्थिरता की बात आती है तो भारत हमारा महत्वपूर्ण भागीदार रहेगा। हम राष्ट्रपति जो बाइडन के चार साल के कार्यकाल के दौरान इस सहयोग को आगे बढ़ाने में सक्षम होने के लिए आभारी हैं।"
भारत के साथ अमेरिका के संबंधों पर बात करने के अलावा वेदांत पटेल ने आव्रजन मुद्दे पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा, "आव्रजन के मुद्दे को लेकर यह जान लें कि यह दुनिया भर के लोगों के लिए कितना महत्वपूर्ण है। यह एक ऐसा मुद्दा है, जिसे हम अविश्वसनीय रूप से गंभीरता से लेते हैं। हम इस पर काम करना जारी रखेंगे और ऐसे तरीके ढूंढेंगे जिनसे हम प्रक्रियाओं में सुधार कर सकें।"
राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत
बता दें कि अमेरिका में इसी महीने राष्ट्रपति चुनाव हुआ। छह नवंबर को सामने आए चुनाव परिणाम में रिपब्लिकन प्रत्याशी ट्रंप को शानदार जीत मिली। कुल 538 में बहुमत के लिए 270 या इससे अधिक वोट जरूरी होते हैं। ट्रंप को 301 इलेक्टोरल कॉलेज वोट मिले हैं। डेमोक्रेट प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस को 226 वोट मिले। मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक लगभग 93 फीसदी वोट गिने जा चुके हैं। वोट प्रतिशत के मामले में ट्रंप को 50.6% वोट मिले हैं। कमला हैरिस को 47.9% वोट मिले हैं।
संबंधित वीडियो