फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेरिका: ग्रैंड कैन्यन में अचानक आई बाढ़, 15 लोग लापता; 62 को सुरक्षित निकाला, वीडियो में दिखी तबाही

Mon, 31 Aug 2026 08:17 AM IST
Devesh Tripathi वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, कोलोराडो

सार

अमेरिका के ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में तेज बारिश के बाद आई अचानक बाढ़ ने लोकप्रिय पर्यटन और पैदल यात्रा वाले इलाकों को प्रभावित किया है। ब्राइट एंजेल क्रीक में बढ़े पानी के साथ भारी मलबा बहने से कई पैदल पुल क्षतिग्रस्त हुए और इलाके का प्राकृतिक स्वरूप बदल गया। अधिकारियों के मुताबिक 20 से अधिक लोगों के लापता होने की जानकारी है, जबकि फैंटम रैंच से 62 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
विज्ञापन
ग्रैंड कैन्यन में तेज बारिश बनी आफत - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका के ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में अचानक आई बाढ़ के बाद करीब 15 लोगों के लापता होने की खबर है। अचानक आई बाढ़ ने ब्राइट एंजेल कैन्यन और फैंटम रैंच इलाके को प्रभावित किया। नेशनल पार्क सर्विस के अनुसार, बाढ़ अपने साथ बड़े पत्थर, धातु के ढांचे और अन्य मलबा बहाकर कोलोराडो नदी में ले गई।
विज्ञापन


नेशनल पार्क सर्विस ने बताया कि वह प्रभावित इलाके से लोगों को निकालने और वहां मौजूद लोगों का पता लगाने के लिए एरिजोना के अधिकारियों के साथ काम कर रही है। एजेंसी ने लापता लोगों या इलाके में मौजूद पैदल यात्रियों के बारे में किसी भी जानकारी की अपील की है।

बाढ़ ने बहाए कई पुल, इलाके का बदला नजारा 
शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे ब्राइट एंजेल क्रीक में अचानक बाढ़ शुरू हुई। यह नाला आगे जाकर कोलोराडो नदी में मिलता है। तेज बहाव ने नाले पर बने पैदल पुलों को बहा दिया और इलाके का स्वरूप काफी बदल गया। इलाके के वीडियो में नाले का तल पहले की तुलना में चौड़ा दिखाई दे रहा है। इसके अलावा वहां नदी के तेज बहाव वाला एक नया हिस्सा भी बनता नजर आ रहा है।
यूटा स्टेट यूनिवर्सिटी में सेंटर फॉर कोलोराडो रिवर स्टडीज के निदेशक जैक श्मिट ने कहा, "यह याद दिलाता है कि ग्रैंड कैन्यन कितना गतिशील और सक्रिय भू-दृश्य है।"

एंजेल क्रीक में कैसे आई बाढ़?
बाढ़ से बची एरिका वियोला ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि शनिवार दोपहर बारिश शुरू होने के समय वह ब्राइट एंजेल कैंपग्राउंड में थीं। उनके साथ करीब 50 अन्य पैदल यात्रियों ने नाले का जलस्तर बढ़ते देखा। इसके बाद मलबा बहना शुरू हो गया, जिसमें एक इमारत का हिस्सा भी नजर आया।

उन्होंने बताया कि समूह को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस वजह से उनका अभियान तय समय से दो दिन पहले ही खत्म हो गया। फ्लैगस्टाफ में राष्ट्रीय मौसम सेवा के मौसम विज्ञानी जस्टिन जॉन्ड्रो के अनुसार, चट्टानी इलाके में करीब 30 मिनट के भीतर आधा इंच से एक इंच तक बारिश हुई। इस इलाके में जमीन काफी ऊंचाई से नीचे की ओर जाती है। जॉन्ड्रो ने कहा, "इसका ज्यादातर पानी तुरंत बह गया।"

उन्होंने बताया कि बाढ़ ग्रैंड कैन्यन के उत्तरी हिस्से में आई, जहां ब्राइट एंजेल क्रीक नॉर्थ रिम से नीचे उतरकर कोलोराडो नदी में मिलती है। इस दौरान करीब 6,000 फीट यानी 1,828 मीटर की ऊंचाई का अंतर आता है।

बाढ़ग्रस्त इलाके से सुरक्षित निकाले गए 62 लोग
रविवार सुबह तक फैंटम रैंच से 62 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका था। फैंटम रैंच में ऐतिहासिक कैंटीन और रहने के लिए कमरे हैं। यह कोलोराडो नदी में राफ्टिंग करने वालों के लिए नदी में उतरने और बाहर निकलने की आम जगह भी है। नेशनल पार्क सर्विस ने बताया कि अन्य लोगों को भी वहां से निकालने की तैयारी थी। अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

एजेंसी ने चेतावनी दी है कि सोमवार तक और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे "अचानक बाढ़, मलबे का बहाव, चट्टानें गिरने और पगडंडियों तथा नदी की स्थिति में बदलाव" का खतरा बढ़ सकता है। रविवार को ब्राइट एंजेल कैंपग्राउंड, फैंटम रैंच और नॉर्थ कैबाब ट्रेल के कुछ हिस्से बंद रहे। पार्क अधिकारियों ने नुकसान का जायजा लेने का काम शुरू कर दिया है। कोलोराडो नदी में राफ्टिंग यात्राएं भी फिलहाल रोक दी गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें