अमेरिका में गोलीबारी में लोगों की जान लेने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। अबकी बार वाशिंगटन का रेंटन शहर गोली की आवाजों से गूंज उठा। स्थानीय पुलिस ने बताया कि रेंटन शहर के सिएटल इलाके में शनिवार को गोलीबारी की गंभीर घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।
एक से अधिक लोगों ने चलाईं गोलियां
रेंटन पुलिस प्रवक्ता सैंड्रा हैवलिक ने कहा कि स्थानीय समयानुसार रात एक बजे से पहले रेंटन शहर में गोलीबारी हुई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और आपातकालीन कर्मियों ने घटनास्थल पर ही अन्य लोगों का इलाज किया। पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि शूटिंग एक बड़ी सभा के बाहर विवाद से हुई थी, जिसके कारण संभवतः एक से अधिक लोगों ने गोलियां चलाईं।
अमेरिका में 302 सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं
गन वायलेंस आर्काइव के अनुसार, इस साल पूरे अमेरिका में 302 सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं। रेंटन लगभग 106, 000 लोगों का शहर है, जो सिएटल शहर के दक्षिण-पूर्व में है। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब अमेरिका बंदूक से जुड़ा कानून लाने के बारे में सोच रहा है। साथ राष्ट्रपति बाइडन भी कई बार कानून के बारे में जिक्र कर चुके हैं।
वहीं संयुक्त राज्य अमेरिका में बंदूक हिंसा की बढ़ती घटनाओं के साथ, राष्ट्रपति जो बिडेन ने कहा था कि बच्चों और परिवारों की सुरक्षा के लिए अमेरिका को हथियारों पर प्रतिबंध लगाने या उन्हें खरीदने के लिए उम्र 18 से बढ़ाकर 21 करने की आवश्यकता है।
स्वतंत्रता दिवस पर चली थीं गोलियां
स्वतंत्रता दिवस पर फ्रीडम मार्च के दौरान शिकागो में फायरिंग हुई थी। फ्रीडम परेड निकलते वक्त अचानक गोलियां चलने लगीं। परेड में फायरिंग के बाद अफरा-तफरी मच गई। घटना में छह लोगों की मौत और 24 घायल हो गए थे। हमलावर ने छत से गोलियां बरसाई थीं। हमलावर की पहचान 22 वर्षीय रॉबर्ट बॉबी ई क्रीमो के रूप में हुई थी।