साल 2019 में अमेरिका और मेक्सिको के बीच एक समझौता हुआ था कि मेक्सिको टमाटर को एक तय न्यूनतम कीमत पर ही बेचेगा, जिससे अमेरिकी किसानों को नुकसान न हो। इस समझौते की समय-समय पर समीक्षा होती रही और टैक्स नहीं लगाया जाता रहा। लेकिन वाणिज्य विभाग को अमेरिकी किसानों के नुकसान में होने की कई शिकायतें मिलीं, जिसके चलते अब अमेरिका ने मेक्सिको से आने वाले ताजा टमाटर पर 17 फीसदी आयात शुल्क लगाने का फैसला किया।
अमेरिकी सरकार ने सोमवार (स्थानीय समयानुसार) को कहा कि वह अब मेक्सिको से आने वाले ज्यादातर ताजा टमाटरों पर 17 फीसदी आयात शुल्क लगा रही है। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि अमेरिका और मेक्सिको के बीच शुल्क हटाने पर कोई समझौता नहीं हो पाया है।
विज्ञापन
शुल्क लगाने का समर्थन करने वाले लोगों का कहना है कि आयात शुल्क से सिकुड़ते अमेरिकी टमाटर उद्योग को फिर से खड़ा करने में मदद मिलेगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित होगा कि अमेरिका में खाया जाने वाला टमाटर भी वहीं उगाया जाए। फ्लोरिडा टोमेटो एक्सचेंज के अनुसार, मेक्सिको वर्तमान में अमेरिकी टमाटर बाजार का लगभग 70 फीसदी आपूर्ति करता है, जबकि 20 साल पहले मेक्सिको से केवल 30 फीसदी ही टमाटर की आपूर्ति होती थी।
अमेरिकी कंपनियां समेत कुछ लोग कर रहे विरोध
मेक्सिको में टमाटर उगाने वाली अमेरिकी कंपनियों समेत कुछ लोग टमाटर पर आयात शुल्क लगाने का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि आयात शुल्क लगाने से टमाटर और महंगे हो जाएंगे और अमेरिकी खरीदारों को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी।
2019 में अमेरिका और मेक्सिको के बीच हुआ था समझौता
दरअसल, साल 2019 में अमेरिका और मेक्सिको के बीच एक समझौता हुआ था कि मेक्सिको टमाटर को एक तय न्यूनतम कीमत पर ही बेचेगा, जिससे अमेरिकी किसानों को नुकसान न हो। इस समझौते की समय-समय पर समीक्षा होती रही और टैक्स नहीं लगाया जाता रहा। अमेरिका के वाणिज्य विभाग ने अप्रैल के अंत में कहा था कि उन्हें बहुत सारी शिकायतें मिलीं कि अमेरिकी किसान अब भी नुकसान में हैं, इसलिए उन्होंने पुराने समझौते से हटने का फैसला किया।
यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स समेत कई संगठन कर रहे फैसले का विरोध
यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स और नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन समेत अन्य संगठनों ने इस फैसले का विरोध किया है। उन्होंने वाणिज्य विभाग से मेक्सिको के साथ एक समझौता करने की अपील की और पिछले सप्ताह वाणिज्य विभाग सचिव हॉवर्ड लुटनिक को एक चिट्ठी लिखी, जिसमें उन्होंने कहा कि इस फैसले से अमेरिका में काम करने वाले 50,000 लोगों की नौकरी और 8.3 अरब डॉलर की आमदनी को खतरा हो सकता है। उन्होंने चिट्ठी में यह भी चिंता जताई कि इस शुल्क की वजह से मेक्सिको भी अमेरिका के अन्य सामानों पर टैक्स लगा सकता है, जिससे व्यापार और आम लोगों को नुकसान होगा।